अर्थतंत्र की खबरें: लगातार तीसरे दिन फिसला शेयर बाजार, सेंसेक्स 460 अंक टूटा और सोना-चांदी भी धड़ाम!

पश्चिम एशिया संकट के बीच कच्चे तेल के दाम चढ़ने से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। इसके अलावा, वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों (एफएमसीजी), बिजली और आईटी शेयरों समेत चौतरफा बिकवाली से घरेलू शेयर बाजार नुकसान में रहे।

फाइल फोटोः सोशल मीडिया
i

कच्चे तेल के दाम में तेजी के बीच घरेलू शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला बृहस्पतिवार को लगातार तीसरे दिन जारी रहा और मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 460 अंक लुढ़का, जबकि एनएसई निफ्टी 124 अंक के नुकसान में रहा।

विश्लेषकों के अनुसार, पश्चिम एशिया संकट के बीच कच्चे तेल के दाम चढ़ने से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। इसके अलावा, वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों (एफएमसीजी), बिजली और आईटी शेयरों समेत चौतरफा बिकवाली से घरेलू शेयर बाजार नुकसान में रहे।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 460.30 अंक यानी 0.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,249.39 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 704.58 अंक तक टूटकर 73,005.11 अंक के निचले स्तर पर आ गया था।

एनएसई निफ्टी भी 123.70 अंक यानी 0.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,687.65 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 256.5 अंक टूटकर 22,554.85 अंक पर आ गया था।

सेंसेक्स में शामिल शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, इटर्नल, एचडीएफसी बैंक, पावरग्रिड, ट्रेंट, एशियन पेंट्स, इन्फोसिस, आईटीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लि., महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और लार्सन एंड टुब्रो में प्रमुख रूप से गिरावट रही।

वहीं, लाभ में रहने वाले शेयरों में बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक, सन फार्मास्युटिकल्स, भारतीय स्टेट बैंक, भारती एयरटेल, अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील, कोटक महिंद्रा बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और बजाज फिनसर्व शामिल हैं।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में तनाव फिर बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया। इससे महंगाई को लेकर चिंता बढ़ी है। रुपये में भी तेजी का रुख जाता रहा और कारोबार के दौरान यह लगातार कमजोर होता गया, जिससे निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। बैंक शेयरों की अगुवाई में प्रमुख सूचकांकों ने उबरने की कोशिश की, लेकिन ऊंचे स्तर पर यह तेजी कायम नहीं रह सकी।’’

उन्होंने कहा कि घरेलू बॉण्ड प्रतिफल के हाल के उच्च स्तर पर लौटने से शेयरों के ऊंचे मूल्यांकन की फिर से समीक्षा होने लगी और लगभग सभी क्षेत्रों में बिकवाली का दबाव बढ़ गया।

नायर ने कहा, ‘‘जापान के महंगाई के आंकड़े आने से पहले वैश्विक बाजारों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव भरा कारोबार रहा और अंत में इसमें गिरावट दर्ज की गई। मझोली और छोटी कंपनियों के शेयरों में बड़ी कंपनियों के शेयरों के मुकाबले अधिक गिरावट रही।’’

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, हांगकांग का हैंग सेंग, जापान का निक्की और चीन में शंघाई कम्पोजिट काफी नुकसान में रहे।

रुपया 44 पैसे टूटकर 94.82 प्रति डॉलर पर

घरेलू शेयर बाजार में गिरावट और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच रुपया बृहस्पतिवार को 44 पैसे टूटकर 94.82 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजार में सुस्ती और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण रुपये की शुरुआत स्थिर से कमजोर रुख के साथ हुई।

उन्होंने कहा कि यमन के हूती विद्रोहियों के सऊदी अरब के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमले तेज करने से वैश्विक बाजारों की धारणा प्रभावित हुई। हालांकि, डॉलर सूचकांक में नरमी और अमेरिकी बॉण्ड पर प्रतिफल में गिरावट से रुपये की कमजोरी कुछ सीमित रही।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.47 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह कमजोर होकर 94.94 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक आ गया और अंत में पिछले बंद भाव से 44 पैसे की गिरावट के साथ 94.82 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। रुपया बुधवार को 53 पैसे मजबूत होकर 94.38 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.17 प्रतिशत के नुकसान के साथ 101.60 पर कारोबार कर रहा था।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि जियो प्लेटफॉर्म्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के बाद निकट अवधि में डॉलर की उपलब्धता बेहतर हुई है। अमेरिका के साथ व्यापार समझौते की उम्मीदों से भी विदेशी मुद्रा का प्रवाह बढ़ने की संभावना है।

हालांकि, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की ओर से फिर से निकासी बढ़ने या कच्चे तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचने पर यह स्थिरता प्रभावित हो सकती है।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 3.23 प्रतिशत बढ़कर 112.33 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।


ई-मुद्रा मामले में सरकार ने जांच के दिए निर्देश, शेयर 35 प्रतिशत फिसला

डिजिटल सिग्नेचर और आम जनता तक पहुंच के लिए वेबसाइट्स को सिक्योरिटी सर्टिफिकेट जारी करने वाली ई-मुद्रा को लेकर सरकार की ओर से सुरक्षा जांच के निर्देश के बाद, कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

ई-मुद्रा के शेयर गुरुवार को दोपहर 2 बजे एनएसई पर 18.66 प्रतिशत की गिरावट के साथ 351.40 रुपए पर कारोबार कर रहे थे। बीते तीन दिनों में शेयर 35 प्रतिशत तक गिर चुके हैं। सोमावर को शेयर 540.15 रुपए पर थे।

इसके अलावा, बीते छह महीने में ई- मुद्रा के शेयर 30 प्रतिशत और बीते एक साल में 46 प्रतिशत से अधिक लुढ़क चुके हैं।

इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बुधवार को बताया था कि उसने ई-मुद्रा में हुई एक सुरक्षा घटना की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की है। ई-मुद्रा के डिजिटल सर्टिफिकेट ब्राउजर को यह पुष्टि करने में मदद करते हैं कि कोई वेबसाइट असली है या नहीं।

बयान में कहा गया है कि सुरक्षा से जुड़ी यह घटना मुख्य रूप से ग्लोबल सर्टिफिकेट कारोबार से संबंधित है, और भारतीय साइटों तथा ऐप्लिकेशन्स पर इसका असर "बहुत सीमित" है।

यह चौंकाने वाला खुलासा साइबर सुरक्षा निगरानी संस्था सीईआरटी-इन की एक एडवाइजरी के बाद सामने आया।

सरकार का यह बयान काफी अहम है, क्योंकि सीईआरटी-इन को 'ई-मुद्रा' ने बताया है कि उसके सर्टिफिकेट से जुड़ी प्राइवेट 'की' सुरक्षित नहीं रही हैं। ये 'की' भरोसेमंद डिजिटल एसेट्स को वेरिफाई करती हैं और सुरक्षित ऑनलाइन कामकाज सुनिश्चित करती हैं।

कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते कीमती धातुओं पर बढ़ा दबाव, सोना 1.28 प्रतिशत फिसला; चांदी में 5,600 रुपए की गिरावट

कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार को एक बार फिर वैश्विक और घरेलू दोनों बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोर रुझान, रुपए की मजबूती और ब्याज दरों को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स में गुरुवार सुबह सोने और चांदी दोनों में गिरावट दर्ज की गई। दिन के शुरुआती कारोबार में सोना 1.05 प्रतिशत गिरकर 4,106.40 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया, तो वहीं चांदी 2.24 प्रतिशत टूटकर 56.42 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

इस बीच बोफा यानी बैंक ऑफ अमेरिका (बीओएफए) ने अनुमान जताया है कि मौजूदा दबाव जारी रहने पर सोना आगे चलकर 3,700 डॉलर प्रति औंस तक फिसल सकता है। भारतीय मुद्रा में यह स्तर लगभग 1.12 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के बराबर बैठता है। इस अनुमान ने भी निवेशकों की सतर्कता बढ़ा दी है।

अंतरराष्ट्रीय कमजोरी का असर भारतीय बाजार पर भी साफ दिखाई दिया। घरेलू बाजार में सोना गिरकर 1.44 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंच गया, जबकि चांदी का भाव 2.03 लाख रुपए प्रति किलोग्राम के करीब आ गया।

खबर लिखे जाने तक (सुबह करीब 11 बजे), मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना 1,771 रुपए यानी 1.21 प्रतिशत गिरकर 1,44,308 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा। वहीं चांदी में और बड़ी गिरावट देखी गई और यह 5,521 रुपए यानी 2.64 प्रतिशत टूटकर 2,03,647 रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई।

दिन के कारोबार में दिसंबर डिलीवरी वाला सोना अपने पिछले बंद भाव 1,46,079 रुपए से 1,087 रुपए यानी 0.74 प्रतिशत टूटकर 1,44,992 रुपए पर खुला, और एक समय यह 1,883 रुपए यानी 1.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,44,196 रुपए प्रति 10 ग्राम के दिन के निचले स्तर पर पहुंच गया।

वहीं दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी अपने पिछले बंद भाव 2,09,168 रुपए से 3,168 रुपए यानी 1.51 प्रतिशत गिरकर 2,06,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर खुली, और एक समय इसने 5,648 रुपए यानी 2.70 प्रतिशत टूटकर 2,03,520 का दिन का निम्नतम स्तर छुआ।

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल निवेशक अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों और फेडरल रिजर्व की आगामी नीतिगत दिशा पर नजर बनाए हुए हैं, जिससे कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव बढ़ गया है।

विश्लेषकों के मुताबिक, अमेरिकी आर्थिक संकेतकों और ब्याज दरों को लेकर बनी अनिश्चितता के चलते निवेशक फिलहाल जोखिम लेने से बच रहे हैं। यही कारण है कि सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने में भी बिकवाली का दबाव देखने को मिल रहा है।

पिछले सप्ताह एमसीएक्स पर सोने की कीमतों में 3,581 रुपए यानी 2.4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी, जबकि चांदी 14,568 रुपए यानी 6.4 प्रतिशत तक टूट गई थी। जानकारों का मानना है कि घरेलू कीमतों में यह कमजोरी बड़े पैमाने पर मुद्रा विनिमय दर के प्रभाव से जुड़ी हुई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए