अर्थतंत्र की खबरें: शेयर बाजार में तीन दिन से जारी तेजी पर लगा ब्रेक और दिसंबर में 0.25% बढ़ सकता है रेपो रेट

महंगाई के आरबीआई की सहनशील सीमा से बाहर निकलने के साथ ही मौद्रिक नीति में फिलहाल राहत नहीं मिलने वाली है, जिससे बाजार में टिकाऊ सुधार की गुंजाइश सीमित हो जाएगी।

फोटो: IANS
i

अक्टूबर में खुदरा मुद्रास्फीति के 6.09 प्रतिशत पर पहुंचने के बाद नीतिगत ब्याज दर में वृद्धि की आशंका के बीच शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में तीन दिन से जारी तेजी थम गई। सेंसेक्स 318 अंक गिरकर बंद हुआ जबकि निफ्टी में 155 अंक की गिरावट रही।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 318.56 अंक यानी 0.39 प्रतिशत गिरकर 81,592.45 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 622.26 अंक यानी 0.75 प्रतिशत तक लुढ़क कर 81,288.75 पर आ गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 155.05 अंक यानी 0.61 प्रतिशत टूटकर 25,144.30 पर बंद हुआ। इस महीने दोनों मानक सूचकांकों में आई यह पहली बड़ी गिरावट है।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एनटीपीसी, ट्रेंट और एचडीएफसी बैंक में उल्लेखनीय गिरावट हुई। दूसरी तरफ, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स, भारती एयरटेल और रिलायंस इंडस्ट्रीज बढ़त के साथ बंद हुए।

अक्टूबर में खुदरा मुद्रास्फीति बढ़कर 6.09 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो दो साल में पहली बार भारतीय रिजर्व बैंक के ऊपरी संतोषजनक स्तर (छह प्रतिशत) से अधिक है। इसके बाद अर्थशास्त्रियों ने अगले महीने केंद्रीय बैंक द्वारा नीतिगत दर में बढ़ोतरी किए जाने की आशंका जताई है।

पीएल कैपिटल के मुख्य व्यवसाय अधिकारी विक्रम कसाट ने कहा, ''मौजूदा गिरावट से पता चलता है कि बाजार ऊंची महंगाई, रुपये में गिरावट और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के मेल से असहज हो रहा है। वैश्विक अनिश्चितताएं जहां सतर्कता के माहौल को बढ़ा रही हैं, वहीं कंपनियों का मार्जिन, खपत और भारत के चालू खाते के घाटे पर ऊर्जा की ऊंची कीमतों के असर को लेकर चिंताएं भी है।''

उन्होंने कहा कि महंगाई के आरबीआई की सहनशील सीमा से बाहर निकलने के साथ ही मौद्रिक नीति में फिलहाल राहत नहीं मिलने वाली है, जिससे बाजार में टिकाऊ सुधार की गुंजाइश सीमित हो जाएगी।

व्यापक बाजार में बीएसई मिडकैप सिलेक्ट सूचकांक में 0.09 प्रतिशत और स्मॉलकैप सिलेक्ट सूचकांक में 0.02 प्रतिशत की बढ़त रही।

बीएसई के क्षेत्रवार सूचकांकों बात करें तो रियल्टी में 1.70 प्रतिशत, वाहन में 1.19 प्रतिशत, जिंस में 1.11 प्रतिशत, धातु में 0.93 प्रतिशत, तेल एवं गैस में 0.76 प्रतिशत, निजी बैंक सूचकांक में 0.68 प्रतिशत, बीमा में 0.67 प्रतिशत और बैंकेक्स में 0.64 प्रतिशत की गिरावट आई।

दूसरी ओर दूरसंचार, पूंजीगत सामान, बिजली और अस्पताल क्षेत्र के सूचकांकों में बढ़त दर्ज की गई। बीएसई पर कुल 2,462 शेयरों में गिरावट रही, जबकि 1,965 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए और 245 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ।

वैश्विक कमजोरी, त्योहारी मांग घटने से सोने के दाम 1.40 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर

राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमतों में शुक्रवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट जारी रही और यह 2,500 रुपये टूटकर 1,40,900 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। दिवाली के बाद मांग में कमी और वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के कारण सोने की कीमतों में गिरावट आई।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना बृहस्पतिवार के 1,43,400 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) से 2,500 रुपये गिरकर शुक्रवार को 1,40,900 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।

चांदी की कीमतों में भी पिछले सत्र में स्थिर रहने के बाद फिर गिरावट आई। चांदी 3,500 रुपये टूटकर 1,84,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) रह गई, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 1,87,500 रुपये प्रति किलोग्राम था।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, ''घरेलू बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमतों पर दबाव बना रहा। इसका कारण वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेत और दिवाली के त्योहार के बाद खुदरा मांग में कमी है।''


देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2.49 अरब डॉलर बढ़कर 719.547 अरब डॉलर पर

देश का विदेशी मुद्रा भंडार छह नवंबर को समाप्त सप्ताह में 2.49 अरब डॉलर बढ़कर 719.547 अरब डॉलर हो गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह विदेशी मुद्रा भंडार 2.691 अरब डॉलर घटकर 717.056 अरब डॉलर रहा था।

प्रवासी भारतीयों की जमा पर विशेष रियायती अदला-बदली योजना (एफसीएनआर-बी) के तहत बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा आने से चार सितंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार अब तक के उच्चतम स्तर 785.71 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। इस योजना के जरिये बैंकों ने करीब 133 अरब डॉलर की रिकॉर्ड राशि जुटाई है।

रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, छह नवंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 23.2 करोड़ डॉलर बढ़कर 591.35 अरब डॉलर हो गया।

डॉलर के संदर्भ में व्यक्त विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है।

रुपया आठ पैसे की गिरावट के साथ 94.20 प्रति डॉलर पर

अमेरिकी डॉलर में मजबूती और घरेलू शेयर बाजारों में कमजोरी के बीच शुक्रवार को रुपया आठ पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.20 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर रहा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, अमेरिका में महंगाई के उम्मीद से अधिक रहने, अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड पर प्रतिफल बढ़ने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की सख्त मौद्रिक नीति संबंधी टिप्पणियों से डॉलर मजबूत हुआ है। इससे ब्याज दरों में आगे और बढ़ोतरी की आशंका मजबूत हुई है।

मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका में बॉन्ड प्रतिफल और फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में अधिक बढ़ोतरी की संभावना से रुपये पर दबाव बना रह सकता है। इसके अलावा, डॉलर की मजबूती और अमेरिकी परिसंपत्तियों का अधिक आकर्षक होना उभरते बाजारों से विदेशी पूंजी की नई निकासी का कारण बन सकता है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.07 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 94.05 के उच्चस्तर तक गया और 94.28 के निचले स्तर तक आया। कारोबार के अंत में यह 94.20 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले आठ पैसे की गिरावट है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए