Gold-Silver Price Today: सोना-चांदी की कीमतों में आया भूचाल, जानें कितने बढ़ गए दाम

सरकार द्वारा कस्टम ड्यूटी बढ़ाने के बाद MCX पर सोना और चांदी में बड़ी तेजी आई है। सोने की कीमत 1.62 लाख और चांदी की कीमत 2.97 लाख रुपए के पार पहुंच गई है।

फोटो: IANS
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

केंद्र सरकार की ओर से सोना और चांदी पर कस्टम ड्यूटी बढ़ाने का असर अब बाजार में साफ दिखाई देने लगा है। बुधवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों कीमती धातुओं में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। सोने और चांदी के दाम में 6.66 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखने को मिली, जिससे निवेशकों और कारोबारियों के बीच हलचल बढ़ गई है।

एमसीएक्स पर 5 जून 2026 के सोना कॉन्ट्रैक्ट में सुबह 9:52 बजे 6.09 प्रतिशत यानी 9,348 रुपए की तेजी दर्ज की गई। इसके बाद सोना 1,62,790 रुपए के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दिया। वहीं चांदी में इससे भी ज्यादा तेजी देखने को मिली। 5 जुलाई 2026 के चांदी कॉन्ट्रैक्ट में 6.66 प्रतिशत यानी 18,593 रुपए की मजबूती आई और इसका भाव 2,97,655 रुपए तक पहुंच गया।

सरकार ने क्यों बढ़ाई कस्टम ड्यूटी?

सोना और चांदी की कीमतों में उछाल की सबसे बड़ी वजह केंद्र सरकार का आयात शुल्क बढ़ाने का फैसला माना जा रहा है। सरकार ने सोने और चांदी पर आयात शुल्क (उपकर सहित) को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया है। वहीं, प्लेटिनम पर आयात शुल्क 6.4 प्रतिशत से बढ़ाकर 15.4 प्रतिशत कर दिया गया है।

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, यह फैसला विदेशी मुद्रा संरक्षण, चालू खाते के घाटे को नियंत्रित करने और जरूरी आयातों को प्राथमिकता देने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। सरकार का मानना है कि वैश्विक अनिश्चितताओं के दौर में यह कदम भारत की आर्थिक मजबूती बनाए रखने में मदद करेगा।


वैश्विक बाजार में भी दिखी तेजी

घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी मजबूत बने हुए हैं। कॉमेक्स पर सोना 0.52 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,710 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा। वहीं चांदी 2.28 प्रतिशत मजबूत होकर 87.54 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

सरकारी सूत्रों ने कहा कि कीमती धातुओं पर आयात शुल्क बढ़ाने का फैसला असाधारण वैश्विक परिस्थितियों के बीच एक संतुलित और जिम्मेदार आर्थिक कदम है। इसके जरिए व्यापक आर्थिक स्थिरता और दीर्घकालिक मजबूती को ध्यान में रखा गया है।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia