Gold-Silver Price Today: सोना-चांदी में जोरदार उछाल, गोल्ड ₹1.52 लाख के पार, सिल्वर भी चमका
सोना और चांदी गुरुवार को तेजी के साथ खुले। MCX और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में उछाल, डॉलर कमजोरी और वैश्विक तनाव का असर दिखा।

सोने और चांदी की कीमतों में आज जोरदार तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों कीमती धातुएं बढ़त के साथ खुलीं और शुरुआती कारोबार में कीमतों में 0.9 प्रतिशत तक की मजबूती दर्ज की गई। वैश्विक अनिश्चितता और डॉलर इंडेक्स में कमजोरी के बीच निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश की ओर बढ़ता दिखाई दिया।
सुबह 10:30 बजे MCX पर सोने का 5 जून 2025 का कॉन्ट्रैक्ट 368 रुपए यानी 0.24 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,52,500 रुपए पर कारोबार करता दिखा। कारोबारी सत्र के दौरान सोने ने 1,52,419 रुपए का न्यूनतम स्तर और 1,52,887 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ।
वहीं, चांदी में भी मजबूत खरीदारी देखने को मिली। चांदी का 3 जुलाई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 2,293 रुपए यानी 0.91 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,55,558 रुपए पर पहुंच गया। अब तक के कारोबार में चांदी ने 2,54,722 रुपए का न्यूनतम स्तर और 2,57,055 रुपए का उच्चतम स्तर दर्ज किया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दिखी मजबूती
घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी में तेजी बनी हुई है। कॉमेक्स पर सोना 0.21 प्रतिशत की मजबूती के साथ 4,703 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी 1.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78.17 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
विशेषज्ञों के मुताबिक, डॉलर इंडेक्स में कमजोरी की वजह से कीमती धातुओं को समर्थन मिल रहा है। फिलहाल डॉलर इंडेक्स 98 के नीचे बना हुआ है। डॉलर इंडेक्स अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं यूरो, जापानी येन, पाउंड स्टर्लिंग, कैनेडियन डॉलर, स्वीडिश क्रोना और स्विस फ्रैंक के मुकाबले दर्शाता है।
अमेरिका-ईरान तनाव ने बढ़ाई बाजार की चिंता
वैश्विक अस्थिरता भी सोने और चांदी की कीमतों में तेजी की बड़ी वजह मानी जा रही है। अमेरिका और ईरान के बीच जारी बातचीत पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका ईरान से उसके परमाणु कार्यक्रम को बंद करने और हॉमुर्ज स्ट्रेट को खोलने की मांग कर रहा है।
ईरान की समाचार एजेंसी आईएसएनए के मुताबिक, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि तेहरान जल्द अपनी प्रतिक्रिया देगा। दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि उन्हें भरोसा है कि ईरान समझौता करना चाहता है। इन वैश्विक घटनाक्रमों के बीच निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर बढ़ रहा है, जिसका सीधा असर सोने और चांदी की कीमतों पर दिखाई दे रहा है।
