Gold-Silver Price Today: सोने-चांदी में फिर आया उछाल, क्या अब टूटेगा तेजी का अगला रिकॉर्ड?

सोने और चांदी की कीमतों में तेजी लौटी है। घरेलू बाजार में चांदी 0.65% और सोना 0.14% बढ़ा है।

फोटोः सोशल मीडिया
i
  • सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को तेजी लौटी, शुरुआती कारोबार में दोनों धातुएं चढ़ीं।

  • एमसीएक्स पर सोना 1,53,495 रुपये और चांदी 2,39,954 रुपये के ऊपरी स्तर तक पहुंची।

  • अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना 4,406 डॉलर और चांदी 66 डॉलर प्रति औंस पर मजबूत रही।

  • विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिकी बाजार की प्रतिक्रिया और बॉन्ड की कीमतें सोने के लिए अहम रहेंगी।

सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को तेजी लौटती दिखी। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर शुरुआती कारोबार में दोनों कीमती धातुओं के दाम बढ़े। सुबह 10:30 बजे सोना 217 रुपये यानी 0.14 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,53,198 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।

एमसीएक्स पर सोने का 5 अक्टूबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,52,981 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 1,52,250 रुपये पर खुला। कारोबार के दौरान सोने ने 1,52,171 रुपये का निचला स्तर और 1,53,495 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऊपरी स्तर छुआ। इस तरह सोने में तेजी का रुझान बना हुआ है।

चांदी में 1,557 रुपये की तेजी

सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी मजबूती रही। एमसीएक्स पर चांदी का 5 दिसंबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2,38,205 रुपये प्रति किलो के मुकाबले 2,38,478 रुपये पर खुला।

सुबह 10:30 बजे चांदी 1,557 रुपये यानी 0.65 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,39,762 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी। कारोबार के दौरान चांदी ने 2,38,478 रुपये प्रति किलो का न्यूनतम स्तर और 2,39,954 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ।


अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी बुलियन मजबूत

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखी गई। कॉमेक्स पर सोना 0.16 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,406 डॉलर प्रति औंस और चांदी 1.02 प्रतिशत की मजबूती के साथ 66 डॉलर प्रति औंस पर थी।

मार्केट एक्सपर्ट के मुताबिक फेडरल रिजर्व की ओर से 25 आधार अंक की ब्याज दर बढ़ोतरी बाजार की उम्मीद के मुताबिक रही। वहीं, डॉलर की मजबूती और इक्विटी बाजार में हालिया गिरावट का असर बुलियन पर पड़ रहा है।

आगे सोने के लिए अमेरिकी बाजार की ओर से फेड के फैसले पर आने वाली प्रतिक्रिया और बॉन्ड की बढ़ी हुई कीमतें अहम कारक रहेंगी। भारतीय बाजार में सोने की कीमत 1,49,000 रुपये से 1,53,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच रह सकती है।