Gold-Silver Price Today: सोने में आई गिरावट, चांदी ने तोड़ा नया लेवल; जानें आज का भाव
सोने और चांदी के भाव में सोमवार को उलट रुख दिखा। सोना 0.48% गिरा, जबकि चांदी 2.27 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई।

सोना 0.48% गिरकर 1,49,671 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा।
चांदी 0.53% चढ़कर 2,27,069 रुपये प्रति किलो पर पहुंची।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4,181 डॉलर और चांदी 61.70 डॉलर प्रति औंस पर रही।
अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों के बीच सोना सीमित दायरे में रहने की उम्मीद है।
सोने और चांदी की कीमतों में सोमवार को घरेलू वायदा बाजार में मिलाजुला कारोबार देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में सोने पर बिकवाली का दबाव रहा और इसका भाव करीब 0.5 प्रतिशत नीचे आ गया, जबकि चांदी में तेजी बनी रही। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का 4 दिसंबर 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 1,51,197 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला, लेकिन सुबह 11:45 बजे तक 719 रुपये यानी 0.48 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,49,671 रुपये पर आ गया।
सोने में गिरावट, 1.48 लाख के नीचे तक पहुंचा भाव
सोने के इस कॉन्ट्रैक्ट ने सोमवार के कारोबार में अब तक 1,48,850 रुपये प्रति 10 ग्राम का निचला स्तर और 1,51,197 रुपये का ऊपरी स्तर छुआ। पिछली क्लोजिंग 1,50,390 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। यानी कारोबार के दौरान सोने में उतार-चढ़ाव देखने को मिला और शुरुआती बढ़त बाद में गिरावट में बदल गई।
चांदी 2.27 लाख रुपये के पार
चांदी में इसके उलट तेजी रही। MCX पर 4 दिसंबर 2026 का चांदी कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2,25,877 रुपये प्रति किलो के मुकाबले 2,25,900 रुपये पर खुला। सुबह 11:45 बजे तक चांदी 1,192 रुपये यानी 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,27,069 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी। कारोबार के दौरान चांदी ने 2,25,601 रुपये का निचला और 2,27,349 रुपये प्रति किलो का ऊपरी स्तर छुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना-चांदी मजबूत
अंतरराष्ट्रीय बाजार में घरेलू बाजार से अलग दोनों कीमती धातुओं में तेजी दिखाई दी। सोना 0.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,181 डॉलर प्रति औंस और चांदी 2.12 प्रतिशत की तेजी के साथ 61.70 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
बाजार के जानकारों के मुताबिक, सोने के निवेशकों की नजर इस सप्ताह अमेरिका से आने वाले पीएमआई डेटा, एफओएमसी मिनट्स और कंज्यूमर सेंटीमेंट से जुड़े आंकड़ों पर है। इन आंकड़ों के बीच सोने के सीमित दायरे में रहने की उम्मीद है। भारत में सोने की कीमत 1,48,000 रुपये से 1,52,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच रहने का अनुमान जताया गया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
