अर्थतंत्र की खबरें: धनतेरस पर सोने और चांदी हुए सस्ते, कीमतें करीब 4,500 रुपए तक घटीं और शेयर बाजार में तूफानी तेजी
22 कैरेट सोने का दाम घटकर 1,29,507 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो कि पहले 1,32,022 रुपए प्रति 10 ग्राम था। 18 कैरेट सोने की कीमत 1,08,097 रुपए प्रति 10 ग्राम से कम होकर 1,06,089 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है।

धनतेरस के मौके पर सोने और चांदी की कीमतों शुक्रवार को गिरावट देखने को मिली है। इससे दोनों कीमती धातुओं का दाम करीब 4,500 रुपए तक घट गया है।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) की ओर से जारी कीमतों को मुताबिक, 24 कैरेट सोने का दाम 2,677 रुपए कम होकर 1,41,452 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो कि पहले 1,44,129 रुपए प्रति 10 ग्राम था।
22 कैरेट सोने का दाम घटकर 1,29,507 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो कि पहले 1,32,022 रुपए प्रति 10 ग्राम था। 18 कैरेट सोने की कीमत 1,08,097 रुपए प्रति 10 ग्राम से कम होकर 1,06,089 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है। वायदा के साथ हाजिर बाजार में भी सोने और चांदी में गिरावट देखने को मिली।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का 4 दिसंबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 1.30 प्रतिशत घटकर 1,42,218 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था। चांदी का 4 दिसंबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 1.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,85,181 रुपए प्रति किलो पर था।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। खबर लिखे जाने तक कॉमेक्स पर सोने का दाम 0.94 प्रतिशत कम होकर 4,075 डॉलर प्रति औंस और चांदी का दाम 0.58 प्रतिशत घटकर 52.07 डॉलर प्रति औंस था।
धनतेरस पर शेयर बाजार में बरसा धन; सेंसेक्स 81,000 के पार बंद
दीपावली से पहले धनतेरस पर शुक्रवार को शेयर बाजार में बड़ी रैली देखने को मिली। दिन के अंत में सेंसेक्स 1,718.01 अंक या 2.17 प्रतिशत की तेजी के साथ 81,028.02 और निफ्टी 493.75 अंक या 2.01 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,030.35 पर बंद हुआ।
यह लगातार सातवां सत्र था, जब बाजार बढ़कर बंद हुआ है। इस दौरान बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का मार्केटकैप 30 लाख करोड़ रुपए बढ़कर 503 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो कि 28 अक्टूबर को 473 लाख करोड़ रुपए था।
बाजार में तेजी का नेतृत्व निजी बैंकों ने किया। सूचकांकों में निफ्टी प्राइवेट बैंक 3.22 प्रतिशत की तेजी के साथ टॉप गेनर था।
इसके अलावा निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 2.57 प्रतिशत, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.70 प्रतिशत, निफ्टी सर्विसेज 1.63 प्रतिशत, निफ्टी कंजप्शन 1.29 प्रतिशत, निफ्टी फार्मा 1.21 प्रतिशत, निफ्टी कमोडिटीज 0.84 प्रतिशत, निफ्टी इन्फ्रा 0.77 प्रतिशत और निफ्टी ऑटो 0.76 प्रतिशत की तेजी के साथ सबसे ज्यादा बढ़ने वाले सूचकांक थे।
हालांकि, निफ्टी मीडिया 1.52 प्रतिशत, निफ्टी इंडिया डिफेंस 0.92 प्रतिशत और निफ्टी एनर्जी 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद होने वाले सूचकांक थे।
मिडकैप और स्मॉलकैप में मिलाजुला कारोबार हुआ। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 157.40 अंक या 0.82 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 18,975.05 और निफ्टी मिडकैप 14.25 अंक या 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 60,606.65 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स पैक में 30 में से 29 शेयर हरे निशान में बंद हुए।
रुपया 52 पैसे उछलकर 93.89 प्रति डॉलर पर बंद
रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 52 पैसे उछलकर 93.89 (अस्थायी) पर बंद हुआ। डॉलर में कमजोर रुख और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में नरमी से रुपये को समर्थन मिला।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजारों में तेजी और कृत्रिम मेधा (एआई) पर खर्च में सुस्ती की आशंकाओं से भी रुपये को लेकर धारणा मजबूत हुई।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.50 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.82 के उच्च तथा 94.50 के निचले स्तर तक गया। अंत में 93.89 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 52 पैसे की बढ़त है। रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.41 पर बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमारा अनुमान है कि घरेलू बाजारों में मजबूती और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) का निवेश बढ़ने से रुपया सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के बाद डॉलर में कमजोर रुख और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में गिरावट से भी रुपये को समर्थन मिल सकता है।’’
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
