अर्थतंत्र की खबरें: वैश्विक हलचल थमने से कच्चा तेल 2.1% सस्ता और देश के विदेशी मुद्रा भंडार में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स की कीमत 1.84 प्रतिशत कम होकर 74.11 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड फ्यूचर्स क दाम 2.10 प्रतिशत कम होकर 70.41 डॉलर प्रति बैरल हो गया है।

वैश्विक अस्थिरता में कमी से कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट जारी है और शुक्रवार को कच्चे तेल के बेंचमार्क में 2.1 प्रतिशत तक की कमजोरी देखने को मिली। हालांकि, ओमान के पास एक मालवाहक जहाज पर हमला होने के बाद भू-राजनीतिक स्तर पर उथल-पुथल में बढ़ोतरी हुई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स की कीमत 1.84 प्रतिशत कम होकर 74.11 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड फ्यूचर्स क दाम 2.10 प्रतिशत कम होकर 70.41 डॉलर प्रति बैरल हो गया है।
ओमान के पास एक मालवाहक जहाज पर अज्ञात चीज से हमले के बाद, पिछले सेशन में देर शाम दोनों बेंचमार्क कॉन्ट्रैक्ट्स में 2 प्रतिशत से अधिक की बढ़त देखी गई थी। इस घटना के कारण संयुक्त राष्ट्र की शिपिंग एजेंसी को अपना स्वैच्छिक निकासी कार्यक्रम भी रोकना पड़ा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका के दो अधिकारियों ने बताया ईरान ने एक मालवाहक जहाज पर तब गोलीबारी की, जब वह होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, ईरानी अधिकारियों का कहना था कि होर्मुज के तय रास्तों से बाहर चलने वाले जहाजों की सुरक्षा की गारंटी नहीं दी जा सकती।
सुरक्षा को लेकर हालिया चिंताओं के बावजूद, ब्रेंट और डब्ल्यूटीआई दोनों में हफ्ते में लगभग 8 प्रतिशत की गिरावट देखी गई, क्योंकि होर्मुज स्ट्रेट से टैंकरों की आवाजाही में सुधार के बाद आपूर्ति में रुकावट की आशंका कम हो गई थी।
इस हफ्ते हॉर्मुज स्ट्रेट से समुद्री रास्ते से कच्चे तेल की शिपमेंट फरवरी में ईरान के साथ यूएस-इजरायल टकराव शुरू होने के बाद से सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई, क्योंकि संघर्ष-विराम के बाद यह रास्ता फिर से खुल गया। हालांकि, कुल जहाजों की आवाजाही संघर्ष से पहले के औसत (लगभग 125 जहाज प्रति दिन) से काफी नीचे बनी रही।
मोहर्रम के चलते बंद रहा शेयर बाजार, एनएसई और बीएसई पर नहीं हुआ कारोबार
मोहर्रम के चलते भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार के सत्र में बंद रहेगा। इस दौरान नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स, सिक्योरिटीज लेंडिग और बॉरोइंग (एसएलबी) और करेंसी डेरिवेटिव्स पर कारोबार पूरी तरह से बंद रहा।
कमोडिटी सेगमेंट में ट्रेडिंग सुबह के सत्र 9 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक बंद रहेगी। शाम के सत्र 5 बजे से रात 11:30/11:55 तक में कारोबार सामान्य रहेगा। मोहर्रम के बाद शनिवार और रविवार के चलते भारतीय शेयर बाजार 29 जून को खुलेंगे।
भारतीय शेयर बाजार में जुलाई और अगस्त में कोई छुट्टी नहीं है। इसके बाद बाजार में अगला अवकाश गणेश चतुर्थी के अवसर पर 14 सितंबर को है।
इसके अलावा, मोहर्रम के चलते कई राज्यों में बैंक भी बंद हैं। इनमें आंध्र प्रदेश, जम्मू कश्मीर, झारखंड, बिहार, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, हैदराबाद, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश और कर्नाटक शामिल हैं।
भारतीय शेयर बाजार में सेंसेक्स 109.25 अंक यानी 0.14 प्रतिशत बढ़कर 77,100.47 पर था, तो वहीं निफ्टी 34.35 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,056.00 पर बंद हुआ।
देश का विदेशी मुद्रा भंडार 96.3 करोड़ डॉलर बढ़कर 672.58 अरब डॉलर पर
देश का विदेशी मुद्रा भंडार 19 जून को समाप्त सप्ताह में 96.3 करोड़ डॉलर बढ़कर 672.58 अरब डॉलर पर रहा। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 9.98 अरब डॉलर घटकर 671.62 अरब डॉलर रह गया था।
आरबीआई के अनुसार, समीक्षाधीन सप्ताह में मुद्रा भंडार का प्रमुख हिस्सा विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां (एफसीए) 3.07 अरब डॉलर घटकर 541.217 अरब डॉलर रह गईं।
डॉलर के संदर्भ में विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं के मूल्य में उतार-चढ़ाव का प्रभाव भी शामिल होता है। हालांकि, इस दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य 4.11 अरब डॉलर बढ़कर 107.93 अरब डॉलर हो गया।
आरबीआई के अनुसार, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 5.2 करोड़ डॉलर घटकर 18.647 अरब डॉलर रहा। केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में भारत की आरक्षित कोष भी 2.2 करोड़ डॉलर घटकर 4.79 अरब डॉलर रहा।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
