अर्थतंत्र की खबरें: पश्चिम एशिया संकट का असर, लगातार पांचवें दिन लुढ़का बाजार, रुपया संभला, सोना-चांदी भी टूटे

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका के नए व्यापार शुल्क से उपजी चिंताओं के बीच शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार लगातार पांचवें सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 332 अंक गिर गया जबकि निफ्टी 102 अंक नुकसान में रहा।

फोटोः सोशल मीडिया
i

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव के चलते भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुआ। इस बीच घरेलू बाजार के प्रमुख बेंचमार्कों सेंसेक्स और निफ्टी 50, दोनों में 0.43 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। यह लगातार पांचवां सत्र रहा, जब बाजार में गिरावट देखने को मिली।

बाजार बंद होने के समय सेंसेक्स 331.62 अंक यानी 0.43 प्रतिशत गिरकर 76,059.77 पर बंद हुआ, तो वहीं, निफ्टी 50 102 अंक यानी 0.43 प्रतिशत गिरकर 23,767.45 पर बंद हुआ।

दिन के कारोबार में सेंसेक्स अपने पिछले बंद 76,391.39 से 0.89 प्रतिशत यानी 683.2 अंक गिरकर 75,708.19 पर खुला और दिन के कारोबार में यह 1.20 प्रतिशत यानी 916.96 अंक गिरकर 75,474.43 के दिन के निचले स्तर पर पहुंच गया।

वहीं, निफ्टी 50 अपने पिछले बंद 23,869.60 से 0.85 प्रतिशत यानी 203.25 अंक गिरकर 23,666.35 पर खुला और दिन में एक समय यह 1.10 प्रतिशत गिरकर 23,606.30 के इंट्रा-डे लो पर पहुंच गया।

व्यापक बाजार में, निफ्टी मिडकैप और निफ्टी स्मॉलकैप क्रमशः 0.10 प्रतिशत और 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

वहीं, विभिन्न क्षेत्रों का प्रदर्शन मिलाजुला रहा, जिसमें निफ्टी मीडिया 1.8 प्रतिशत की बढ़त के साथ शीर्ष लाभ कमाने वाला क्षेत्र बनकर उभरा। इसके बाद निफ्टी आईटी में 0.8 प्रतिशत की बढ़त, निफ्टी पीएसयू बैंक में 0.5 प्रतिशत की बढ़त और निफ्टी बैंक में 0.18 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली।

दूसरी ओर, निफ्टी ऑटो सबसे खराब प्रदर्शन करने वाला क्षेत्र रहा, जिसमें 1.10 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके बाद निफ्टी मेटल में 0.55 प्रतिशत, निफ्टी एनर्जी में 0.57 प्रतिशत, निफ्टी रियल्टी में 0.55 प्रतिशत, निफ्टी ऑयल एंड गैस में 0.46 प्रतिशत, निफ्टी फार्मा में 0.4 प्रतिशत और निफ्टी इंफ्रा में 0.4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

निफ्टी में सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाले शेयरों में इटरनल, बजाज फाइनेंस, एम एंड एम, श्रीराम फाइनेंस और बजाज-ऑटो शामिल रहे, जबकि सबसे ज्यादा लाभ कमाने वाले शेयरों में एचसीएल टेक, सिप्ला, विप्रो, आईटीसी और एचडीएफसी लाइफ शामिल थे।

इस सप्ताह सेंसेक्स में लगभग 2,100 अंकों या 2.7 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि निफ्टी में 2.3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.24 अरब डॉलर पहुंचा: आरबीआई

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत का विदेशी मुद्रा भंडार (फॉरेक्स रिजर्व) 17 जुलाई को समाप्त सप्ताह में 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.237 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इससे पहले वाले सप्ताह में भी विदेशी मुद्रा भंडार में 964 मिलियन डॉलर की बढ़ोतरी हुई थी और यह 675.157 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। इस तरह, लगातार दूसरे सप्ताह देश के विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

आरबीआई की वीकली स्टैटिस्टिकल सप्लीमेंट के मुताबिक, इस वर्ष की शुरुआत में वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण आई गिरावट के बाद भारत का विदेशी मुद्रा भंडार लगातार मजबूत हो रहा है। इससे पहले 27 फरवरी को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार रिकॉर्ड 728.494 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था।

आंकड़ों के अनुसार, विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां (फॉरेन करेंसी एसेट्स) 4.549 अरब डॉलर बढ़कर 551.057 अरब डॉलर हो गईं। डॉलर के संदर्भ में इन परिसंपत्तियों के मूल्य पर यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में होने वाली बढ़त या गिरावट का भी प्रभाव पड़ता है।

वहीं, देश के स्वर्ण भंडार (गोल्ड रिजर्व) का मूल्य 3.48 अरब डॉलर घटकर 101.749 अरब डॉलर रह गया। इसके अलावा, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 44 मिलियन डॉलर बढ़कर 18.67 अरब डॉलर पर पहुंच गए।


सोने और चांदी में लगातार दूसरे दिन गिरावट, कीमतें करीब 0.6 प्रतिशत तक घटीं

सोने और चांदी की शुरुआत शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट के साथ हुई। इस दौरान दोनों कीमती धातुओं का दाम करीब 0.6 प्रतिशत तक कम हो गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का 5 अगस्त, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 1,42,821 रुपए प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 1,42,392 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला।

सुबह 11 बजे यह 870 रुपए या 0.61 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,41,951 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था।

अब तक के कारोबार में सोने ने 1,41,742 रुपए प्रति 10 ग्राम का न्यूनतम स्तर और 1,42,393 रुपए प्रति 10 ग्राम का उच्चतम स्तर छुआ है। सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी कमजोरी देखी गई।

चांदी का 4 सितंबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली 2,19,375 रुपए प्रति किलो के मुकाबले 2,18,280 रुपए प्रति किलो पर खुला। फिलहाल यह 884 रुपए या 0.40 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 2,18,491 रुपए प्रति किलो पर था।

अब तक के कारोबार में चांदी ने 2,17,325 रुपए प्रति किलो का न्यूनतम स्तर और 2,18,884 रुपए प्रति किलो का उच्चतम स्तर छुआ।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। कॉमैक्स पर सोना 0.48 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,030 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ 57.80 डॉलर प्रति औंस पर था।

कीमती धातुओं में कमजोरी की वजह डॉलर इंडेक्स का मजबूत होना है, जो कि अमेरिका-ईरान के बीच संघर्ष बढ़ने के बाद फिर से 101 के पार पहुंच गया है।

रुपया 18 पैसे मजबूत होकर 96.55 प्रति डॉलर पर

रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 18 पैसे मजबूत होकर 96.55 (अस्थायी) पर रहा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, भारतीय रिजर्व बैंक के संभावित हस्तक्षेप से रुपये को समर्थन मिला। हालांकि, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली और घरेलू शेयर बाजार में कमजोर धारणा से रुपये पर दबाव बना रहा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया कमजोर रुख के साथ 96.81 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 96.30 से 96.81 प्रति डॉलर के दायरे में रहा और अंत में पिछले बंद भाव के मुकाबले 18 पैसे की बढ़त के साथ 96.55 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।

रुपया बृहस्पतिवार को 20 पैसे की गिरावट के साथ 96.73 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और विदेशी निवेशकों की निकासी से रुपये पर दबाव बना हुआ है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए