अर्थतंत्र की खबरें: क्या नहीं बढ़ेंगी पेट्रोल-डीजल की कीमतें? और कच्चे तेल में उछाल से घरेलू शेयर बाजार सहमा
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में बताया कि अभी पेट्रोल और डीजल की कीमतें नहीं बढ़ेंगी और सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।

केंद्र सरकार ने मंगलवार को कहा कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक तेल बाजार पर असर पड़ा है, लेकिन सरकार ने लोगों की चिंता कम करने की कोशिश की है।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में बताया कि अभी पेट्रोल और डीजल की कीमतें नहीं बढ़ेंगी और सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।
उन्होंने कहा, "एलपीजी, पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और उनकी कीमतें नहीं बढ़ी हैं, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है।" उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि जरूरी ईंधन की कोई कमी नहीं है।
शर्मा ने माना कि पश्चिम एशिया में चल रहे संकट के कारण कच्चे तेल, एलपीजी और पाइप गैस (पीएनजी) के आयात पर असर पड़ा है, लेकिन सरकार ने इससे निपटने के लिए जरूरी कदम उठाए हैं।
उन्होंने बताया कि घरेलू एलपीजी और पीएनजी उपभोक्ताओं के लिए 100 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। साथ ही, परिवहन के लिए इस्तेमाल होने वाली सीएनजी की सप्लाई भी पूरी तरह जारी है।
हालांकि कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई कुछ हद तक प्रभावित हुई थी, लेकिन अब इसे लगभग 70 प्रतिशत तक बहाल कर दिया गया है। अस्पतालों और स्कूलों जैसे जरूरी क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि दवा, स्टील, बीज और कृषि जैसे जरूरी उद्योगों को भी प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि किसी तरह की बड़ी समस्या न हो।
कच्चे तेल में उछाल से घरेलू शेयर बाजार सहमा, सेंसेक्स 417 अंक फिसला
कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में तेज उछाल और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के दबाव में मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट रही। सेंसेक्स 417 अंकों के नुकसान में रहा जबकि निफ्टी 97 अंक गिरकर बंद हुआ।
विश्लेषकों ने कहा कि मुख्य रूप से बैंक, वित्तीय एवं वाहन कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट से मानक सूचकांक नुकसान में रहे।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 416.72 अंक यानी 0.54 प्रतिशत गिरकर 76,886.91 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 562.57 अंक तक लुढ़ककर 76,741.06 तक पहुंच गया था।
वहीं, एनएसई का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 97 अंक यानी 0.40 प्रतिशत गिरकर 23,995.70 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के समूह में शामिल 30 कंपनियों में से एक्सिस बैंक, एचसीएल टेक, इंटरग्लोब एविएशन, मारुति सुजुकी, भारतीय स्टेट बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
इसके विपरीत, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, टेक महिंद्रा और सन फार्मा के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजीत मिश्रा ने कहा, "अमेरिका-ईरान वार्ता को लेकर अनिश्चितता के जारी रहने से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया और निवेशकों की धारणा पर असर पड़ा। इसके अलावा नियामकीय प्रावधानों के कारण बैंकों के शेयर भी दबाव में रहे।"
बीएसई पर सूचीबद्ध कुल 2,257 कंपनियों के शेयर गिरकर बंद हुए जबकि 1,998 कंपनियों में तेजी रही और 172 अन्य अपरिवर्तित रहे।
व्यापक बाजार में छोटी कंपनियों का बीएसई स्मालकैप सूचकांक 0.42 प्रतिशत की बढ़त पर रहा जबकि मझोली कंपनियों का मिडकैप सूचकांक 0.27 प्रतिशत की गिरावट में रहा।
