Gold-Silver Price Today: सोना-चांदी में फिर गिरावट, चांदी 3000 और सोना 1200 रुपये टूटा, जानें आज के ताजा भाव

स्वतंत्रता दिवस से पहले सोने और चांदी के दाम लगातार दूसरे दिन गिरे हैं। MCX पर चांदी करीब 3000 रुपये और सोना 1200 रुपये तक टूट गया है।

फोटो: IANS
i

स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। सोने-चांदी के दाम लगातार दूसरे दिन नीचे आए हैं। घरेलू वायदा बाजार यानी MCX पर चांदी के 4 सितंबर फ्यूचर में करीब 3,000 रुपये की गिरावट आ चुकी है। चांदी फिलहाल 2,32,454 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास कारोबार कर रही है। वहीं सोने के 5 अक्टूबर फ्यूचर में करीब 1,200 रुपये की गिरावट आई है और कीमत 1,52,300 रुपये के नीचे कारोबार कर रही है।

वैश्विक बाजार में भी सोना-चांदी दबाव में

सोने और चांदी की कीमतों में यह गिरावट ऐसे समय आई है जब वैश्विक बाजार में कई तरह के दबाव बने हुए हैं। कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर तेजी आई है, जबकि डॉलर मजबूत हो रहा है। दूसरी ओर अमेरिका से आए महंगाई के आंकड़ों ने भी बाजार की चिंता बढ़ाई है। महंगाई बढ़ने के कारण अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

ब्याज दरों को लेकर बाजार की चिंता सोने और चांदी पर दबाव डाल रही है। अगर अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ती हैं तो दोनों कीमती धातुओं में और बड़ी गिरावट आ सकती है। सोने-चांदी में पिछले कुछ दिनों की तेजी के बाद निवेशकों की ओर से मुनाफावसूली भी देखने को मिल रही है।

रॉयटर्स के मुताबिक, शुक्रवार को स्पॉट गोल्ड करीब 0.5 फीसदी गिरकर 4,326.75 डॉलर प्रति औंस पर आ गया और साप्ताहिक आधार पर भी यह गिरावट की ओर था। यानी घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों पर दबाव बना हुआ है।


ग्लोबल मार्केट में भी टूटा भाव

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना करीब 40 डॉलर यानी लगभग 1 फीसदी टूटकर 4,379.75 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी की कीमत में 1.30 फीसदी की गिरावट आई और यह 64.15 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रही थी।

बाजार में मौजूदा गिरावट के बावजूद अगस्त महीने में सोने और चांदी ने जोरदार तेजी दर्ज की है। इस महीने सोने की कीमत में करीब 9,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जबकि चांदी करीब 15,000 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हुई है। ऐसे में हाल की गिरावट को तेजी के बाद होने वाली मुनाफावसूली के तौर पर भी देखा जा रहा है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए