Gold-Silver Price Today: सोना फिर चढ़ा, चांदी फिसली, जानिए आज आपके शहर में क्या है नया रेट
अमेरिका और ईरान तनाव के बीच सोने की कीमतों में तेजी आई है, जबकि चांदी में गिरावट दर्ज हुई। विदेश व्यापार महानिदेशालय ने चांदी आयात नियम भी बदल दिए हैं।

देशभर में आज सोने की कीमतों में बढ़त दर्ज की गई है। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव तथा डॉलर में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के बीच निवेशक सोने को सुरक्षित निवेश (सेफ हेवन) के रूप में देख रहे हैं। इसी वजह से सोने की मांग बढ़ी है और कीमतों में भी तेजी दिखाई दे रही है। आज सोने के भाव में कल के मुकाबले 0.14 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
देश के प्रमुख शहरों में क्या है सोने का भाव?
आज देश के ज्यादातर हिस्सों में 24 कैरेट सोने की कीमत करीब 1,56,360 रुपये प्रति 10 ग्राम है, जबकि 22 कैरेट सोना 1,43,340 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं 18 कैरेट सोने का भाव 1,17,310 रुपये प्रति 10 ग्राम है। दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,56,360 रुपये और 22 कैरेट का रेट 1,43,340 रुपये है। मुंबई में 24 कैरेट सोना 1,50,890 रुपये और 22 कैरेट 1,43,700 रुपये प्रति 10 ग्राम बिक रहा है।
बेंगलुरु में 24 कैरेट सोने का भाव 1,51,520 रुपये और 22 कैरेट का भाव 1,44,300 रुपये प्रति 10 ग्राम है। वहीं, कोलकाता में 24 कैरेट सोना 1,56,210 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,43,190 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। लखनऊ और नोएडा में भी 24 कैरेट सोने की कीमत 1,56,360 रुपये तथा 22 कैरेट सोने की कीमत 1,43,340 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
चांदी में हल्की नरमी, कीमत अब भी ऊंचे स्तर पर
सोने के उलट चांदी की कीमतों में आज हल्की गिरावट देखने को मिली है। प्रति ग्राम चांदी का भाव 0.10 रुपये और प्रति किलोग्राम कीमत 100 रुपये तक कम हुई है। इसके बाद चांदी का रेट 2,79,900 रुपये प्रति किलोग्राम और 279 रुपये प्रति ग्राम पर पहुंच गया है।
मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु, पुणे, वडोदरा और अहमदाबाद समेत कई शहरों में चांदी की कीमत प्रति 10 ग्राम 2,799 रुपये, 100 ग्राम 27,990 रुपये और एक किलोग्राम 2,79,900 रुपये है। हालांकि चेन्नई सहित कुछ दक्षिण भारतीय बाजारों में चांदी का भाव अधिक है, जहां इसकी कीमत 2,89,900 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज की गई है।
चांदी आयात पर सरकार की सख्ती
इस बीच भारत में रिकॉर्ड स्तर पर हो रहे चांदी के आयात को देखते हुए सरकार और विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने बड़ा कदम उठाया है। नए फैसले के तहत चांदी के दानों और पाउडर के आयात को 'फ्री' श्रेणी से हटाकर 'प्रतिबंधित' कैटेगरी में डाल दिया गया है।
इस बदलाव के बाद ज्वेलर्स और बैंकों को चांदी के आयात से पहले सरकार से विशेष लाइसेंस और मंजूरी हासिल करनी होगी। माना जा रहा है कि यह कदम चांदी के आयात पर बेहतर निगरानी और नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
