Gold-Silver Price Today: सोने-चांदी के भाव में फिर गिरावट, क्या अब खरीदारी का है सही मौका?

सोमवार को कारोबार की शुरुआत में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। पिछले हफ्ते की नरमी के बाद दोनों के भाव पर दबाव बना हुआ है।

फोटो: IANS
i

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी आज सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर गिरावट देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार शुरू होते ही सोने-चांदी के वायदा भाव नीचे आ गए। चांदी की कीमत 1,235 रुपये टूटकर 2,36,423 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई, जबकि सोना 542 रुपये गिरकर 1,52,225 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। हालांकि, गिरावट के बावजूद सोने का भाव अभी भी 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार बना हुआ है।

सोने की कीमत में फिर आई गिरावट

MCX पर 5 अक्टूबर की एक्सपायरी वाले वायदा सोने की कीमत सोमवार को बाजार खुलते ही 1,52,225 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। शुक्रवार को इसका भाव 1,52,767 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। यानी हफ्ते के पहले कारोबारी दिन की शुरुआत में ही 24 कैरेट सोना 542 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया।

सोने में गिरावट का यह सिलसिला नया नहीं है। बीते हफ्ते भी वायदा कारोबार में इस कीमती धातु की कीमत में तेज गिरावट दर्ज की गई थी। 28 अगस्त को 5 अक्टूबर एक्सपायरी वाले सोने का भाव 1,56,281 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इसके बाद 6 कारोबारी दिनों में इसकी कीमत 4,056 रुपये कम हो चुकी है। यानी पिछले कुछ कारोबारी सत्रों में सोने के भाव पर लगातार दबाव देखने को मिला है।


चांदी भी खुलते ही ₹1,235 टूटी

सोने की तरह सोमवार को चांदी के वायदा भाव में भी कारोबार शुरू होते ही तेज गिरावट आई। MCX पर चांदी 2,36,423 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई। शुक्रवार को इसकी कीमत 2,37,658 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। इस हिसाब से सोमवार को बाजार खुलते ही चांदी 1,235 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई।

चांदी की मौजूदा कीमत अपने रिकॉर्ड हाई से काफी नीचे आ चुकी है। इस साल जनवरी के आखिरी सप्ताह में चांदी के वायदा भाव ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ते हुए 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम का लाइफ टाइम हाई बनाया था। अब इस स्तर से तुलना करें तो चांदी 1,83,625 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती मिल रही है।

पिछले हफ्ते से दोनों कीमती धातुओं के भाव में नरमी बनी हुई है। एक तरफ सोना 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के ऊपर बना हुआ है, वहीं चांदी अपने रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे आ चुकी है। अब बाजार में आगे दोनों कीमती धातुओं की कीमत किस दिशा में जाती है, इस पर नजर रहेगी। 

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए