अर्थतंत्र की खबरें: वैश्विक रुख से चांदी-सोना के दामों में गिरावट और हवाई टिकट रद्द करने के चार्ज में बदलाव
सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को चांदी की कीमत 7,400 रुपये घटकर 2.70 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि सोना 1,300 रुपये के नुकसान के साथ 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।

कमजोर वैश्विक रुख और कारोबारियों की मुनाफावसूली के कारण राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को चांदी की कीमत 7,400 रुपये घटकर 2.70 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि सोना 1,300 रुपये के नुकसान के साथ 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी 7,400 रुपये या लगभग तीन प्रतिशत घटकर 2,70,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रह गई। इसका पिछला बंद स्तर 2,77,900 रुपये प्रति किलोग्राम था।
99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,300 रुपये या लगभग एक प्रतिशत घटकर 1,62,900 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर मिलाकर) रह गया। पिछले बाजार सत्र में यह 1,64,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
कारोबारियों ने कहा कि यह गिरावट मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी के रुख और सप्ताह की शुरुआत में कीमतों के तीन हफ्ते के उच्च स्तर पर पहुंचने के बाद हल्की मुनाफावसूली की वजह से हुई। मजबूत डॉलर ने सर्राफा में निवेश की दिलचस्पी को और कम कर दिया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर चांदी 1.91 डॉलर या 2.15 प्रतिशत टूटकर 87.28 डॉलर प्रति औंस रह गई, जबकि सोना थोड़ी बढ़त के साथ 5,176.21 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।
रुपया एक पैसे की मामूली गिरावट के साथ 90.92 प्रति डॉलर पर
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बृहस्पतिवार को डॉलर के मुकाबले रुपया एक पैसे टूटकर 90.92 (अस्थायी) पर बंद हुआ। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और दुनिया की प्रमुख प्रतिस्पर्धी मुद्राओं की तुलना में डॉलर के मजबूत होने से रुपये पर दबाव रहा।
विदेशीमुद्रा कारोबारियों ने कहा कि हालांकि, विदेशी कोषों का निवेश बढ़ने से रुपये को समर्थन मिला और गिरावट पर अंकुश लग गया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, डॉलर के मुकाबले रुपया 90.86 पर खुला और कारोबार के दौरान 90.81-90.93 के सीमित दायरे में कारोबार करने के बाद अंत में 90.92 (अस्थायी) पर बंद हुआ। यह पिछले बंद भाव के मुकाबले एक पैसे की गिरावट है।
बुधवार को रुपया सीमित दायरे में रहा और डॉलर के मुकाबले चार पैसे की बढ़त के साथ 90.91 पर बंद हुआ।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक, अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि अमेरिका और ईरान के बीच भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने का जोखिम और व्यापार शुल्क की अनिश्चितता के बीच रुपया नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। अमेरिका और ईरान के बीच जिनेवा में बातचीत होने की संभावना है, और बाजार बैठक के नतीजे पर नजर रखेंगा। कारोबारी अमेरिका से आने वाले साप्ताहिक बेरोजगारी दावे के आंकड़ों से भी संकेत ले सकते हैं।’’
भारतीय शेयर बाजार सपाट बंद, डिफेंस स्टॉक्स उछले
भारतीय शेयर बाजार गुरुवार के कारोबारी सत्र में सपाट बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 27.46 अंक की मामूली गिरावट के साथ 82,248.61 और निफ्टी 14 .05 अंक की मामूली तेजी के साथ 25,496.55 पर बंद हुआ।
बाजार को संभालने का काम डिफेंस और हेल्थकेयर शेयरों ने किया। निफ्टी इंडिया डिफेंस 1.48 प्रतिशत और निफ्टी हेल्थकेयर 1.24 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। इसके अलावा, निफ्टी फार्मा 1.08 प्रतिशत, निफ्टी पीएसयू बैंक 0.95 प्रतिशत, निफ्टी ऑयलएंडगैस 0.87 प्रतिशत, निफ्टी ऑटो 0.80 प्रतिशत, निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग 0.78 प्रतिशत, निफ्टी मेटल 0.39 प्रतिशत और निफ्टी इन्फ्रा 0.32 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ।
निफ्टी मीडिया 0.68 प्रतिशत, निफ्टी एफएमसीजी 0.16 प्रतिशत, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 0.11 प्रतिशत और निफ्टी सर्विसेज 0.06 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ।
लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी मिलाजुला कारोबार हुआ। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 392.05 अंक या 0.66 प्रतिशत की तेजी के साथ 59,798.15 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स एक अंक की मामूली कमजोरी के साथ 17,117.65 पर था।
सेंसेक्स पैक में बीईएल, अदाणी पोर्ट्स, सनफार्मा, मारुति सुजुकी, भारती एयरटेल, एसबीआई, टीसीएस, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक, एचयूएल, टाइटन और टेक महिंद्रा गेनर्स थे। ट्रेंट, इटरनल, पावरग्रिड, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, आईटीसी, बजाज फिनसर्व, टीएंडटी, एचसीएल टेक और एमएंडएम लूजर्स थे।
यात्रियों के लिए बड़ी राहत, डीजीसीए ने फ्री में टिकट रद्द करने के लिए दी 48 घंटों की विंडो; रिफंड नियमों में भी किया बदलाव
नागर विमानन महानिदेशक (डीजीसीए) ने टिकट बुकिंग से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव किया है। नियामक द्वारा एक 48 घंटों की फ्री विंडो दी गई है, जिसमें यात्री टिकट बुकिंग करने के बाद बिना किसी शुल्क के रद्द या फिर बिना कोई अतिरिक्त चार्ज दिए बदलाव कर सकते हैं।
डीजीसीए ने बयान में कहा, "यात्री टिकट बुक करने के 48 घंटों के अंदर बिना किसी शुल्क के उसे रद्द कर सकते हैं या फिर उसमें बदलाव कर सकते हैं।"
हालांकि, यदि टिकट किसी अन्य उड़ान के लिए बदला जाता है, तो यात्रियों को किराए में अंतर (यदि कोई हो) का भुगतान करना होगा। यह सुविधा घरेलू उड़ानों के लिए प्रस्थान तिथि से कम से कम सात दिन और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए 15 दिन शेष रहने पर ही लागू होगी।
डीजीसीए ने स्पष्ट किया है कि बुकिंग के 48 घंटे बीत जाने के बाद सामान्य रद्दीकरण शुल्क लागू होंगे। संशोधित नियम 24 फरवरी को जारी किए गए थे और 26 मार्च, 2026 से प्रभावी होंगे।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia