अर्थतंत्र की खबरें: शेयर बाजार की दमदार वापसी, सेंसेक्स 1,502 अंक उछला, निफ्टी 25,819 पर और सोना-चांदी में गिरावट जारी

सोमवार की बिकवाली के बाद बुधवार को बाजार में जोरदार वापसी हुई और प्रमुख सूचकांक करीब दो प्रतिशत चढ़े। हालांकि, सोमवार के उच्च स्तर के आसपास मुनाफावसूली से तेजी कुछ सीमित हो गई।

शेयर बाजार की दमदार वापसी, सेंसेक्स 1,502 अंक उछला, निफ्टी 25,819 पर
i

घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को जोरदार तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 1,502 अंक उछल गया, जबकि एनएसई निफ्टी 470 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। विदेशी निवेशकों की लिवाली, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और प्रमुख बैंक शेयरों में खरीदारी से बाजार में तेजी रही।

बीएसई कै 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,502.29 अंक यानी 1.82 प्रतिशत चढ़कर 83,938.28 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 2,062.22 अंक यानी 2.50 प्रतिशत उछलकर 84,498.21 अंक पर पहुंच गया था।

एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 469.60 अंक यानी 1.85 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,819.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 602 अंक यानी 2.37 प्रतिशत चढ़कर 25,951.65 अंक तक पहुंच गया था।

सेंसेक्स की कंपनियों में हिंदुस्तान यूनिलीवर का शेयर सबसे अधिक 5.94 प्रतिशत चढ़ा। ट्रेंट में 3.59 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक में 3.44 प्रतिशत, इंटरग्लोब एविएशन में 3.24 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक में 3.18 प्रतिशत और बजाज फाइनेंस में 3.04 प्रतिशत की तेजी रही।हालांकि, टाटा स्टील, भारती एयरटेल और टाइटन के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.19 प्रतिशत गिरकर 91.38 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 5,672.99 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। मंगलवार को गुरु नानक जयंती पर शेयर बाजार बंद रहे थे।

रेलिगेयर ब्रोकिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, "सोमवार की बिकवाली के बाद बुधवार को बाजार में जोरदार वापसी हुई और प्रमुख सूचकांक करीब दो प्रतिशत चढ़े। हालांकि, सोमवार के उच्च स्तर के आसपास मुनाफावसूली से तेजी कुछ सीमित हो गई।"

उन्होंने कहा कि विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और रुपये में मजबूती से बाजार को समर्थन मिला।

इस बीच, रुपया बुधवार को 69 पैसे मजबूत होकर 92.16 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। यह इस साल का रुपये का अब तक का उच्चतम स्तर है।

चांदी 7,000 रुपये टूटकर एक साल के निचले स्तर पर, सोना 800 रुपये फिसला

रुपये में मजबूती और वैश्विक बाजारों में कीमती धातुओं की कीमतों में लगातार कमजोर रुख के बीच घरेलू बाजार में चांदी की कीमतों में बुधवार को भारी गिरावट आई और यह 7,000 रुपये टूटकर एक साल के नए निचले स्तर 1.50 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गयी। सोना भी फिसलकर 1.26 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत 7,000 रुपये टूटकर 1.50 लाख रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई, जबकि सोमवार को यह 1.57 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर थी। इससे पहले चांदी का यह स्तर तीन अक्टूबर, 2025 को देखने को मिला था।

वहीं, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 800 रुपये घटकर 1,26,000 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। सोमवार को इसका भाव 1,26,800 रुपये प्रति 10 ग्राम था। गुरु नानक जयंती के अवसर पर मंगलवार को सर्राफा बाजार बंद रहे।

कारोबारियों के मुताबिक, घरेलू बाजार में कीमतों में गिरावट की एक वजह रुपये में तेज मजबूती भी रही। रुपया शेयर बाजार में तेजी और विदेशी निवेशकों के निवेश बढ़ने से अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 2026 के उच्चतम स्तर 92.16 पर बंद हुआ।


रुपया 69 पैसे की जोरदार बढ़त के साथ आठ महीने के उच्चतम स्तर 92.16 प्रति डॉलर पर

रुपया बुधवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 69 पैसे मजबूत होकर 92.16 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार तेजी और विदेशी पूंजी के लगातार निवेश के बीच रुपये को समर्थन मिला और यह इस साल के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भी रुपये को मजबूती मिली। इससे भारतीय मुद्रा चालू वित्त वर्ष में अब तक हुए अपने सभी नुकसान की भरपाई करने में सफल रही। दुनिया भर के निवेशकों ने अन्य परिसंपत्तियों के मुकाबले भारतीय शेयरों को तरजीह दी।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.65 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान मजबूत होकर 92.16 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर पहुंच गया। यह पिछले बंद से 69 पैसे की बढ़त है।

अमेरिका की चीन, यूरोपीय संघ, ब्राजील समेत अन्य देशों पर शुल्क बढ़ाने की योजना

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन चीन से आयातित वस्तुओं पर 20 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाने और यूरोपीय संघ, जापान, दक्षिण कोरिया, ताइवान तथा नौ अन्य प्रमुख व्यापारिक साझेदारों के उत्पादों पर आयात शुल्क बढ़ाने की योजना बना रहा है।

नए शुल्कों का मकसद इन अर्थव्यवस्थाओं में उत्पादन की अधिकता को हतोत्साहित करना है। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि इन देशों में सब्सिडी और अन्य व्यापारिक बाधाओं के कारण विनिर्माण उत्पादन बढ़ा है, जिससे अमेरिकी उत्पादकों को नुकसान हो रहा है।

इन शुल्कों का एक अन्य उद्देश्य उस राजस्व की भरपाई करना भी है, जो उच्चतम न्यायालय के फरवरी में दिए गए फैसले के बाद प्रभावित हुआ।

न्यायालय ने फैसला सुनाया था कि ट्रंप कांग्रेस को दरकिनार कर आर्थिक आपातकाल घोषित करके सभी देशों पर व्यापक शुल्क नहीं लगा सकते।

प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार देर रात संवाददाताओं के साथ फोन पर बातचीत कर 12 देशों, 27 सदस्यीय यूरोपीय संघ और स्वशासित द्वीप ताइवान की व्यापार नीतियों की जांच संबंधी रिपोर्ट जारी होने से पहले प्रस्तावित शुल्कों का ब्योरा दिया।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए