अर्थतंत्र की खबरें: शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी और महंगाई के चलते RBI बढ़ा सकता है रेपो रेट

राधाकृष्णन ने कहा, ‘‘वैश्विक बाजारों में कमजोरी के बावजूद भारतीय शेयर बाजारों में तेजी रही। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और भारतीय वित्तीय कंपनियों के शेयरों में विदेशी निवेशकों का लगातार निवेश इस तेजी की वजह रहा।

फोटो: IANS
i

विदेशी पूंजी का प्रवाह जारी रहने, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और रिलायंस इंडस्ट्रीज एवं बैंकिंग शेयरों में खरीदारी से घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही। बीएसई सेंसेक्स 427 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 25,387 अंक पर बंद हुआ।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 427.40 अंक यानी 0.52 प्रतिशत बढ़कर 82,532.19 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 792.70 अंक यानी 0.96 प्रतिशत चढ़कर 82,897.49 अंक पर पहुंच गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयर वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 96.30 अंक यानी 0.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,387.40 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, अदाणी पोर्ट्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा प्रमुख रूप से लाभ में रहीं। दूसरी तरफ, एचसीएल टेक, पावर ग्रिड, टेक महिंद्रा और इन्फोसिस के शेयर में गिरावट का रुख देखा गया।

शोध विश्लेषक फर्म एचएसटी वेल्थ के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हरिसेल्वन राधाकृष्णन ने कहा, ‘‘वैश्विक बाजारों में कमजोरी के बावजूद भारतीय शेयर बाजारों में तेजी रही। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और भारतीय वित्तीय कंपनियों के शेयरों में विदेशी निवेशकों का लगातार निवेश इस तेजी की वजह रहा। इसके उलट, वैश्विक बाजारों में प्रौद्योगिकी क्षेत्र के शेयरों में बिकवाली के कारण निवेशकों ने जोखिम लेने से परहेज किया।’’

रुपया 43 पैसे की बढ़त के साथ 93.51 प्रति डॉलर पर

रुपया मंगलवार को 43 पैसे मजबूत होकर 93.51 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, घरेलू शेयर बाजार में तेजी और विदेशी पूंजी के प्रवाह से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला। हालांकि, डॉलर की मजबूती और अमेरिका में बॉन्ड प्रतिफल ऊंचा रहने से रुपये की बढ़त सीमित रही।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.72 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 93.40 के उच्च स्तर तक गया और 93.73 के निचले स्तर तक आया। अंत में यह 93.51 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा जो पिछले बंद भाव से 43 पैसे की बढ़त है।रुपया सोमवार को 25 पैसे मजबूत होकर 93.94 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और घरेलू बाजारों में सकारात्मक रुख के कारण रुपये में मजबूती कायम रहने की उम्मीद है। विदेशी पूंजी का निरंतर प्रवाह भी रुपये को समर्थन दे सकता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, डॉलर की मजबूती और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में बढ़ोतरी से रुपये की तेज बढ़त सीमित रह सकती है। कारोबारियों की नजर अमेरिका के खुदरा बिक्री और औद्योगिक उत्पादन के आंकड़ों पर रहेगी। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 93.20 से 93.75 के दायरे में रहने का अनुमान है।’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी मुद्रा की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 103.54 पर रहा।


महंगाई बढ़ने पर आरबीआई दिसंबर और फरवरी में रेपो रेट 25-25 बेसिस पॉइंट बढ़ा सकता है: रिपोर्ट

नई सीरीज में पहली बार खुदरा महंगाई भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के 6 प्रतिशत के ऊपरी टॉलरेंस बैंड को पार कर गई है, इसलिए केंद्रीय बैंक दिसंबर और फरवरी में होने वाली मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठकों में रेपो रेट में 25-25 आधार अंक (बीपीएस) की बढ़ोतरी कर सकता है। मंगलवार को जारी चॉइस इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की रिपोर्ट में यह बात कही गई है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्तमान में 5.50 प्रतिशत पर मौजूद रेपो दर चरणबद्ध रूप से बढ़कर करीब 6.25 प्रतिशत के अंतिम स्तर तक पहुंच सकती है। रिपोर्ट के अनुसार, जोखिम इस बात का अधिक है कि ब्याज दरें और बढ़ें, न कि अपेक्षा से कम बढ़ें।

हाल ही में जारी आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2026 में खुदरा महंगाई दर (सीपीआई) बढ़कर 6.1 प्रतिशत हो गई, जो सितंबर में 5.5 प्रतिशत थी। नई उपभोक्ता मूल्य सूचकांक शृंखला में यह पहली बार है जब महंगाई आरबीआई की 6 प्रतिशत की अधिकतम सीमा से ऊपर पहुंची है।

रिपोर्ट के अनुसार, महंगाई अब केवल खाद्य पदार्थों तक सीमित नहीं रह गई है। कोर महंगाई भी सितंबर के 4.5 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर में 4.6 प्रतिशत हो गई। इसके साथ ही उपभोक्ता टोकरी की लगभग 60 प्रतिशत वस्तुओं की कीमतें 4 प्रतिशत से अधिक की दर से बढ़ रही हैं, जबकि एक महीने पहले यह हिस्सा केवल 37 प्रतिशत था। इसका अर्थ है कि आम परिवार जिन वस्तुओं और सेवाओं का उपभोग करते हैं, उनमें से लगभग दो-तिहाई वस्तुएं आरबीआई के मध्यम लक्ष्य स्तर से तेज गति से महंगी हो रही हैं।

खाद्य और पेय पदार्थों की महंगाई दर अक्टूबर में बढ़कर 8.5 प्रतिशत हो गई, जो सितंबर में 7.4 प्रतिशत थी। वहीं खाद्य सूचकांक 8.9 प्रतिशत पर पहुंचकर नई शृंखला का उच्चतम स्तर दर्ज कर गया।

रिपोर्ट के अनुसार, सब्जियों की महंगाई 10.9 प्रतिशत तक पहुंच गई, जो नई शृंखला में सबसे ऊंचा स्तर है। दिलचस्प बात यह है कि थोक बाजार में सब्जियों की कीमतों में नरमी शुरू हो चुकी है, लेकिन इसका प्रभाव खुदरा बाजार तक पूरी तरह नहीं पहुंचा है।

डेयरी उत्पादों की कीमतें भी चिंता का विषय बनी हुई हैं। दूध, अंडे और डेयरी उत्पादों की महंगाई दर बढ़कर 5.6 प्रतिशत हो गई है, जबकि जनवरी 2026 में यह लगभग 3 प्रतिशत थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह वृद्धि केवल मौसमी कारणों से नहीं, बल्कि प्रमुख सहकारी दुग्ध कंपनियों द्वारा बार-बार कीमतें बढ़ाने के कारण हुई है।

रिपोर्ट के अनुसार, अमूल, मदर डेयरी और नंदिनी जैसी कंपनियों ने लाभ मार्जिन को बनाए रखने के लिए पिछले महीनों में कई बार कीमतें बढ़ाई हैं। परिणामस्वरूप खुदरा दूध की औसत कीमत मार्च में लगभग 59 रुपए प्रति लीटर से बढ़कर करीब 63 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए