Gold-Silver Price Today: फेड के फैसले के बाद बदले सोना-चांदी के तेवर, जानें आज का ताजा रेट
फेड के फैसले के बाद MCX पर सोने में हल्की तेजी देखने को मिली, वहीं, चांदी में 0.46% गिरावट दर्ज की गई।

अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों पर फैसले के बाद गुरुवार को सर्राफा बाजार की शुरुआत मिलीजुली रही। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना मामूली बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा, जबकि चांदी में करीब आधा फीसदी की कमजोरी रही। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों कीमती धातुएं सीमित दायरे में कारोबार करती नजर आईं। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि फेड के फैसले और भविष्य में ब्याज दरों को लेकर बने संकेतों का असर फिलहाल बुलियन बाजार पर दिखाई दे रहा है।
MCX पर सोने में हल्की तेजी, चांदी कमजोर
एमसीएक्स पर 5 अक्तूबर 2026 डिलीवरी वाला सोना 1,43,283 रुपये प्रति 10 ग्राम के पिछले बंद भाव के मुकाबले 1,43,300 रुपये पर खुला। सुबह 9:45 बजे तक यह 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,43,480 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। शुरुआती कारोबार में सोने ने 1,43,101 रुपये का निचला और 1,43,663 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऊपरी स्तर छुआ, जिससे साफ है कि कीमतें सीमित दायरे में बनी हुई हैं।
वहीं, 4 सितंबर 2026 डिलीवरी वाली चांदी का कॉन्ट्रैक्ट 2,17,479 रुपये प्रति किलो के पिछले बंद स्तर के मुकाबले 2,16,389 रुपये पर खुला। सुबह के कारोबार में यह 0.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,16,473 रुपये प्रति किलो पर था। कारोबार के दौरान चांदी का न्यूनतम स्तर 2,15,402 रुपये और उच्चतम स्तर 2,17,479 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी मिला-जुला रुख
वैश्विक बाजार में भी सोने और चांदी की चाल अलग-अलग रही। कॉमेक्स पर सोना 0.35 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,050 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 0.73 प्रतिशत की गिरावट के साथ 57 डॉलर प्रति औंस पर थी। इससे संकेत मिल रहे हैं कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी निवेशक फिलहाल सतर्क रुख अपनाए हुए हैं।
फेड के फैसले का बुलियन बाजार पर असर
जानकारों के अनुसार, अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने अपनी ताजा बैठक में 9-3 के मत विभाजन से ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करने का फैसला लिया। हालांकि, तीन सदस्यों ने महंगाई पर काबू पाने के लिए ब्याज दर बढ़ाने के पक्ष में मतदान किया। विशेषज्ञों का मानना है कि यह बंटा हुआ फैसला भविष्य में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना का संकेत देता है। इसी वजह से बुलियन बाजार पर दबाव बना हुआ है और सोना-चांदी फिलहाल सीमित दायरे में कारोबार कर रहे हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
