अर्थतंत्र की खबरें: आईटी शेयरों में भारी बिकवाली से शेयर बाजार में गिरावट और सोने-चांदी में भी छाई सुस्ती
आईटी फर्म एक्सेंचर की ओर से कारोबार को लेकर सर्तक आउटलुक के बाद भारतीय आईटी कंपनियों में शुक्रवार को जोरदार गिरावट देखने को मिली है। इस गिरावट के बाद कई आईटी कंपनियों के शेयर रिकॉर्ड ऊंचाई से 60 प्रतिशत से अधिक फिसल गए हैं।

श्विक प्रौद्योगिकी कंपनी एक्सेंचर के सतर्क आय अनुमान और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच आईटी शेयरों में भारी बिकवाली से घरेलू शेयर बाजार पांच दिनों की तेजी के बाद शुक्रवार को गिरकर बंद हुए। सेंसेक्स में 607 अंक और निफ्टी में 155 अंक की गिरावट दर्ज की गई।
विश्लेषकों के मुताबिक, स्विट्जरलैंड में अमेरिका-ईरान शांति समझौते को अंतिम रूप देने के लिए प्रस्तावित वार्ता के टलने से उत्पन्न नई अनिश्चितता ने भी निवेशकों की धारणा को कमजोर किया।
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 607.08 अंक यानी 0.78 प्रतिशत टूटकर 76,802.90 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 940.26 अंक तक लुढ़क गया था।
वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 154.90 अंक यानी 0.64 प्रतिशत गिरकर 24,013.10 अंक पर बंद हुआ।
इस तरह घरेलू बाजारों में पांच कारोबारी सत्रों से जारी तेजी थम गई। इससे पहले के पांच कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स 3,577.43 अंक यानी 4.84 प्रतिशत और निफ्टी 1,006.4 अंक यानी 4.34 प्रतिशत चढ़ गया था।
शुक्रवार को सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इन्फोसिस का शेयर 6.69 प्रतिशत टूटा। इसके अलावा टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) 3.53 प्रतिशत, एचसीएल टेक 2.74 प्रतिशत और टेक महिंद्रा 2.45 प्रतिशत नीचे बंद हुए। एचडीएफसी बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज और हिंदुस्तान यूनिलीवर भी नुकसान में रहे।
दूसरी तरफ, भारती एयरटेल, पावर ग्रिड और एनटीपीसी जैसे शेयर बढ़त में रहे।
सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों में गिरावट आने से बीएसई आईटी सूचकांक 3.57 प्रतिशत लुढ़क गया।
ऑनलाइन ट्रेडिंग फर्म एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा, "आईटी शेयरों में तेज बिकवाली के साथ वैश्विक अनिश्चितता फिर से बढ़ने के बीच भारतीय शेयर बाजारों में गिरावट आई क्योंकि निवेशकों ने मुनाफावसूली की। एक्सेंचर के सतर्क आय पूर्वानुमान के बाद बाजार धारणा प्रभावित हुई, जबकि अमेरिका-ईरान वार्ता के टलने से व्यापक शांति प्रक्रिया के सुचारू रूप से आगे बढ़ने की उम्मीदों को झटका लगा।"
रुपया छह पैसे की बढ़त के साथ 94.34 प्रति डॉलर पर
रुपया शुक्रवार को शुरुआती बढ़त खोते हुए अंत में छह पैसे मजबूत होकर 94.34 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। डॉलर में मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी ने निवेशकों की धारणा पर दबाव डाला।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि रुपया शुरुआत में सकारात्मक रुख के साथ खुला था। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता में तेजी आने की उम्मीद के बीच घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला। हालांकि, अमेरिकी-ईरान शांति समझौते को लेकर अनिश्चितता के बीच बाजार धारणा कमजोर हो गई।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.30 पर खुला। कारोबार के दौरान 94.20 से 94.52 प्रति डॉलर के दायरे में रहा। अंततः यह 94.34 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से छह पैसे की बढ़त है। रुपया बृहस्पतिवार को 10 पैसे मजबूत होकर 94.40 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसंधान विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, ‘‘ रुपया एशिया के अन्य प्रमुख देशों की मुद्राओं के बीच बेहतर बना हुआ है, जिसे पूंजी प्रवाह में तेजी एवं कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से बल मिला है। जोखिम-उन्मुख धारणा के फिर से हावी होने के साथ, हमारा मानना है कि डॉलर प्रवाह के आधार पर स्थानीय रुपया 94 के स्तर की ओर बढ़ेगा। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 94.90 से 94.10 के बीच रह सकता है।’’
लगातार दूसरे दिन सोने की चमक पड़ी फीकी; चांदी में भी छाई सुस्ती
सोने और चांदी की कीमत में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट देखने को मिली। इससे सोने का दाम 1.45 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी का दाम 2.32 लाख रुपए प्रति किलो से नीचे आ गया है।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, 24 कैरेट सोने का दाम 3,123 रुपए कम होकर 1,44,970 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो कि पहले 1,48,093 रुपए प्रति 10 ग्राम था।
22 कैरेट सोने का दाम 1,35,653 रुपए प्रति 10 ग्राम से कम होकर 1,32,793 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है। 18 कैरेट सोने की कीमत कम होकर 1,08,728 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो कि पहले 1,11,070 रुपए प्रति 10 ग्राम थी। सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिली है।
चांदी का दाम 8,218 रुपए कम होकर 2,31,93 रुपए प्रति किलो हो गया है, जो कि पहले 2,40,191 रुपए प्रति किलो था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। कॉमेक्स पर सोना 1.68 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,174.47 डॉलर प्रति औंस और चांदी 2.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 64.91 डॉलर प्रति औंस पर थी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
