अचानक सोना-चांदी के दाम में तूफानी तेजी, चांदी झटके में ₹21000 महंगी, जानें सोने का रेट
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर वायदा कारोबार की शुरुआत होते ही दोनों कीमती धातुएं तूफानी तेजी के साथ खुलीं।

बीते कुछ दिनों से लगातार गिरावट झेल रहे सोना-चांदी के दामों में मंगलवार को अचानक जोरदार उछाल देखने को मिला। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर वायदा कारोबार की शुरुआत होते ही दोनों कीमती धातुएं तूफानी तेजी के साथ खुलीं। चांदी जहां एक झटके में 21 हजार रुपये से ज्यादा चढ़ गई, वहीं सोना भी 5 हजार रुपये से अधिक महंगा हो गया।
चांदी की कीमत में एक दिन में 21 हजार की छलांग
5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी सोमवार को 2,36,261 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। मंगलवार को कारोबार शुरू होते ही इसका भाव उछलकर 2,57,480 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया। सोमवार को चांदी गिरकर करीब 2.25 लाख रुपये प्रति किलो तक आ गई थी, लेकिन मंगलवार को इसमें तेज रिकवरी देखने को मिली।
लाइफ टाइम हाई से अब भी काफी नीचे चांदी
मंगलवार की तेजी के बावजूद चांदी अभी भी अपने ऑल टाइम हाई से काफी नीचे है। 29 जनवरी को MCX पर चांदी पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का आंकड़ा पार करते हुए 4,30,048 रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची थी। इस हिसाब से मौजूदा भाव अभी भी करीब 1,62,568 रुपये सस्ता है।
सोने के भाव में भी जबरदस्त उछाल
चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी मजबूती देखने को मिली। MCX पर गोल्ड सोमवार को 1,43,991 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जो मंगलवार को शुरुआती कारोबार में ही बढ़कर 1,49,485 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। यानी 24 कैरेट सोना एक ही दिन में करीब 5,494 रुपये महंगा हो गया।
सोना भी रिकॉर्ड स्तर से नीचे कारोबार कर रहा
सोने का मौजूदा भाव भी इसके लाइफ टाइम हाई से काफी कम है। MCX पर 2 अप्रैल एक्सपायरी वाले गोल्ड का उच्चतम स्तर 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा है, जिसे इसने 29 जनवरी को छुआ था। मंगलवार की तेजी के बाद भी सोना अभी अपने रिकॉर्ड स्तर से करीब 43,611 रुपये नीचे बना हुआ है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia