Gold-Silver Price Today: सोने की कीमत में मामूली गिरावट, चांदी भी सस्ती, जानें आज का रेट

सोने और चांदी की कीमत में आज नरमी देखने को मिली है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बिकवाली और डॉलर की मजबूती का असर बाजार पर पड़ा है।

फोटोः सोशल मीडिया
i

सोने की कीमत में आज मामूली गिरावट देखने को मिल रही है। गुडरिटर्न्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 24 कैरेट सोने का भाव 10 रुपये घटकर 1,54,300 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। इसी तरह 22 कैरेट सोना भी 10 रुपये सस्ता होकर 1,41,440 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। 18 कैरेट सोने की कीमत भी 10 रुपये की गिरावट के साथ 1,15,720 रुपये प्रति 10 ग्राम है।

सोने के भाव में क्यों आई गिरावट?

अंतरराष्ट्रीय बाजार में मुनाफावसूली और बिकवाली बढ़ने का असर सोने की कीमतों पर दिखाई दे रहा है। वैश्विक निवेशक फिलहाल सतर्क रुख अपना रहे हैं और उनकी नजरें अमेरिकी फेडरल रिजर्व के आगामी ब्याज दर फैसले पर टिकी हैं। ब्याज दरों में संभावित बदलाव को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच ट्रेडर्स सोने-चांदी से पैसा निकालकर सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं।

अमेरिकी फेडरल रिजर्व की अगली बैठक 15 और 16 सितंबर 2026 को होने वाली है। ऐसे में इस बैठक से पहले बाजार में सतर्कता बढ़ी हुई है। ब्याज दरों को लेकर किसी भी संभावित बदलाव की आशंका का असर सोने जैसी नॉन-यील्डिंग एसेट पर पड़ता है, क्योंकि इससे निवेशकों के लिए एफडी या सरकारी बॉन्ड जैसे विकल्प आकर्षक हो सकते हैं।


डॉलर मजबूत होने से भी सोने पर दबाव

सोने की कीमतों में आज की गिरावट की एक बड़ी वजह डॉलर इंडेक्स में मजबूती भी है। अमेरिकी डॉलर मजबूत होने पर वैश्विक बाजार में सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव बढ़ता है। दूसरी करेंसी में कारोबार करने वाले खरीदारों के लिए सोना महंगा हो जाता है, जिससे इसकी मांग में अस्थायी कमी आ सकती है।

डॉलर के मजबूत होने की स्थिति में निवेशक सोने से पैसा निकालने लगते हैं। इसकी एक वजह यह भी है कि सोना नॉन-यील्डिंग एसेट है, यानी इससे बैंक एफडी या सरकारी बॉन्ड की तरह कोई तय ब्याज या डिविडेंड नहीं मिलता। इसलिए ब्याज दरें बढ़ने की संभावना के बीच कुछ निवेशक सोने से पैसा निकालना पसंद करते हैं।

चांदी के भाव में भी मामूली गिरावट

सोने के साथ आज चांदी की कीमत में भी हल्की गिरावट दर्ज हुई है। भारत में चांदी का भाव 249.90 रुपये प्रति ग्राम और 2,49,900 रुपये प्रति किलोग्राम है। इसमें प्रति ग्राम 0.10 पैसे की गिरावट आई है, जबकि एक किलोग्राम चांदी का भाव 100 रुपये कम हुआ है।

दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, पुणे, वडोदरा और अहमदाबाद जैसे शहरों में चांदी का भाव 2,499 रुपये प्रति 10 ग्राम है। वहीं चेन्नई में चांदी की कीमत थोड़ी ज्यादा 2,549 रुपये प्रति 10 ग्राम है।