अर्थतंत्र की खबरें: सोने की चमक बढ़ी, चांदी का दाम फिर 2.63 लाख रुपए प्रति किलो के पार और शेयर बाजार बमबम
सोने का दाम 1.51 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत 2.63 लाख रुपए प्रति किलो के पार पहुंच गई है।

सोने और चांदी की कीमतों में बुधवार को फिर से तेजी देखने को मिली है। इससे सोने का दाम 1.51 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत 2.63 लाख रुपए प्रति किलो के पार पहुंच गई है।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, 24 कैरेट सोने का दाम 2,783 रुपए बढ़कर 1,51,529 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है, जो कि पहले 1,48,746 रुपए प्रति 10 ग्राम था।
22 कैरेट सोने की कीमत 1,36,251 रुपए प्रति 10 ग्राम से बढ़कर 1,38,801 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है। 18 कैरेट सोने का दाम 1,11,560 रुपए प्रति 10 ग्राम से बढ़कर 1,13,647 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है।
वहीं, चांदी की कीमत 4,465 रुपए बढ़कर 2,63,965 रुपए प्रति किलो हो गई है, जो कि पहले 2,59,500 रुपए प्रति किलो थी।
हाल के दिनों में सोने और चांदी में बड़ी तेजी देखी गई थी। इस दौरान हाजिर बाजार में सोने ने 1,76,121 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी ने 3,85,933 रुपए प्रति किलो का ऑल टाइम हाई बनाया था।
अमेरिका-भारत ट्रेड डील के बाद झूमा शेयर बाजार; सेंसेक्स 2,073 अंक उछला
अमेरिका-भारत ट्रेड डील के चलते भारतीय शेयर बाजार मंगलवार के कारोबारी सत्र में हरे निशान में बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 2,072.67 अंक या 2.54 प्रतिशत की तेजी के साथ 83,739.13 और निफ्टी 639.15 अंक या 2.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,727.55 पर बंद हुआ।
बाजार को ऊपर खींचने का काम रियल्टी और वित्तीय शेयरों ने किया। इसके चलते मुख्य सूचकांकों में निफ्टी रियल्टी (4.79 प्रतिशत) और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज (3.27 प्रतिशत) की तेजी के साथ टॉप गेनर्स थे। इसके साथ निफ्टी हेल्थकेयर (3.16 प्रतिशत), निफ्टी इन्फ्रा (3.03 प्रतिशत), निफ्टी फार्मा (3.02 प्रतिशत), निफ्टी एनर्जी (3.02 प्रतिशत), निफ्टी ऑटो (2.81 प्रतिशत) और निफ्टी मेटल (2.87 प्रतिशत) की तेजी के साथ बंद हुआ।
सेंसेक्स पैक में 30 में से 28 शेयर हरे निशान में बंद हुए। अदाणी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, इंडिगो, पावर ग्रिड, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व, एसबीआई, एलएंडटी, एक्सिस बैंक, टाइटन, आईसीआईसीआई बैंक, मारुति सुजुकी, ट्रेंट, इटरनल, एनटीपीसी, टाटा स्टील, एचडीएफीस बैंक और एमएंडएम टॉप गेनर्स थे। बीईएल और टेक महिंद्रा टॉप लूजर्स थे।
लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी मजबूत खरीदारी देखने को मिली है। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 1,639.50 अंक या 2.84 प्रतिशत की तेजी के साथ 59,307.10 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 465.60 अंक या 2.82 प्रतिशत की तेजी के साथ 16,988.95 पर था।
मार्केट एक्सपर्ट सुनील शाह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील से घरेलू अर्थव्यवस्था और पूंजीगत बाजारों के लिए सकारात्मक माहौल बना है। इससे लंबी अवधि में भारत को तेज विकास दर हासिल करने में मदद मिलेगी।
शाह ने आगे बताया कि इस डील से भारत के कपड़ा, रत्न एवं आभूषण, और अन्य क्षेत्रों को काफी फायदा होगा।
रुपया 122 पैसे की छलांग के साथ 90.27 प्रति डॉलर पर
भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति बनने के बाद भारतीय रुपया मंगलवार को सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली एशियाई मुद्रा के रूप में उभरा, जिसने एक कारोबारी सत्र में 122 पैसे या 1.33 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की। अंत में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.27 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते होने के बाद भारतीय रुपया ढाई सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया और इसमें लगभग 1.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
घरेलू शेयर बाजार में भी लगभग 2.75 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसके अलावा, कच्चे तेल की कीमतों में कमजोरी और अपेक्षित विदेशी प्रवाह ने भी निवेशकों की धारणा को बढ़ावा दिया।
भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए हैं। इसके तहत अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर जवाबी शुल्क को घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा, जो चीन, बांग्लादेश और वियतनाम जैसे देशों की तुलना में कम है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 90.30 पर खुला। कारोबार के दौरान यह 90.05 (उच्चतम) और 90.52 (न्यूनतम) के दायरे में घूमने के बाद अंत में 90.27 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। सोमवार को रुपया 44 पैसे बढ़कर 91.49 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
मंगलवार के कारोबार सत्र के अंत में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.27 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद के मुकाबले 122 पैसे की बढ़त है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia