Gold-Silver Price Today: सोना 1.28% फिसला, चांदी में ₹5,600 से ज्यादा की गिरावट, आगे और टूटेंगे भाव?
सोने और चांदी की कीमतों में आज बड़ी गिरावट दर्ज की गई। एमसीएक्स पर सोना ₹1,44,196 और चांदी ₹2,03,520 के निचले स्तर पर पहुंच गई।

घरेलू वायदा बाजार में सोना 1.28% और चांदी 2.70% तक गिर गई।
एमसीएक्स पर सोना ₹1,44,196 और चांदी ₹2,03,520 के दिन के निचले स्तर पर पहुंची।
बैंक ऑफ अमेरिका ने दबाव जारी रहने पर सोने के $3,700 प्रति औंस तक गिरने का अनुमान जताया।
मजबूत रुपये, ब्याज दरों की चिंता और वैश्विक संकेतों ने कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ाया।
कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में गिरावट दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोर रुझान, रुपये की मजबूती और ब्याज दरों को लेकर बढ़ती चिंताओं से कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है। घरेलू वायदा बाजार में सोना दिन के कारोबार में 1.28% तक फिसला, जबकि चांदी की कीमत में 5,600 रुपये से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना-चांदी कमजोर
कॉमेक्स पर गुरुवार सुबह सोने की कीमत 1.05% गिरकर 4,106.40 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। वहीं, चांदी 2.24% टूटकर 56.42 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी।
इस बीच, बैंक ऑफ अमेरिका (BOFA) ने अनुमान जताया है कि मौजूदा दबाव जारी रहने पर सोने की कीमत आगे चलकर 3,700 डॉलर प्रति औंस तक गिर सकती है। भारतीय मुद्रा में यह स्तर लगभग 1.12 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के बराबर बैठता है। इस अनुमान से भी निवेशकों की सतर्कता बढ़ी है।
एमसीएक्स पर सोना ₹1,44,196 और चांदी ₹2,03,520 तक फिसली
अंतरराष्ट्रीय बाजार की कमजोरी का असर भारतीय बाजार में भी दिखाई दिया। खबर लिखे जाने तक, गुरुवार सुबह करीब 11 बजे, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना 1,771 रुपये यानी 1.21% गिरकर 1,44,308 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।
दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी 5,521 रुपये यानी 2.64% टूटकर 2,03,647 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई थी।
दिन के कारोबार में सोना अपने पिछले बंद भाव 1,46,079 रुपये से 1,087 रुपये यानी 0.74% गिरकर 1,44,992 रुपये पर खुला। इसके बाद यह 1,883 रुपये यानी 1.28% फिसलकर 1,44,196 रुपये प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर पर पहुंच गया।
इसी तरह, चांदी पिछले बंद भाव 2,09,168 रुपये प्रति किलोग्राम से 3,168 रुपये यानी 1.51% गिरकर 2,06,000 रुपये पर खुली। कारोबार के दौरान यह 5,648 रुपये यानी 2.70% टूटकर 2,03,520 रुपये के निचले स्तर तक पहुंच गई।
रुपये की मजबूती और ब्याज दरों की चिंता से दबाव
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, निवेशक फिलहाल अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों और फेडरल रिजर्व की आगामी नीतिगत दिशा पर नजर बनाए हुए हैं। ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता के कारण निवेशक जोखिम लेने से बच रहे हैं, जिससे सोने और चांदी में उतार-चढ़ाव बढ़ गया है।
घरेलू बाजार में कीमतों पर भारतीय रुपये की मजबूती का भी असर पड़ रहा है। मजबूत रुपया आयातित सोने और चांदी की लागत घटाता है, जिससे घरेलू कीमतों पर दबाव बन सकता है।
पिछले सप्ताह एमसीएक्स पर सोने की कीमत 3,581 रुपये यानी 2.4% गिरी थी, जबकि चांदी 14,568 रुपये यानी 6.4% तक टूट गई थी।
कच्चे तेल की कीमतें भी बाजार के लिए अहम
विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया की स्थिति भी सोने की कीमतों को प्रभावित कर रही है। होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास तनाव और आपूर्ति संबंधी चिंताओं के बीच ब्रेंट क्रूड करीब 110 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना हुआ है।
ऊर्जा की ऊंची कीमतें महंगाई बढ़ा सकती हैं। ऐसी स्थिति में केंद्रीय बैंक ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची रख सकते हैं, जिसे आम तौर पर सोने के लिए नकारात्मक माना जाता है। हालांकि, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में नरमी और डॉलर में कमजोरी सोने को कुछ समर्थन दे सकती है।
आने वाले दिनों में इन आंकड़ों पर रहेगी नजर
बाजार की अगली दिशा तय करने में अमेरिका के आवास संबंधी आंकड़े, उपभोक्ता भावना, महंगाई की उम्मीदें और पीसीई मुद्रास्फीति के आंकड़े अहम रहेंगे। इसके अलावा भारत, ब्रिटेन और अमेरिका के पीएमआई आंकड़ों, रूस से कच्चे तेल की आपूर्ति और प्रमुख केंद्रीय बैंकों की मौद्रिक नीतियों पर भी निवेशकों की नजर रहेगी।
