अर्थ जगत की 5 बड़ी खबरें: मुकेश अंबानी-रिलायंस ने शेयर कारोबार में की बड़ी गड़बड़ी! SEBI ने लगाया करोड़ों का जुर्माना

सेबी ने रिलायंस इंडस्ट्रीज-मुकेश अंबानी पर कारोबार में कथित गड़बड़ी करने के लिए करोड़ों रुपये का जुर्माना लगाया है और साल, 2020 के आखिरी महीने दिसंबर में भारत के मर्चेंडाइज एक्सपोर्ट यानी निर्यात में गिरावट आई है।

फोटो: IANS
फोटो: IANS
user

नवजीवन डेस्क

सेबी ने 'कारोबार में गड़बड़ी' को लेकर रिलायंस, मुकेश अंबानी पर लगाया जुर्माना

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) और इसके अध्यक्ष मुकेश अंबानी पर कारोबार में कथित गड़बड़ी करने के लिए क्रमश: 25 करोड़ और 15 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। सेबी ने यह जुर्माना नवंबर 2007 में रिलायंस पेट्रोलियम के शेयरों की कैश व फ्यूचर सेगमेंट में खरीद और बिक्री से जुड़े मामले में हुई अनियमितता के लिए लगाया है। 2007 में रिलायंस पेट्रोलियम (आरपीएल) के शेयरों की खरीद-फरोख्त में कथित हेराफेरी के लिए जुर्माने को लेकर आदेश जारी किया गया है। यह भी देखा गया कि मुकेश अंबानी आरआईएल के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक होने के नाते, अपने दिन-प्रतिदिन के मामलों के लिए जिम्मेदार हैं और इस तरह, आरआईएल द्वारा किए गए जोड़ तोड़ व्यापार के लिए भी वह उत्तरदायी हैं।

मर्चेंडाइज: दिसंबर, 2020 में देश के निर्यात में आई गिरावट, व्यापार घाटा बढ़ा

साल, 2020 के आखिरी महीने दिसंबर में भारत के मर्चेंडाइज एक्सपोर्ट यानी निर्यात में गिरावट आई है। हालांकि ये गिरावट बड़ी नहीं है। दिसंबर में निर्यात में 0.80 प्रतिशत की मामूली गिरावट देखी गई है। वहीं आयात में दिसंबर में 7.6 प्रतिशत की भारी वृद्धि हुई है। वाणिज्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़े के मुताबिक, आयात में सबसे ज्यादा 8.42 फीसदी की वृद्धि नॉन-ऑइल, नॉन-जेम्स और आभूषणों में देखी गई है। देश का निर्यात दिसंबर, 2020 में 26.89 बिलियन डॉलर दर्ज किया गया है। निर्यात में यह गिरावट पेट्रोलियम चमड़े और समुद्री उत्पादों में गिरावट के चलते दर्ज की गई। वहीं आयात दिसंबर में 7.6 फीसद बढ़कर 42.6 बिलियन डॉलर हो गया है। ऐसे में दिसंबर महीने में व्यापार घाटा बढ़कर 15.71 बिलियन डॉलर हो गया है।

दिसंबर में भारत के वाणिज्यिक निर्यात में 0.80 फीसदी की गिरावट दर्ज

कुछ प्रमुख निर्यात बाजारों में लॉकडाउन के चलते दिसंबर 2020 में भारत के व्यापारिक निर्यात में गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को जारी प्रारंभिक आंकड़ों से ये खुलासा हुआ है। दिसंबर में देश का व्यापारिक निर्यात दिसंबर 2019 के 27.11 बिलियन डॉलर से 0.80 प्रतिशत घट कर 26.89 बिलियन डॉलर रह गया। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है, दिसंबर 2020 में भारत का माल निर्यात 26.89 बिलियन डॉलर था, जो दिसंबर 2019 में 27.11 बिलियन डॉलर था। 0.80 फीसदी की मामूली गिरावट। अप्रैल-दिसंबर 2020-21 के दौरान निर्यात 200.55 बिलियन डॉलर था, जबकि पिछले साल इसी अवधि के दौरान निर्यात 238.27 बिलियन डॉलर था, जो कि 15.8 प्रतिशत कम है।

भारत से ब्रिटेन के लिए 6 जनवरी से उड़ान, वापसी उड़ान, 8 जनवरी से

भारत और ब्रिटेन के बीच उड़ान सेवाएं 6 जनवरी से फिर से शुरू होंगी, जबकि वहां से भारत के उड़न 8 जनवरी से बहाल होगी। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पिछले महीने, इन सेवाओं को उत्परिवर्ती कोविड-19 स्ट्रेन (नए वायरस) के फैलाव को रोकने के लिए निलंबित कर दिया गया था। मंत्री ने एक ट्वीट में कहा, "6 जनवरी, 2021 से भारत से ब्रिटेन और 8 जनवरी, 2021 से ब्रिटेन से भारत। हर सप्ताह 30 उड़ानें संचालित होंगी। भारत और ब्रिटेन से 15-15 विमान उड़ेंगे।" "यह शेड्यूल 23 जनवरी, 2021 तक मान्य है। समीक्षा के बाद आगे की आवृत्ति निर्धारित की जाएगी।" निलंबन से पहले, प्रति सप्ताह 60 से अधिक उड़ानें ब्रिटेन और भारत के बीच संचालित की जा रही थीं।

दिसंबर में टीवीएस मोटर की बिक्री 17.5 फीसदी बढ़ी

दोपहिया और तिपहिया वाहन निर्माता टीवीएस मोटर कंपनी लिमिटेड ने शनिवार को कहा कि उसने पिछले महीने बिक्री में 17.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि उसने पिछले महीने (दिसंबर) 231,571 इकाइयां (215,619 दो पहिया वाहन, 15,953 तीन पहिया) बेची, जबकि उसने इसी महीने 2019 में 272,084 इकाइयां (258,239 दो पहिया वाहन, 13,845 तीन पहिया) बेची थी। टीवीएस मोटर के अनुसार, निर्यात में पिछले महीने 28 प्रतिशत की वृद्धि हुई, कुल निर्यात 94,269 यूनिट्स की हुई, जो दिसंबर 2019 में 73,512 इकाइयों से ज्यादा रही। चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के दौरान, 9.52 लाख दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई, जबकि इसी दौरान पिछले साल 7.73 लाख यूनिट की बिक्री हुई। कंपनी के तिपहिया वाहनों ने चालू वर्ष की तीसरी तिमाही में 0.38 लाख इकाइयों की बिक्री दर्ज की, जबकि वित्त वर्ष 2020 की तीसरी तिमाही में यह 0.48 लाख इकाई थी।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia