अर्थतंत्र की खबरें: सेंसेक्स में चार महीने से अधिक की सबसे बड़ी गिरावट, लेकिन सोने-चांदी में लौटी तेजी

विश्लेषकों के मुताबिक, बैंकों, वित्तीय और धातु कंपनियों के शेयरों में बिकवाली तथा हाल की तेजी के बाद निवेशकों के मुनाफावसूली करने से बाजार में गिरावट आई।

फोटोः सोशल मीडिया
i

दो दिन की तेजी के बाद मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में भारी मुनाफावसूली से गिरावट आई और सेंसेक्स 1,484 अंक से अधिक टूटकर चार महीने से ज्यादा समय की सबसे बड़ी एकदिवसीय गिरावट के साथ बंद हुआ जबकि निफ्टी 25,350 अंक के नीचे आ गया।

विश्लेषकों के मुताबिक, बैंकों, वित्तीय और धातु कंपनियों के शेयरों में बिकवाली तथा हाल की तेजी के बाद निवेशकों के मुनाफावसूली करने से बाजार में गिरावट आई। अमेरिकी और एशियाई प्रौद्योगिकी शेयरों समेत वैश्विक बाजारों में तेज बिकवाली से घरेलू बाजार की धारणा प्रभावित हुई।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती बढ़त गंवाने के बाद 1,483.72 अंक यानी 1.77 प्रतिशत टूटकर 82,435.99 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,523.83 अंक यानी 1.81 प्रतिशत गिरकर 82,395.88 अंक पर आ गया था।

इसी तरह, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 450.95 अंक यानी 1.75 प्रतिशत गिरकर 25,349.65 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी में भी इस साल आठ जुलाई के बाद एक सत्र की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई।

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में टाटा स्टील का शेयर सबसे अधिक 8.16 प्रतिशत गिरा। कंपनी ने एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड में प्रवर्तकों की 26.6 प्रतिशत हिस्सेदारी 15,510 करोड़ रुपये में खरीदने का समझौता किया है। इसके अलावा, उसने कंपनी में 26 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदने के लिए 16,756 करोड़ रुपये का खुला प्रस्ताव लाने की भी योजना बनाई है।

इसके अलावा एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में भी 2.52 प्रतिशत से लेकर 3.95 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई।

दूसरी तरफ, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, टाइटन, आईटीसी और इन्फोसिस के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।

सोने में 10 दिनों से जारी गिरावट थमी, चांदी में भी तेजी

शादिय़ों के मौसम में मांग बढ़ने की उम्मीद और वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच सोमवार को स्थानीय सर्राफा बाजार में सोना 1,500 रुपये उछलकर 1,26,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इसके साथ ही सोने की कीमतों में लगातार 10 कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया।

सर्राफा कारोबारियों के मुताबिक, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना सोमवार को 1,500 रुपये बढ़कर 1,26,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गया। शनिवार को इसका बंद भाव 1,25,300 रुपये प्रति 10 ग्राम था।

चांदी की कीमत भी 2,000 रुपये बढ़कर 1.57 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 1.55 लाख रुपये प्रति किलोग्राम थी।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा कि वैश्विक बाजारों में तेजी और शादी-विवाह के मौजूदा समय में आभूषणों की मांग बढ़ने की उम्मीद से सोने की कीमतों में तेजी आई।

उन्होंने कहा कि हाल की गिरावट से सोने की कीमतें उपभोक्ताओं के लिए अधिक आकर्षक स्तर पर आ गई हैं। शादी का मौसम आगे बढ़ने के साथ मौसमी मांग और बढ़ने की उम्मीद है। पिछले सप्ताह भारत और चीन में भी सोने की भौतिक मांग में सुधार देखा गया, जो कीमतों में गिरावट के बाद उपभोक्ताओं की बढ़ती दिलचस्पी को दर्शाता है।

निवेश मंच मुद्रेक्स के प्रमुख क्वांट विश्लेषक अक्षत सिद्धांत ने कहा कि घरेलू बाजार में कीमतें कम होने से सस्ते भाव पर खरीदारी करने वाले निवेशकों और उपभोक्ताओं ने एक बार फिर भौतिक सोने की खरीदारी का रुख किया है। इसके अलावा, डॉलर के मुकाबले रुपये में मामूली कमजोरी से भी कीमतों को समर्थन मिला।


रुपये की तेजी पर लगा विराम, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 30 पैसे टूटकर 92.92 पर बंद

घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली के बीच सोमवार को रुपये की पांच दिन से जारी तेजी थम गई और यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 30 पैसे लुढ़ककर 92.92 (अस्थायी) पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और अमेरिकी मुद्रा की कमजोरी भी स्थानीय मुद्रा को सहारा देने में नाकाम रही। वैश्विक शेयर बाजारों में आई बड़ी गिरावट के चलते रुपये को दबाव का सामना करना पड़ा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.47 पर खुला और शुरुआती कारोबार में 92.43 के स्तर तक चढ़ गया। हालांकि, बाद में इसने अपनी बढ़त गंवा दी और दिन के निचले स्तर 93.11 तक लुढ़कने के बाद अंत में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अपने पिछले बंद भाव से 30 पैसे टूटकर 92.92 (अस्थायी) पर बंद हुआ।

रुपया शुक्रवार को लगातार पांचवें सत्र में मजबूत हुआ था और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 70 पैसे की बढ़त के साथ 92.62 पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों में तेज गिरावट के चलते रुपये ने सुबह की बढ़त गंवा दी। हालांकि, अमेरिकी डॉलर में नरमी और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में गिरावट ने रुपये की बड़ी गिरावट को कुछ हद तक थामे रखा।

चौधरी ने कहा, ''डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 92.70 रुपये से 93.30 के दायरे में रहने का अनुमान है।''

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 103.69 पर रहा।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.53 प्रतिशत गिरकर 92.08 डॉलर प्रति बैरल पर था।

नोएल टाटा की मांग के बाद टाटा संस ने बोर्ड बैठक टाली, नई तारीख पर अभी फैसला नहीं

टाटा संस ने कथित तौर पर 26 नवंबर को होने वाली अपनी बोर्ड बैठक स्थगित कर दी है। इसकी वजह नोएल टाटा की ओर से बैठक के एजेंडे पर आगे बढ़ने से पहले नियमानुसार एक सप्ताह का नोटिस देने की मांग है।

एनडीटीवी प्रॉफिट की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी अब बैठक की नई तारीख तय करेगी, क्योंकि एक सप्ताह पहले नोटिस देने का अनुरोध कंपनी अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप है।

यह बोर्ड बैठक ऐसे समय में होने वाली थी, जब कंपनी भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की उस मांग पर जवाब देने की तैयारी कर रही है, जिसमें उसने ऊपरी स्तर की गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) पर लागू लिस्टिंग संबंधी नियमों का पालन करने को कहा है। नोएल टाटा का तर्क है कि कंपनी को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के मुद्दे पर फैसला लेने से पहले एक वैकल्पिक प्रस्ताव पर विचार करना चाहिए, जिससे उसे लिस्टिंग से बचने में मदद मिल सकती है।

उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि बैठक का एजेंडा और संबंधित दस्तावेज केवल 22 नवंबर को अपलोड किए गए, जिससे निदेशकों को 26 नवंबर को प्रस्तावित बैठक से पहले उनकी समीक्षा करने के लिए महज चार दिन मिले।

उन्होंने कथित तौर पर यह भी कहा कि टाटा संस की परंपरा रही है कि बोर्ड बैठक के दस्तावेज कम से कम सात दिन पहले साझा किए जाते हैं। उन्होंने कंपनी की निर्धारित सचिवीय मानकों का पालन करने की प्रतिबद्धता का भी हवाला दिया।

कॉरपोरेट गवर्नेंस विशेषज्ञ कृष्णा अय्यर ने एनडीटीवी को बताया, "यह देरी महत्वपूर्ण है, क्योंकि बैठक के एजेंडे में टाटा संस की भविष्य की संरचना से जुड़े अहम फैसले शामिल हैं। नोएल टाटा का कहना है कि लिस्टिंग के मुद्दे पर बोर्ड के फैसले से पहले उनके वैकल्पिक पुनर्गठन प्रस्ताव पर उचित विचार किया जाना चाहिए।"

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए