Gold-Silver Price Today: सोने ने पकड़ी रफ्तार, चांदी में 1.13% की छलांग, जानें ताजा भाव

MCX पर शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। सोना 1.49 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.28 लाख रुपये प्रति किलो के करीब पहुंच गई।

फोटोः सोशल मीडिया
i

सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को अच्छी तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों कीमती धातुओं के भाव मजबूत बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। कारोबार के दौरान सोना करीब 0.53 फीसदी और चांदी 1.13 फीसदी तक मजबूत हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों धातुओं में तेजी दर्ज की गई, जिससे घरेलू बाजार को भी सहारा मिला।

MCX पर सोना और चांदी के ताजा भाव

एमसीएक्स पर 5 अक्टूबर 2026 डिलीवरी वाला सोने का कॉन्ट्रैक्ट 1,48,858 रुपये प्रति 10 ग्राम के पिछले बंद भाव के मुकाबले 1,49,355 रुपये पर खुला। सुबह करीब 10 बजे यह 793 रुपये यानी 0.53 फीसदी की बढ़त के साथ 1,49,651 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।

कारोबार के दौरान सोने ने 1,49,164 रुपये प्रति 10 ग्राम का निचला स्तर और 1,49,648 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऊपरी स्तर छुआ।

वहीं, 4 सितंबर 2026 डिलीवरी वाला चांदी का कॉन्ट्रैक्ट 2,25,836 रुपये प्रति किलो के पिछले बंद भाव के मुकाबले 2,27,993 रुपये पर खुला। सुबह 10 बजे तक यह 2,549 रुपये यानी 1.13 फीसदी की तेजी के साथ 2,28,385 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान चांदी का न्यूनतम भाव 2,27,481 रुपये और उच्चतम स्तर 2,28,401 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया।


अंतरराष्ट्रीय बाजार का भी मिला सहारा

घरेलू बाजार की तरह वैश्विक बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में मजबूती देखने को मिली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 0.56 फीसदी की बढ़त के साथ 4,323 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 1.43 फीसदी चढ़कर 62.49 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

बाजार के जानकारों का कहना है कि अमेरिकी डॉलर में कमजोरी और अमेरिका-ईरान के बीच संभावित परमाणु समझौते को लेकर बढ़ती उम्मीदों ने कीमती धातुओं को समर्थन दिया है। भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच भी बाजार का रुख सकारात्मक बना हुआ है।

आगे किस पर रहेगी बाजार की नजर?

विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले दिनों में बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। निवेशक अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत से जुड़ी नई जानकारी का इंतजार कर रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने संकेत दिया है कि अगले 48 घंटे में कोई अहम नतीजा सामने आ सकता है।

इसके अलावा शुक्रवार को जारी होने वाले अमेरिकी नॉन-फार्म पेरोल्स (NFP) और बेरोजगारी के आंकड़ों पर भी बाजार की नजर रहेगी। माना जा रहा है कि ये आंकड़े फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर आगे की उम्मीदों को प्रभावित कर सकते हैं। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर विशेषज्ञों का अनुमान है कि एमसीएक्स पर सोना आने वाले समय में 1,47,000 रुपये से 1,52,000 रुपये प्रति 10 ग्राम की रेंज में कारोबार कर सकता है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए