Gold-Silver Price Today: सोना-चांदी के दाम में गिरावट, खरीदने से पहले जान लें आज का ताजा रेट

मध्यपूर्व में बढ़ते तनाव के बीच MCX पर सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।

फोटो: सोशल मीडिया
i

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच शुक्रवार को घरेलू वायदा बाजार में सोना और चांदी गिरावट के साथ खुले। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने में करीब आधा प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई, जबकि चांदी में भी हल्की गिरावट देखने को मिली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों कीमती धातुओं का रुख मिला-जुला रहा।

MCX पर सोना-चांदी का ताजा भाव

एमसीएक्स पर 5 अगस्त 2026 डिलीवरी वाला सोने का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,45,300 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 410 रुपये या 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,44,890 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। शुरुआती कारोबार में गिरावट और बढ़ी तथा सुबह करीब 10 बजे यह 696 रुपये या 0.48 प्रतिशत टूटकर 1,44,603 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।

वहीं, 4 सितंबर 2026 डिलीवरी वाला चांदी का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2,26,377 रुपये प्रति किलोग्राम के मुकाबले लगभग सपाट 2,26,368 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला। खबर लिखे जाने तक चांदी 244 रुपये या 0.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,26,133 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।


अंतरराष्ट्रीय बाजार में मिला-जुला रुख

विदेशी बाजार में कॉमेक्स (COMEX) पर सोना 0.30 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,128 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 60.86 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। यानी घरेलू बाजार की तरह वैश्विक बाजार में भी दोनों कीमती धातुओं की चाल अलग-अलग रही।

मध्यपूर्व तनाव का बाजार पर असर

विदेशी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मध्यपूर्व में तनाव लगातार बढ़ रहा है। अमेरिका की ओर से हवाई हमले किए जाने के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिका के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इसके बाद दक्षिणी ईरान के बुशहर, कोनारक, चोघादक और बंदर अब्बास समेत कई इलाकों में धमाकों की खबरें भी सामने आईं। इन घटनाओं के बीच निवेशकों की नजर वैश्विक हालात और कमोडिटी बाजार की आगे की चाल पर बनी हुई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए