Gold-Silver Price Today: सोना-चांदी में आई गिरावट, खरीदारी का मौका या अभी और गिरेंगे रेट?

कीमती धातुओं में गिरावट की मुख्य वजह डॉलर इंडेक्स की मजबूती मानी जा रही है, जो 0.11% बढ़कर 98.50 के ऊपर कारोबार कर रहा था। आमतौर पर जब डॉलर मजबूत होता है, तो सोना और चांदी जैसे निवेश विकल्प कमजोर पड़ जाते हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

मजबूत डॉलर के दबाव में गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार दोनों में कीमती धातुओं पर दबाव साफ दिखाई दे रहा है, जहां चांदी में 1.6% तक और सोने में भी कमजोरी देखी जा रही है।

एमसीएक्स पर सोना-चांदी में गिरावट

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सुबह 9:56 बजे सोने का 05 जून 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 0.36% यानी 546 रुपए की गिरावट के साथ 1,52,111 रुपए पर कारोबार करता दिखा। कारोबार के दौरान सोना 1,51,719 रुपए के निचले स्तर तक गया, जबकि इसका उच्चतम स्तर 1,52,200 रुपए रहा।

वहीं, चांदी का 05 मई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 1.61% यानी 3,987 रुपए की कमजोरी के साथ 2,44,377 रुपए पर पहुंच गया। दिन के कारोबार में चांदी ने 2,42,220 रुपए का न्यूनतम और 2,44,730 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ।


अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दबाव

वैश्विक बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। कॉमेक्स पर सोने की कीमत 0.68% घटकर 4,720 डॉलर प्रति औंस पर आ गई है, जबकि चांदी 2.43% टूटकर 76 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई है।

यह गिरावट वैश्विक संकेतों के अनुरूप है, जहां निवेशकों का रुझान फिलहाल डॉलर की ओर बढ़ता दिख रहा है।

मजबूत डॉलर इंडेक्स बना बड़ी वजह

कीमती धातुओं में गिरावट की मुख्य वजह डॉलर इंडेक्स की मजबूती मानी जा रही है, जो 0.11% बढ़कर 98.50 के ऊपर कारोबार कर रहा था। आमतौर पर जब डॉलर मजबूत होता है, तो सोना और चांदी जैसे निवेश विकल्प कमजोर पड़ जाते हैं।

डॉलर इंडेक्स दुनिया की 6 प्रमुख मुद्राओं यूरो, जापानी येन, पाउंड स्टर्लिंग, कैनेडियन डॉलर, स्वीडिश क्रोना और स्विस फ्रैंक के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाता है।


कच्चे तेल में तेजी से बढ़ी डॉलर की मांग

डॉलर की मजबूती के पीछे कच्चे तेल की कीमतों में उछाल भी अहम वजह है। अमेरिका-ईरान तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 1.22% की तेजी के साथ 103 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.36% की मजबूती के साथ 94 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है।

तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से डॉलर की मांग बढ़ी है, जिसका सीधा असर सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव के रूप में दिख रहा है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia