Gold-Silver Price Today: सोना हुआ सस्ता, चांदी भी टूटी, जानें क्या हैं आज के भाव?
सोने की कीमतों में गिरावट आई है। अमेरिका-ईरान तनाव, महंगे क्रूड, मजबूत डॉलर और बढ़ती बॉन्ड यील्ड ने सोने पर दबाव बढ़ाया है।

सोने की कीमतों में आज गिरावट देखने को मिली है। अमेरिका के ईरान पर हमले और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर सोना-चांदी के बाजार पर भी दिखाई दिया। सुबह शेयर बाजार में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोना 90 रुपये की गिरावट के बाद करीब 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। वहीं, 22 कैरेट सोने का भाव करीब 1.38 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। सोने की कीमतों में यह कमजोरी वैश्विक बाजार के दबाव के बीच आई है।
दिल्ली में सोने का भाव
देश की राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,50,930 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। 22 कैरेट सोने का भाव 1,38,250 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। बिहार की राजधानी पटना में 24 कैरेट गोल्ड 1,50,940 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा, जहां कीमत में 90 रुपये की कमी आई। पटना में 22 कैरेट सोना 1.38 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर रहा।
मुंबई में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,51,020 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। यहां सोने के भाव में 96 रुपये की गिरावट दर्ज की गई, जबकि 22 कैरेट गोल्ड 1.38 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 24 कैरेट सोना 1,50,890 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। यहां भाव 94 रुपये कम हुआ और 22 कैरेट सोना 1,38,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा।
डॉलर और बॉन्ड यील्ड ने बढ़ाया दबाव
सोने की कीमतों में गिरावट की बड़ी वजह डॉलर की मजबूती और बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी बताई जा रही है। दुनिया भर में सरकारी बॉन्ड की बिकवाली बढ़ने से यील्ड 2008 के बाद के ऊंचे स्तरों पर पहुंच गई है। मजबूत डॉलर के कारण डॉलर में खरीदा जाने वाला सोना निवेशकों के लिए महंगा हो गया है। वहीं, सोने से ब्याज नहीं मिलता, इसलिए बॉन्ड यील्ड बढ़ने पर निवेशक सोने के बजाय बॉन्ड जैसे विकल्पों को प्राथमिकता देने लगते हैं।
इसके साथ ही अमेरिका में ब्याज दरों को लेकर बदली उम्मीदों ने भी सोने पर दबाव बढ़ाया है। महंगाई को लेकर फेड के सख्त रुख और तेल की कीमतों में तेजी के बीच सितंबर की फेड बैठक में ब्याज दर बढ़ने की संभावना बढ़ी है। दरों में बढ़ोतरी की उम्मीद से डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड दोनों मजबूत हुए हैं, जिसका सीधा असर सोने की कीमतों पर पड़ा है।
अमेरिका-ईरान तनाव और महंगा क्रूड भी वजह
अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष फिर तेज होने से बाजार में भी उथल-पुथल बढ़ी है। अमेरिका के ईरान पर नए हमलों और तेहरान के जवाबी हमलों के बीच कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने की आशंका है। इससे महंगाई का दबाव बढ़ सकता है। ऐसे माहौल में निवेशक सोने के बजाय डॉलर और दूसरे एसेट्स की ओर रुख कर रहे हैं। इसका असर अंतरराष्ट्रीय बाजार से लेकर भारतीय सर्राफा बाजार और MCX तक सोने की कीमतों पर दिखाई दे रहा है। चांदी की कीमतों पर भी इसी बाजार दबाव का असर देखा गया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
