Gold-Silver Price Today: सोना टूटा या फिर चांदी ने मचाया धमाल? जानें आज के ताजा रेट

अमेरिका-ईरान तनाव के बीच MCX पर सोने में गिरावट और चांदी में तेजी दर्ज की गई, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी उतार-चढ़ाव बना रहा।

फोटो: IANS
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब वैश्विक कमोडिटी बाजारों में भी दिखाई देने लगा है। सोमवार को घरेलू बाजार में सोना और चांदी सीमित दायरे में कारोबार करते नजर आए। जहां सोने की शुरुआत गिरावट के साथ हुई, वहीं चांदी मजबूती के साथ कारोबार करती दिखी। वैश्विक अस्थिरता और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव ने निवेशकों को सतर्क कर दिया है।

MCX पर सोना फिसला, चांदी में तेजी

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का 5 जून 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,52,530 रुपए के मुकाबले 43 रुपए की मामूली कमजोरी के साथ 1,52,487 रुपए पर खुला। कारोबार बढ़ने के साथ इसमें गिरावट और तेज हो गई।

सुबह करीब 10 बजे तक सोना 630 रुपए यानी 0.41 प्रतिशत टूटकर 1,51,900 रुपए पर पहुंच गया, जो दिन का इंट्रा-डे लो भी रहा। हालांकि कारोबार के दौरान इसने 1,54,434 रुपए का उच्चतम स्तर भी छुआ। बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच निवेशकों की नजरें अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।

वहीं, दूसरी तरफ चांदी में तेजी देखने को मिली। चांदी का 3 जुलाई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2,61,922 रुपए के मुकाबले 2,613 रुपए यानी करीब एक प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,64,535 रुपए पर खुला। खबर लिखे जाने तक चांदी 689 रुपए या 0.26 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,62,611 रुपए पर कारोबार कर रही थी। दिन के दौरान इसने 2,62,003 रुपए का निचला और 2,64,922 रुपए का ऊपरी स्तर छुआ।


अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी उतार-चढ़ाव

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रहा। कॉमेक्स पर सोना एक प्रतिशत से ज्यादा गिरकर 4,678 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 0.04 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 80 डॉलर प्रति औंस पर बनी हुई थी।

विशेषज्ञों के मुताबिक, बाजार में यह अस्थिरता अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव की वजह से बनी हुई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान ने पाकिस्तान के जरिए अमेरिका को शांति प्रस्ताव भेजा था, जिसमें युद्ध समाप्त करने, होर्मुज स्ट्रेट खोलने और परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत की बात कही गई थी। हालांकि अमेरिका यूरेनियम सौंपने जैसी मांगों पर कायम है, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव कम होने के बजाय और बढ़ता दिखाई दे रहा है।

ट्रंप ने ईरान के जवाब को किया खारिज

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के जवाब पर नाराजगी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने ईरानी प्रतिनिधियों के जवाब पढ़े हैं, लेकिन यह उन्हें पसंद नहीं आया और इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।

ट्रंप के इस बयान के बाद वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता और बढ़ गई है। निवेशकों का मानना है कि यदि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और बढ़ता है, तो इसका असर आने वाले दिनों में सोने और चांदी समेत अन्य कमोडिटी बाजारों पर भी देखने को मिल सकता है।  

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia