अर्थतंत्र की खबरें: मुनाफावसूली के दबाव में शेयर बाजार गिरा और सोने में लगातार सातवें दिन गिरावट, चांदी भी लुढ़की
विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की सख्त टिप्पणियों से ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की आशंका मजबूत हुई है। इससे डॉलर मजबूत हुआ और ब्याज आय नहीं देने वाली सोने जैसी संपत्तियों पर दबाव पड़ा। वैश्विक जिंस कीमतों में भी कमजोरी आई।’’

वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख और घरेलू स्तर पर मुनाफावसूली के दबाव में स्थानीय शेयर बाजार दो कारोबारी सत्रों की तेजी के बाद बुधवार को नुकसान के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 500 अंक से अधिक टूट गया, जबकि निफ्टी 25,230 अंक के नीचे आ गया।
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 500.38 अंक यानी 0.61 प्रतिशत गिरकर 82,031.81 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 751.72 अंक यानी 0.91 प्रतिशत तक गिरकर 81,780.47 अंक पर आ गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 159.45 अंक यानी 0.63 प्रतिशत गिरकर 25,227.95 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में टाइटन में सबसे ज्यादा 4.82 प्रतिशत का नुकसान रहा। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में 2.49 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस में 2.45 प्रतिशत, इटर्नल में 2.45 प्रतिशत, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) में 1.97 प्रतिशत और इन्फोसिस में 1.86 प्रतिशत की गिरावट रही।
इसके उलट, भारतीय स्टेट बैंक, आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट और पावर ग्रिड के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की सख्त टिप्पणियों से ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की आशंका मजबूत हुई है। इससे डॉलर मजबूत हुआ और ब्याज आय नहीं देने वाली सोने जैसी संपत्तियों पर दबाव पड़ा। वैश्विक जिंस कीमतों में भी कमजोरी आई।’’
नायर ने कहा कि घरेलू स्तर पर हाल के उच्च स्तर के आसपास निवेशकों ने मुनाफावसूली की। ऊंचे बॉन्ड प्रतिफल से शेयरों के मूल्यांकन पर दबाव पड़ा। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और विदेशी निवेशकों के निवेश से रुपये को समर्थन मिला। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.26 प्रतिशत गिरकर 91.97 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
इस महीने 17 नवंबर तक सेंसेक्स में करीब 11 प्रतिशत और निफ्टी में 10 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई थी। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 4,195.38 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।
सोने में लगातार सातवें दिन गिरावट, चांदी भी 5,000 रुपये लुढ़की
राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमत लगातार सातवें दिन गिरावट के साथ 2,800 रुपये टूटकर 1,35,800 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। वैश्विक बाजारों में लगातार बिकवाली के बीच कीमतों में गिरावट आई।
स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, मंगलवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,38,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
चांदी की कीमत भी दबाव में रही और 5,000 रुपये टूटकर 1,64,500 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। मंगलवार को इसका भाव 1,69,500 रुपये प्रति किलोग्राम था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘बुधवार को घरेलू कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट जारी रही और वे पिछले साल दिसंबर के बाद के सबसे निचले स्तर पर आ गईं। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारी बिकवाली से निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित हुई।’’
उन्होंने कहा कि अमेरिकी बाजारों में कमजोरी ने बिकवाली को और तेज कर दिया, जिससे कीमती धातुओं में मार्जिन संबंधी जरूरतों के चलते बिकवाली हुई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 78.71 डॉलर यानी 2.04 प्रतिशत टूटकर 3,770.54 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी की कीमत तीन प्रतिशत से अधिक गिरकर 45.86 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।
रुपया सात पैसे मजबूत होकर 93.44 प्रति डॉलर पर
रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सात पैसे मजबूत होकर 93.44 (अस्थायी) पर रहा। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से रुपये को समर्थन मिला।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच नए भू-राजनीतिक तनाव से वैश्विक बाजारों में जोखिम लेने की धारणा कमजोर हुई और डॉलर मजबूत हुआ, जिससे रुपये ने सुबह की बढ़त गंवा दी।
हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट ने भारतीय मुद्रा को सहारा दिया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 93.47 पर खुला। कारोबार के दौरान यह 93.25 के उच्चतम और 93.57 के निम्नतम स्तर तक पहुंचा। अंत में रुपया 93.44 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से सात पैसे अधिक है।
रुपया मंगलवार को 43 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सात महीने के उच्च स्तर 93.51 पर बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, "घरेलू बाजारों में ऊंचे स्तर से गिरावट और डॉलर की मजबूती के कारण रुपये ने सुबह की बढ़त गंवा दी। फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की आक्रामक टिप्पणियों और अमेरिका-ईरान के बीच नए भू-राजनीतिक तनाव के कारण डॉलर 19 महीने के नए उच्च स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट ने रुपये की गिरावट को सीमित किया।"
उन्होंने कहा कि वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति, अमेरिका-ईरान के बीच नए तनाव और डॉलर की मजबूती के कारण रुपये में मामूली कमजोरी रहने की संभावना है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीद भी रुपये पर दबाव डाल सकती है। हालांकि, वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में कमजोरी से आयात खर्च घटने के कारण रुपये को समर्थन मिल सकता है। कारोबारियों की नजर अमेरिका के आवास बाजार से जुड़े आंकड़ों पर रहेगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
