Gold-Silver Price Today: चांदी ₹2.20 लाख के पार, सोना भी उछला, दो दिन में कितना बढ़ा रेट?
MCX पर लगातार दूसरे दिन सोना-चांदी में तेजी रही। चांदी ₹2.20 लाख प्रति किलो के पार पहुंची, जबकि सोना भी ₹1,000 से ज्यादा उछला।

MCX (मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज) पर लगातार दूसरे कारोबारी दिन सोना और चांदी दोनों की कीमतों में जोरदार तेजी दर्ज की गई है। वायदा चांदी का भाव पिछले बंद के मुकाबले 2,000 रुपये से ज्यादा उछलकर 2.20 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार पहुंच गया, जबकि वायदा सोने में भी कारोबार शुरू होते ही 1,000 रुपये से अधिक की तेजी देखने को मिली। हालांकि, इस उछाल के बावजूद चांदी अब भी अपने रिकॉर्ड हाई स्तर से करीब 2 लाख रुपये प्रति किलो सस्ती बनी हुई है।
लगातार दूसरे दिन चांदी में तेजी
बीते कई दिनों की भारी गिरावट के बाद चांदी ने लगातार दूसरे दिन मजबूती दिखाई। सोमवार को MCX पर वायदा चांदी 2,18,400 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। मंगलवार को बाजार खुलते ही 4 सितंबर एक्सपायरी वाली चांदी एक झटके में बढ़कर 2,20,782 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। यानी पिछले बंद के मुकाबले इसमें 2,000 रुपये से अधिक की तेजी दर्ज की गई।
हालांकि, मौजूदा तेजी के बावजूद चांदी अपने ऑल टाइम हाई से काफी नीचे कारोबार कर रही है। इस साल जनवरी के आखिरी सप्ताह में MCX पर वायदा चांदी पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंची थी और 4,20,048 रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड स्तर छुआ था। मौजूदा भाव की तुलना करें तो चांदी अब भी अपने उच्चतम स्तर से 1,99,266 रुपये प्रति किलो सस्ती है।
सोने ने भी पकड़ी रफ्तार
चांदी के साथ-साथ मंगलवार को वायदा सोने में भी तेज उछाल देखने को मिला। 5 अगस्त एक्सपायरी वाले 10 ग्राम 24 कैरेट गोल्ड का भाव कारोबार शुरू होते ही 1,000 रुपये से ज्यादा बढ़ गया। सोमवार को यह 1,41,388 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जबकि मंगलवार को इसकी कीमत बढ़कर 1,42,390 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई।
दो दिनों में कितना बढ़ा सोना-चांदी का भाव?
पिछले दो कारोबारी दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो सोना और चांदी दोनों में मजबूत रिकवरी देखने को मिली है। शुक्रवार को सोना 1,40,906 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इसके मुकाबले अब तक इसमें 1,484 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हो चुकी है। वहीं, शुक्रवार को 2,16,403 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई चांदी अब तक 4,379 रुपये प्रति किलो महंगी हो चुकी है। इससे साफ है कि हालिया गिरावट के बाद दोनों कीमती धातुओं में लगातार दूसरे दिन खरीदारी का रुझान देखने को मिला है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
