Gold-Silver Price Today: सोना-चांदी सस्ते, क्या अभी खरीदारी का है मौका? जानें ताजा भाव

सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है, जिसमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार दोनों में कमजोरी देखी जा रही है। डॉलर की मजबूती व वैश्विक अनिश्चितता इसका प्रमुख कारण बनी हुई है।

फोटो: IANS
i
user

नवजीवन डेस्क

देश में मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई, जिससे बाजार में सतर्कता का माहौल दिखा। शुरुआती कारोबार में दोनों कीमती धातुएं करीब 0.68 प्रतिशत तक कमजोर रहीं। वैश्विक स्तर पर बढ़ती अनिश्चितता और डॉलर इंडेक्स की मजबूती को इस गिरावट की मुख्य वजह माना जा रहा है।

एमसीएक्स पर सोना-चांदी के भाव

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सुबह 10:27 बजे सोने का 5 जून 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 0.16 प्रतिशत यानी 243 रुपए गिरकर 1,53,700 रुपए पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान सोने ने 1,53,675 रुपए का न्यूनतम और 1,53,922 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ।

वहीं चांदी का 5 मई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 0.70 प्रतिशत यानी 1,776 रुपए टूटकर 2,50,769 रुपए पर आ गया। दिन में चांदी का न्यूनतम स्तर 2,50,210 रुपए और उच्चतम स्तर 2,51,222 रुपए रहा।


अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दबाव

वैश्विक बाजारों में भी सोने और चांदी पर दबाव बना हुआ है। सोना 0.43 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,807 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 1.44 प्रतिशत गिरकर 78.885 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।

इससे साफ है कि घरेलू बाजार में गिरावट केवल स्थानीय कारणों से नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय रुझानों से भी प्रभावित है।

भू-राजनीतिक अनिश्चितता और बाजार का रुख

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के कमोडिटी विश्लेषक मानव मोदी के अनुसार, अमेरिका-ईरान युद्धविराम और आगामी मैक्रो घटनाओं को लेकर अनिश्चितता के कारण निवेशकों में सतर्कता बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि युद्धविराम खत्म होने से पहले शांति वार्ता होगी या नहीं, इस पर स्पष्टता नहीं है। अमेरिका की ओर से वार्ता के संकेत मिले हैं, लेकिन ईरान ने नौसैनिक नाकाबंदी के चलते बातचीत पर संशय जताया है। वहीं कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि तेहरान क्षेत्रीय मध्यस्थों के जरिए वार्ता में शामिल हो सकता है। हालिया सैन्य गतिविधियों, जैसे अमेरिका द्वारा ईरान के झंडे वाले जहाज को जब्त करना, ने जोखिम और बढ़ा दिया है।


डॉलर की मजबूती भी बड़ी वजह

सोने और चांदी में गिरावट की एक अहम वजह डॉलर इंडेक्स का मजबूत होना भी है, जो 97.94 के स्तर पर पहुंच गया है। आमतौर पर डॉलर मजबूत होने पर सोना-चांदी कमजोर पड़ते हैं, और इस बार भी यही ट्रेंड देखने को मिला है।