Gold-Silver Price Today: सोना-चांदी में आई बड़ी गिरावट, खरीदारी का मौका या अभी और टूटेंगे भाव?
सोना-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। दो दिन में चांदी ₹22,246 और सोना ₹7,627 सस्ता हुआ है।

सोना और चांदी के दामों में एक बार फिर बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर लगातार दूसरे दिन दोनों कीमती धातुओं में बिकवाली का दबाव बना रहा। सबसे ज्यादा असर चांदी पर दिखा, जिसकी वायदा कीमत महज दो कारोबारी दिनों में 22,246 रुपये प्रति किलोग्राम तक टूट गई। वहीं सोना भी तेज गिरावट के साथ नीचे आया है और 24 कैरेट गोल्ड का वायदा भाव 1.46 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंच गया है।
चांदी में दो दिन में ₹22,246 की बड़ी गिरावट
MCX पर 3 जुलाई एक्सपायरी वाली चांदी का भाव गुरुवार को 2,37,572 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। शुक्रवार को कारोबार शुरू होते ही इसमें एक और बड़ी गिरावट दर्ज की गई और कीमत फिसलकर 2,29,561 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। यानी एक ही दिन में चांदी 8,011 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हो गई।
अगर पिछले दो कारोबारी दिनों का आंकड़ा देखें तो बुधवार को चांदी 2,51,807 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। इसके बाद गुरुवार को यह 2,37,572 रुपये और शुक्रवार को 2,29,561 रुपये प्रति किलोग्राम तक गिर गई। इस तरह सिर्फ दो दिनों में चांदी की कीमत 22,246 रुपये प्रति किलोग्राम टूट गई है।
सोने में भी लगातार गिरावट
सोने की वायदा कीमत भी चांदी की राह पर चलती नजर आई। MCX पर 5 अगस्त एक्सपायरी वाले 24 कैरेट सोने का भाव शुक्रवार को कारोबार शुरू होते ही 1,46,252 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले यह 1,49,309 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। यानी एक दिन में ही सोना 3,057 रुपये सस्ता हो गया।
पिछले दो कारोबारी दिनों में सोने की कीमत में भी बड़ी कमजोरी दर्ज की गई है। 17 जून को 10 ग्राम सोने का भाव 1,53,879 रुपये था, जो अब घटकर 1,46,252 रुपये रह गया है। इस हिसाब से सोना दो दिनों में 7,627 रुपये कमजोर हुआ है। वहीं जनवरी में इसी वायदा सोने ने पहली बार 2 लाख रुपये का स्तर पार किया था और इसका रिकॉर्ड हाई 2,04,375 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा है। मौजूदा भाव इस उच्चतम स्तर से 58,123 रुपये नीचे है।
अमेरिका के फैसले का दिखा असर
सोना-चांदी की कीमतों में आई इस बड़ी गिरावट के पीछे अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व का फैसला अहम माना जा रहा है। अमेरिकी फेड ने जून 2026 की बैठक में ब्याज दरों को 3.50 फीसदी से 3.75 फीसदी के दायरे में स्थिर रखने का फैसला किया है। हालांकि, फेड अधिकारियों ने महंगाई बढ़ने की आशंका जताते हुए आगे ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना भी व्यक्त की है।
बाजार पर इसी संकेत का असर देखने को मिला और निवेशकों की धारणा बदलने के साथ सोना-चांदी की कीमतों में लगातार दबाव बना रहा। नतीजतन दोनों कीमती धातुओं में दो दिनों से तेज गिरावट का सिलसिला जारी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
