'जनता पर 'महंगाई मैन' मोदी का हंटर फिर चला', रेस्तरां में खाना और हवाई सफर महंगा, कमर्शियल LPG सिलिंडर के दाम बढ़े
बाजार मूल्य वाले पांच किलोग्राम के रसोई गैस एलपीजी सिलेंडर (जिसे पांच किलोग्राम एफटीएल कहा जाता है) की कीमत भी 762 रुपये से बढ़ाकर 764 रुपये कर दी गई है।

जीडीपी की गुणगान के बीच महंगाई ने सितंबर के पहले ही दिन आम आदमी की जेब पर स्ट्राइक कर दिया है। होटल में खाना खाने से लेकर हवाई सफर तक महंगा होने वाला है। मुंबईवालों की सुबह तो दूध से लेकर सीएनजी और पीएनजी तक की बढ़ी हुई कीमतों की खबर से हुई। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने कहा कि 'महंगाई मैन' मोदी का हंटर जनता पर भी चला है।
'महंगाई मैन' मोदी का हंटर!
कांग्रेस ने मंगलवार को एक्स पर पोस्ट कर कहा, "जनता पर 'महंगाई मैन' मोदी का हंटर फिर चला है। अब कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर 10 रुपए महंगा कर दिया। सिर्फ 8 महीने में कमर्शियल सिलिंडर के दाम करीब 1,200 रुपए बढ़ा दिए गए हैं। जी हां, 8 महीने में 1,200 रुपये महंगा।" कांग्रेस ने आगे कहा, "महंगाई मैन मोदी का फंडा साफ है- जनता से वसूली करो, दोस्त की तिजोरी भरो।"
हवाई सफर महंगा
विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमत में मंगलवार को 5.46 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई।सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के अनुसार, घरेलू विमानन कंपनियों के लिए विमान ईंधन यानी एटीएफ की कीमत 6.28 रुपये प्रति लीटर या 5.46 प्रतिशत बढ़ाकर 121.28 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। यह वृद्धि एक अगस्त को कीमतों में पांच रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद हुई है। लगातार दो बढ़ोतरी से विमानन कंपनियों पर वित्तीय बोझ बढ़ेगा। विमानन कंपनियों की परिचालन लागत में एटीएफ की हिस्सेदारी 40 प्रतिशत तक होती है।
कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर महंगा
होटल और रेस्तरां जैसे प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल होने वाले कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर के दाम में 19 किलोग्राम के सिलेंडर पर 9.50 रुपये की वृद्धि की गई। वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत 19 किलोग्राम के सिलेंडर के लिए 2,738 रुपये से बढ़ाकर 2,747.50 रुपये कर दी गई है।
बाजार मूल्य वाले पांच किलोग्राम के रसोई गैस एलपीजी सिलेंडर (जिसे पांच किलोग्राम एफटीएल कहा जाता है) की कीमत भी 762 रुपये से बढ़ाकर 764 रुपये कर दी गई है।
घरेलू एलपीजी सिलिंडर के दामों में नहीं हुए बदलाव
रसोई में इस्तेमाल होने वाले घरेलू एलपीजी की कीमत 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर के लिए 942 रुपये पर अपरिवर्तित रही। घरेलू एलपीजी की कीमत आखिरी बार सात जून को 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर पर 29 रुपये बढ़ाई गई थी। पश्चिम एशिया संकट के कारण आपूर्ति बाधित होने और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कीमतों में तेजी आने के बाद मार्च में कीमतों में 60 रुपये की वृद्धि हुई थी।
एटीएफ और एलपीजी की कीमतों में हर महीने की पहली तारीख को संशोधन किया जाता है। यह संशोधन अंतरराष्ट्रीय बाजार की संदर्भ कीमतों और विदेशी मुद्रा दरों के आधार पर होता है। स्थानीय करों, जैसे मूल्य वर्धित कर (वैट) के कारण कीमतें हर राज्य में अलग-अलग होती हैं।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
