अर्थ जगत की 5 बड़ी खबरें: धनतेरस पर बढ़ी सर्राफा बाजार की रौनक और बढ़त के साथ बंद हुआ शेयर बाजार

इस साल दिवाली से ठीक एक दिन पहले धनतेरस के दिन सर्राफा बाजार में रौनक छाई हुई है। आज सोने और चांदी की बिक्री में तेजी आते हुई दिखाई दी और आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार में रौनक लौट आई और यह बढ़त के साथ बंद हुआ।

फोटो: Getty Image
फोटो: Getty Image
user

पवन नौटियाल @pawanautiyal

धनतेरस पर बढ़ी सर्राफा बाजार की रौनक, जानिए- आज क्या है सोने-चांदी के दाम

इस साल दिवाली से ठीक एक दिन पहले धनतेरस के दिन सर्राफा बाजार में रौनक छाई हुई है। आज सोने और चांदी की बिक्री में तेजी आते हुई दिखाई दी। धनतेरस और दिवाली के शुभ अवसर पर आज सोने की कीमत 241 रुपये बढ़कर 50,425 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। त्योहारों के चलते कीमती धातुओं की मांग बढ़ी है। वहीं, चांदी 161 रुपये बढ़कर 62,542 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। गुरुवार को इसकी कीमत 62,381 रुपये प्रति किलोग्राम थी। भारत में धनतेरस पर सोना, चांदी और अन्य कीमती सामान खरीदने के लिए शुभ माना जाता है। इसलिए आज बढ़ती मांग के अनुरूप सोने की कीमत में उछाल आया।

शेयर बाजार में लौटी रौनक, 43000 के पार बंद हुआ सेंसेक्स

आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार में रौनक लौट आई और यह बढ़त के साथ बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 0.20 फीसदी की तेजी के साथ 85.81 अंक ऊपर 43443 के स्तर पर बंद हुआ। जबकि, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.23 फीसदी (29.15 अंक) की बढ़त के साथ 12719.15 के स्तर पर बंद हुआ। सूचकांक ने वर्ष 2020 में हुए पूरे नुकसान की भरपाई कर ली है। यह एक जनवरी 2020 को 41,306.02 पर बंद हुआ था।

स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान ने भारतीय कंटेंट के लिए ऑनलाइन पेमेंट पर लगाया प्रतिबंध

स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान ने भारत के इलेक्ट्रोनिक मीडिया कंटेंट के लिए तत्काल प्रभाव से ऑनलाइन पेमेंट पर प्रतिबंध लगा दिया है। शुक्रवार को एक मीडिया रिपोर्ट से यह जानकारी मिली। डॉन न्यूज ने 9 नवंबर को जारी एक सर्कुलर के हवाले से कहा, "हमें कैबिनेट के निर्णय का एक पत्र मिला है, जिसमें पाकिस्तान सरकार ने जी-5 वीडियो-ऑन-डिमांड समेत भारतीय कंटेंट को सब्सक्राइब करने के लिए क्रेडिट कार्ड समेत पेमेंट के विभिन्न माध्यमों पर प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है।" इसपर, पाकिस्तान इलेक्ट्रोनिक मीडिया रेगुलेटरी ऑथॉरिटी के पूर्व अध्यक्ष अबसार आलम ने कहा कि भारतीय कंटेंट पहले से ही पाकिस्तान में प्रतिबंधित है, इसलिए नया सुर्कलर डीटीएच सेवा के लिए ऑनलाइन पेमेंट पर प्रभाव डाल सकता है। उन्होंने कहा कि जिनके पास डीटीएच सुविधा है। उनमें से अधिकतर भारतीय कंटेंट को देखते हैं और ऑनलाइन पेमेंट करते हैं। आलम ने कहा, "अब सब्सक्राइबर सीधे पाकिस्तान से पेमेंट नहीं कर पाएंगे, लेकिन भारतीय प्रोवाइडर संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों से पेमेंट पा सकते हैं।"

ट्रंप ने चीनी आर्मी से संबंध रखने वाली 31 कंपनियों पर लगाया बैन

डोनाल्ड ट्रम्प ने एक नया आदेश जारी किया है। इसके मुताबिक चीन की सेना (PLA) के साथ संबंध रखने वाली 31 कंपनियों में अमेरिकी निवेश पर बैन लगा दिया गया है। माना जा रहा है कि अमेरिका का यह कदम चीन पर दबाव बनाने के लिए उठाया गया है। राष्ट्रपति ट्रम्प ने इस नए आदेश को गुरुवार मंजूरी दी। आदेश में कहा गया है कि - चीन, अमेरिकी निवेश का इस्तेमाल अपनी मिलिट्री को मॉडर्न बनाने में कर रहा है। इससे अमेरिकी सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया है

BPCL को बेचने वाली 4 याचिका को बॉम्बे हाई कोर्ट ने किया खारिज

बॉम्बे हाई कोर्ट ने सरकारी तेल कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड को बेचने से रोकने के लिए दायर की गई जनहित याचिका को खारिज कर दिया है। इस याचिका में यह मांग की गई थी कि BPCL की बिक्री के लिए जो कैबिनेट कमिटी ऑफ इकोनॉमिक की मंजूरी दी गई है, उसे रोका जाए। जस्टिस एस.सी. गुप्ते और माधव जामदार की बेंच ने कुल 4 PIL को खारिज किया है। इन सभी PIL में BPCL के विनिवेश के सरकार के फैसले को रोकने की मांग की गई थी।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia