Gold-Silver Price Today: क्या आज सस्ता हुआ सोना या फिर बढ़े दाम? जानें आज के ताजा भाव

24 कैरेट सोना 1,46,520 रुपये प्रति 10 ग्राम पर स्थिर है, जबकि चांदी 2,40,100 रुपये प्रति किलो पर बनी हुई है।

फोटोः सोशल मीडिया
i

देशभर में आज सोने की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। बुधवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी और डॉलर की मजबूती के कारण प्रति 10 ग्राम 2,100 से 2,290 रुपये तक की बड़ी बढ़ोतरी के बाद आज सोना उसी ऊंचे स्तर पर स्थिर बना हुआ है। वहीं, चांदी की कीमतों में भी कोई बदलाव नहीं आया और यह भी अपने ऊंचे स्तर पर कारोबार करती रही।

24 कैरेट से 18 कैरेट तक जानें आज का ताजा भाव

आज 24 कैरेट सोने की औसत कीमत 1,46,520 रुपये प्रति 10 ग्राम है। वहीं, 22 कैरेट सोना 1,34,310 रुपये और 18 कैरेट सोना 1,09,890 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बना हुआ है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 1,46,670 रुपये प्रति 10 ग्राम है, जो राष्ट्रीय औसत से थोड़ा अधिक है। दूसरी ओर, स्थानीय टैक्स अधिक होने की वजह से चेन्नई देश का सबसे महंगा सर्राफा बाजार बना हुआ है, जहां 24 कैरेट सोने की कीमत 1,48,140 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई।


सोना महंगा क्यों बना हुआ है?

सोने की ऊंची कीमतों के पीछे कई वजहें हैं। मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तेजी बनी हुई है। ऐसे माहौल में निवेशक शेयर बाजार से पैसा निकालकर सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की ओर रुख कर रहे हैं।

इसके अलावा, डॉलर के मुकाबले रुपया 96.53 रुपये के रिकॉर्ड कमजोर स्तर पर बना हुआ है। इससे सोने का आयात महंगा हो गया है, जिसका सीधा असर घरेलू बाजार में कीमतों पर दिखाई दे रहा है। यही वजह है कि बुधवार की तेज बढ़ोतरी के बाद भी सोने के दाम ऊंचे स्तर पर टिके हुए हैं।

चांदी भी ऊंचे स्तर पर कायम, जानें शहरों के रेट

घरेलू हाजिर बाजार में आज चांदी की औसत कीमत 2,40,100 रुपये प्रति किलोग्राम है। यानी प्रति 10 ग्राम चांदी का भाव 2,401 रुपये बैठता है।

शहरों की बात करें तो दिल्ली और चेन्नई में चांदी 2,45,000 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही है। वहीं मुंबई, कोलकाता और अहमदाबाद में चांदी का भाव 2,40,100 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया है। इससे साफ है कि सोने की तरह चांदी भी फिलहाल ऊंचे स्तर पर बनी हुई है और बाजार में किसी बड़ी नरमी के संकेत नहीं दिख रहे हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए