Gold-Silver Price Today: फेड बैठक से पहले फिसले सोना-चांदी के दाम, बाजार में हलचल, जानें आज के ताजा भाव

फेड बैठक से पहले सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे बाजार में हलचल बढ़ गई है।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अहम फैसले से ठीक पहले सोने और चांदी की कीमतों में बुधवार को कमजोरी देखने को मिली है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना करीब 0.32% और चांदी 0.93% तक फिसल गई, जिससे बाजार में सतर्कता का माहौल बन गया है। निवेशकों की नजर अब पूरी तरह फेड के फैसले पर टिकी है, जो आज घोषित होना है।

MCX पर सोना-चांदी का ताजा भाव

सुबह 9:46 बजे, 2 अप्रैल 2026 के कॉन्ट्रैक्ट में सोना 485 रुपये की गिरावट के साथ 1,55,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। कारोबार के दौरान सोने ने 1,55,401 रुपये का निचला और 1,55,788 रुपये का ऊपरी स्तर छुआ, जिससे संकेत मिलता है कि बाजार सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव कर रहा है।

वहीं, 5 मई 2026 के कॉन्ट्रैक्ट में चांदी 2,363 रुपये की गिरावट के साथ 2,50,750 रुपये पर कारोबार कर रही थी। चांदी का न्यूनतम स्तर 2,50,181 रुपये और अधिकतम 2,51,639 रुपये दर्ज किया गया।


अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दबाव

वैश्विक बाजार में भी कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है। कॉमेक्स (COMEX) पर सोना 0.27% की गिरावट के साथ 5,000 डॉलर प्रति औंस से नीचे 4,994 डॉलर पर पहुंच गया।

चांदी में भी 1.45% की गिरावट दर्ज की गई और यह 80 डॉलर प्रति औंस से नीचे 78.745 डॉलर के आसपास कारोबार कर रही है।

फेड बैठक और आगे का रुख

अमेरिकी फेडरल रिजर्व की दो दिवसीय बैठक 17 मार्च से शुरू हुई थी, जिसका फैसला 18 मार्च को आएगा। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण महंगाई बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, फेड की ब्याज दरों पर टिप्पणी ही आने वाले समय में सोने और चांदी की दिशा तय करेगी। इसलिए निवेशक फिलहाल सतर्क रुख अपनाए हुए हैं।


कच्चे तेल और जंग का असर

ईरान-इजरायल के बीच जारी तनाव के चलते बीते एक महीने में कच्चे तेल की कीमतों में 50% से अधिक का उछाल आया है। इसका सीधा असर वैश्विक महंगाई पर पड़ रहा है, जो कीमती धातुओं के बाजार को भी प्रभावित कर रहा है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia