Gold-Silver Price Today: जंग के बीच भी क्यों सस्ते हो गए सोना-चांदी? हफ्तेभर में बड़ी गिरावट, जानें ताजा रेट

मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजरायल और ईरान के युद्ध के बीच सोना-चांदी के दाम में गिरावट आई है। एक हफ्ते में सिल्वर ₹14,075 सस्ता हुआ, जबकि गोल्ड भी हाई से काफी नीचे चल रहा है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध की वजह से वैश्विक बाजारों में भारी तनाव बना हुआ है। आम तौर पर ऐसे हालात में निवेशक सोना-चांदी जैसे सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख करते हैं, लेकिन इस बार तस्वीर कुछ अलग दिख रही है। बीते एक हफ्ते में सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। खासकर चांदी के भाव में तेज कमी आई है, जबकि सोना भी अपने उच्च स्तर से काफी नीचे चल रहा है।

एक हफ्ते में चांदी 14 हजार रुपये से ज्यादा टूटी

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) के आंकड़ों के अनुसार, जंग शुरू होने से ठीक पहले 27 फरवरी को 5 मई एक्सपायरी वाली चांदी का वायदा भाव 2,82,644 रुपये प्रति किलोग्राम था। हालांकि पिछले शुक्रवार तक यह घटकर 2,68,569 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। इस तरह एक हफ्ते के भीतर चांदी की कीमत में 14,075 रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई।

अगर इसके ऐतिहासिक उच्च स्तर से तुलना करें तो चांदी अभी भी काफी सस्ती मिल रही है। 29 जनवरी को चांदी ने पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर पार करते हुए 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम का लाइफटाइम हाई बनाया था। इसके बाद कीमतों में तेज गिरावट आई और भाव करीब 2.25 लाख रुपये तक फिसल गए। मौजूदा स्तर पर देखें तो चांदी अभी भी अपने हाई से करीब 1,51,479 रुपये प्रति किलो कम चल रही है।


सोना भी अपने रिकॉर्ड स्तर से नीचे

चांदी के साथ-साथ सोने के भाव में भी बीते हफ्ते गिरावट देखने को मिली। एमसीएक्स पर 2 अप्रैल एक्सपायरी वाला गोल्ड रेट 27 फरवरी को 1,62,104 रुपये प्रति 10 ग्राम था। हालांकि पिछले शुक्रवार को मामूली बढ़त के बावजूद यह 1,61,675 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। इस तरह हफ्तेभर में सोने की कीमत करीब 429 रुपये प्रति 10 ग्राम घट गई।

सोना भी अपने रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे बना हुआ है। 29 जनवरी को ही इस पीली धातु ने 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऑल टाइम हाई छुआ था। इसके बाद कीमतों में गिरावट शुरू हुई और मौजूदा स्तर पर 24 कैरेट सोना अपने उच्च स्तर से करीब 31,421 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता मिल रहा है।

जंग के बीच क्यों गिर रहा भाव?

विशेषज्ञों के मुताबिक, मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव से पहले सोना-चांदी के दाम में काफी तेज उछाल आ चुका था। इसी वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में अस्थिरता देखने को मिल रही है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि हालिया गिरावट की एक बड़ी वजह मुनाफावसूली है। कई निवेशकों ने ऊंचे स्तर पर अपने निवेश से मुनाफा निकालना शुरू कर दिया है।

इसके अलावा अनिश्चित हालात के बीच कई निवेशक नकदी अपने पास रखना पसंद कर रहे हैं। यही कारण है कि सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोना-चांदी में भी फिलहाल उतार-चढ़ाव का दौर जारी है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia