Gold-Silver Price Today: 5 दिन की गिरावट के बाद सोने में जोरदार उछाल, चांदी भी चमकी, जानें ताजा भाव

सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट के बाद बाजार का रुख बदल गया है। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी के पीछे कई अहम वजहें सामने आई हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
i
  • घरेलू वायदा बाजार में सोना 2,800 रुपये यानी 2.3% उछलकर 1,24,550 रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

  • चांदी की कीमत में 3,600 रुपये यानी 2.5% की तेजी आई और यह 1,51,390 रुपये पर पहुंच गई।

  • लगातार पांच दिनों की गिरावट के बाद सोने और चार दिनों की गिरावट के बाद चांदी में तेजी लौटी है।

  • निवेशकों की नजर अब अमेरिकी PCE महंगाई आंकड़ों और फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों से जुड़े संकेतों पर है।

घरेलू शेयर बाजार में भले ही सोमवार को गिरावट देखने को मिली हो, लेकिन सोने और चांदी के बाजार में रौनक लौट आई है। लगातार कई दिनों तक गिरावट झेलने के बाद दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में जोरदार तेजी दर्ज की गई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दिसंबर 2026 का सिल्वर फ्यूचर्स 3,600 रुपये यानी 2.5 फीसदी की उछाल के साथ 1,51,390 रुपये के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, दिसंबर वायदा गोल्ड 2,800 रुपये यानी 2.3 फीसदी चढ़कर 1,24,550 रुपये पर कारोबार करता दिखाई दिया।

सोने की कीमतों में लगातार पांच दिनों की गिरावट के बाद यह तेजी आई है, जबकि चांदी चार दिनों तक लुढ़कने के बाद संभली है। बाजार के जानकारों के बीच पहले से ही चर्चा थी कि सोना ओवरसोल्ड जोन में पहुंच चुका है। ऐसे में कीमतों में आई इस तेजी को निवेशकों के लिए अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चमका सोना-चांदी

घरेलू बाजार के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली। स्पॉट गोल्ड का भाव 1.2 फीसदी बढ़कर 3,576.10 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। इससे पहले शुक्रवार को सोना सितंबर 2025 के बाद अपने सबसे निचले स्तर पर आ गया था।

इसी तरह स्पॉट सिल्वर की कीमत 2.3 फीसदी उछलकर 42.11 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। गौर करने वाली बात यह है कि बीते सप्ताह सोने की कीमतों में करीब 9 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई थी। मार्च के बाद यह सोने की सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट थी। लगातार दबाव के बाद अब बाजार में दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में सुधार देखने को मिल रहा है।


अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले पर टिकी निवेशकों की नजर

सोने और चांदी की अगली चाल काफी हद तक अमेरिकी फेडरल रिजर्व के रुख पर निर्भर कर सकती है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अगर फेड की तरफ से कोई सकारात्मक संकेत मिलता है तो सोने की कीमतों को आगे भी सहारा मिल सकता है। हालांकि, अमेरिका में महंगाई को लेकर चिंता बनी हुई है।

फेडरल रिजर्व की गवर्नर लिसा कुक ने शुक्रवार को कहा कि महंगाई को नियंत्रित करने के लिए बैंक की मौजूदा नीतियां पर्याप्त नहीं हैं। उन्होंने मौजूदा स्थिति को चिंताजनक बताया। उनके बयान से आने वाले समय में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना को लेकर चर्चाएं तेज हुई हैं।

यूरोपियन सेंट्रल बैंक की गवर्निंग काउंसिल के सदस्य अलवारो सैंटो ने भी महंगाई के दबाव पर चिंता जताई है। उनके मुताबिक, प्राकृतिक गैस की कीमतों में बढ़ोतरी भी चिंता का विषय है। इकनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, बाजार में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की 93 फीसदी संभावना जताई जा रही है।

बुधवार को आएगा अमेरिकी PCE डेटा

फिलहाल निवेशकों की नजर अमेरिकी पर्सनल कंजम्पशन एक्सपेंडिचर (PCE) महंगाई आंकड़ों पर है, जो बुधवार को जारी होने वाले हैं। इन आंकड़ों से अमेरिका में महंगाई की स्थिति को लेकर महत्वपूर्ण संकेत मिल सकते हैं।

सोने और चांदी के निवेशक इन आंकड़ों के साथ अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अगले कदम पर भी नजर बनाए हुए हैं। ब्याज दरों में संभावित बदलाव और महंगाई के आंकड़े आने वाले दिनों में कीमती धातुओं की कीमतों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए