Gold-Silver Price Today: सोना चमका, सिल्वर फिसला, जानिए आज के ताजा भाव
MCX पर सोने में तेजी जारी रही, जबकि चांदी 0.75 प्रतिशत टूट गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी गोल्ड और सिल्वर में मिलाजुला कारोबार देखने को मिला।

घरेलू वायदा बाजार में आज सोने और चांदी की कीमतों में अलग-अलग रुख देखने को मिला। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना मजबूती के साथ कारोबार करता दिखा, जबकि चांदी में गिरावट दर्ज की गई। बाजार में निवेशकों की नजर वैश्विक संकेतों और मुनाफावसूली पर बनी हुई है।
सुबह 10:36 बजे MCX पर सोने का 5 जुलाई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 396 रुपए यानी 0.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,62,638 रुपए पर कारोबार कर रहा था। कारोबारी सत्र के दौरान सोने ने 1,63,055 रुपए का उच्चतम स्तर और 1,61,027 रुपए का न्यूनतम स्तर छुआ।
चांदी में मुनाफावसूली का दबाव
सोने के मुकाबले चांदी में कमजोरी देखने को मिली। MCX पर चांदी का 3 जुलाई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 2,238 रुपए यानी 0.75 प्रतिशत टूटकर 2,98,000 रुपए पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान चांदी ने 2,99,000 रुपए का उच्चतम स्तर और 2,94,450 रुपए का न्यूनतम स्तर दर्ज किया।
बाजार जानकारों के मुताबिक, चांदी में गिरावट की एक वजह मुनाफावसूली भी मानी जा रही है। बुधवार के कारोबारी सत्र में चांदी का भाव 3 लाख रुपए के पार निकल गया था, जिसके बाद निवेशकों ने मुनाफा बुकिंग शुरू कर दी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी मिला-जुला रुख
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी में मिश्रित कारोबार देखने को मिला। कॉमेक्स पर सोना 0.03 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 4,708 डॉलर प्रति औंस पर था। वहीं चांदी 1.87 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 87.68 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी।
दूसरी ओर भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई। सेंसेक्स और निफ्टी करीब आधा-आधा प्रतिशत की तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे। शुरुआती कारोबार में फार्मा, हेल्थकेयर और मेटल सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी फार्मा, निफ्टी हेल्थकेयर और निफ्टी मेटल टॉप गेनर्स में शामिल रहे।
इसके अलावा निफ्टी एनर्जी, निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी पीएसई, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी इन्फ्रा, निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी ऑयल एंड गैस समेत लगभग सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।