क्षेत्रवार सूचकांकों में पीएसयू बैंक खंड में सर्वाधिक 2.20 प्रतिशत की सुस्ती रही जबकि बैंकेक्स 1.61 प्रतिशत गिर गया। निजी बैंकों के खंड में 1.23 प्रतिशत और वाहन खंड में 0.98 प्रतिशत की गिरावट रही।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख (संपत्ति प्रबंधन) सिद्धार्थ खेमका ने कहा, "आरबीआई ने बैंकों के लिए ‘प्रत्याशित ऋण ह्रास’ (ईसीएल) ढांचे को अप्रैल 2027 से लागू करने को अंतिम रूप दे दिया है। इस बदलाव के कारण निकट अवधि में बैंकों की वित्तीय प्रावधान की जरूरत बढ़ सकती है और मुनाफा भी दबाव में आ सकता है।”
रुपया 41 पैसे टूटकर 94.56 प्रति डॉलर पर
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया मंगलवार को 41 पैसे टूटकर 94.56 (अस्थायी) पर रहा। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी के कारण निवेशकों का भरोसा कम होने से घरेलू मुद्रा दबाव में है।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा है कि चालू खाते के घाटे (सीएडी) में संभावित वृद्धि और अस्थिर पूंजी प्रवाह के कारण भी रुपये में तेज गिरावट आई है। इसके अलावा, विदेशी निवेशकों द्वारा निंरतर निकासी से रुपये पर दबाव पड़ा है। इस साल अब तक विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार से 19 अरब डॉलर से अधिक की निकासी की है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.35 पर खुला और कारोबार के दौरान यह 94.58 के निचले स्तर पर पहुंचा। अंत में यह डॉलर के मुकाबले 94.56 (अस्थायी) पर रहा जो पिछले बंद भाव से 41 पैसे की गिरावट है। रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.15 पर बंद हुआ था।
केयरएज रेटिंग्स की मुख्य अर्थशास्त्री रजनी सिन्हा ने कहा, ‘‘ रुपये पर मुख्य दबाव कमजोर पूंजी प्रवाह से उत्पन्न होता है। शुद्ध प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) प्रवाह कम रहा है, जबकि विदेशी पूंजी की निकासी वैश्विक अनिश्चितता के कारण बढ़ी है...।’’
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.73 पर रहा।
गूगल का 15 अरब डॉलर का डेटा सेंटर विशाखापत्तनम को एआई केंद्र बनाएगा: केंद्रीय मंत्री वैष्णव
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भारत की बढ़ती डिजिटल क्षमता का उल्लेख करते हुए मंगलवार को कहा कि 15 अरब डॉलर के आगामी गूगल एआई डेटा सेंटर के साथ विशाखापत्तनम कृत्रिम मेधा (एआई) केंद्र के रूप में उभरेगा।
विशाखापत्तनम के तारलुवाड़ा में ‘गूगल क्लाउड इंडिया एआई डेटा सेंटर’ के शिलान्यास समारोह में उन्होंने कहा कि यह पहल भारत के एआई आधारित डिजिटल ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
यह परियोजना अदाणी कॉनेक्स और एयरटेल नेक्सट्रा के साथ साझेदारी में विकसित की जा रही है। इसमें विशाखापत्तनम में एक गीगावाट का ‘हाइपरस्केल एआई डेटा सेंटर’ शामिल होगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विशाखापत्तनम एक एआई शहर में परिवर्तित हो जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के दृष्टिकोण की सराहना भी की।
उन्होंने कहा कि मजबूत नीतिगत समर्थन और नेतृत्व के दम पर भारत इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण क्षेत्र में विश्व के लिए एक प्रमुख विश्वसनीय मूल्य श्रृंखला और आपूर्ति श्रृंखला भागीदार के रूप में उभरने के लिए तैयार है।
वैष्णव ने बताया कि आंध्र प्रदेश सरकार ने इस परियोजना के लिए तारलुवाड़ा, अदाविवरम और रामबिल्ली क्षेत्रों में लगभग 600 एकड़ भूमि आवंटित की है।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत की बढ़ती डिजिटल ताकत स्पष्ट है और 15 अरब डॉलर के गूगल एआई डेटा सेंटर के साथ विशाखापत्तनम एक प्रमुख एआई केंद्र बनने जा रहा है।’’
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia