Gold-Silver Price Today: सोना-चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट, खरीदारी से पहले चेक करें आज का ताजा रेट
MCX पर जुलाई के पहले दिन सोना 1,922 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 6,041 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हुई है। इससे पहले जून महीने में भी दोनों कीमती धातुओं के दाम में बड़ी गिरावट आई थी।

जुलाई महीने की शुरुआत कीमती धातुओं के बाजार के लिए बड़ी गिरावट के साथ हुई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर बुधवार को सोने और चांदी दोनों की वायदा कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। कारोबार शुरू होते ही चांदी का भाव 6,041 रुपये प्रति किलोग्राम तक टूट गया, जबकि सोने की वायदा कीमत भी 1,922 रुपये प्रति 10 ग्राम घट गई। जून महीने में भी दोनों कीमती धातुओं में भारी गिरावट देखने को मिली थी।
MCX पर चांदी 6,041 रुपये प्रति किलो टूटी
एमसीएक्स पर 4 सितंबर एक्सपायरी वाली चांदी मंगलवार को 2,28,563 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। बुधवार को बाजार खुलते ही इसका भाव गिरकर 2,22,522 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। यानी कारोबार की शुरुआत में ही चांदी की कीमत में 6,041 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट दर्ज की गई।
जून महीने के दौरान भी चांदी की कीमत लगातार दबाव में रही। मई के आखिरी कारोबारी दिन 1 किलो चांदी का वायदा भाव 2,74,696 रुपये था, जो 30 जून को घटकर 2,28,563 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ। इस तरह जून महीने में चांदी की कीमत 46,133 रुपये प्रति किलोग्राम तक कम हो गई।
सोने की वायदा कीमत में भी 1,922 रुपये की गिरावट
एमसीएक्स पर 5 अगस्त एक्सपायरी वाला सोना मंगलवार को 1,42,531 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। बुधवार को बाजार खुलने के साथ इसका भाव गिरकर 1,40,609 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। यानी एक ही दिन में सोने की वायदा कीमत 1,922 रुपये प्रति 10 ग्राम कम हो गई।
अगर पूरे जून महीने का रुख देखें तो सोने में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। 29 मई को 24 कैरेट सोने का वायदा भाव 1,60,911 रुपये प्रति 10 ग्राम था। पूरे जून में कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला और महीने के आखिर में 30 जून को सोना 1,42,531 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। इस तरह जून महीने में सोने की वायदा कीमत 18,380 रुपये प्रति 10 ग्राम घट गई।
जुलाई की शुरुआत में सोने-चांदी पर दबाव
जुलाई के पहले कारोबारी दिन सोना और चांदी दोनों की वायदा कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई है। वहीं जून महीने के आंकड़े भी बताते हैं कि दोनों कीमती धातुएं पूरे महीने दबाव में रहीं और महीने के अंत तक इनके दाम में बड़ी कमी दर्ज की गई।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
