अर्थ जगत की 5 बड़ी खबरें: चुनावी नतीजों के बीच शेयर बाजार में बहार और सोने की कीमत में आई 7 सालों की बड़ी गिरावट
बीएसई सेंसेक्स ने अपने इतिहास में पहली बार 43 हजार का आंकड़ा पार किया है। वहीं निफ्टी भी 170 अंकों की जोरदार तेजी के साथ 12,631 पर ठहरा और सोने-चांदी की कीमतों में मंगलवार को भारी गिरावट दर्ज की गई।

सेंसेक्स रिकॉर्ड स्तर 43278 पर, निफ्टी 12,631 पर बंद
घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार सातवें दिन तेजी का सिलसिला जारी रहा और प्रमुख संवेदी सूचकांक रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुए। सेंसेक्स बीते सत्र से 680 अंकों की उछाल के साथ 43,278 के करीब बंद हुआ और निफ्टी भी 170 अंकों की जोरदार तेजी के साथ 12,631 पर ठहरा। सेंसेक्स पिछले सत्र से 680.22 अंकों यानी 1.60 फीसदी की तेजी के साथ 43,277.65 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी बीते सत्र से 170.05 अंकों यानी 1.36 फीसदी की बढ़त के साथ 12,631.10 पर बंद हुआ।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों पर आधारित प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स बीते सत्र से 361.82 अंकों की बढ़त के साथ 42,959.25 पर खुला और दिनभर के कारोबार के दौरान 43,316.44 तक उछला, जबकि इसका निचला स्तर 42,660.09 रहा। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 शेयरों पर आधारित प्रमुख संवेदी सूचकांक निफ्टी बीते सत्र से 95.35 अंकों की बढ़त के साथ 12,556.40 पर खुला और दिनभर के कारोबार के दौरान 12,643.90 तक उछला, जबकि निफ्टी का निचला स्तर 12,475.25 रहा।
सोने-चांदी की कीमत में भारी गिरावट, जानिए कीमतें?
सोने-चांदी की कीमतों में मंगलवार को भारी गिरावट दर्ज की गई। एचडीएफसी सिक्युरिटीज के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार को सोने के भाव में 662 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट आई है। इस गिरावट से सोने का भाव 50,338 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया है। गौरतलब है कि पिछले सत्र में सोना 51,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। वहीं चांदी के भाव में मंगलवार को जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। चांदी में 1431 रुपये की भारी गिरावट दर्ज की गई है। इस गिरावट से चांदी की कीमत 62,217 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई है। गौरतलब है कि पिछले सत्र में चांदी 63,648 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी।
महिंद्रा का शुद्ध लाभ दूसरी तिमाही में 88% घटा
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने मंगलवार को कहा कि इस कारोबारी साल की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में उसका शुद्ध लाभ 88 फीसदी घटकर 162 करोड़ रुपए पर आ गया है। कंपनी ने कहा कि मुख्यत: कुछ लांग टर्म इन्वेस्टमेंट के लिए किए गए 1,149.46 करोड़ रुपए के इंपेयरमेंट प्रॉविजन के कारण उसके शुद्ध लाभ में भारी गिरावट आई है। M&M ने पिछले साल की समान अवधि में एक यूनिट महिंद्रा व्हीकल मैन्यूफैक्चरर्स लिमिटेड के साथ 1,355 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
क्रूड करीब 40 डॉलर/बैरल पर हुआ स्थिर
क्रूड ऑयल में आई तेजी को बढ़ते वायरस संक्रमण ने रोक दिया। मंगलवार को न्यूयॉर्क में अमेरिकी क्रूड ऑयल WTI करीब 40 डॉलर प्रति बैरल पर स्थिर दिखा। फाइजर और बायोएनटेक की वैक्सीन के 90 फीसदी लोगों पर कारगर होने की रिपोर्ट आने के बाद सोमवार को क्रूड ऑयल में मई के बाद सबसे ज्यादा तेजी देखी गई थी।
आईएमसी का वर्चुअल आयोजन 8 से 11 दिसंबर के बीच होगा
इंडिया मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी) का वर्चुअल तरीके से आठ से 11 दिसंबर के बीच आयोजन किया जाएगा। यह आईएमसी का चौथा संस्करण होगा। दूरसंचार विभाग (डीओटी) और सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीओएआई) की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में 50 से अधिक देश भाग लेंगे। इसमें 110 से अधिक वैश्विक वक्ता, स्टार्टअप्स और 30 से अधिक घंटों की सामग्री प्रस्तुत की जाएगी। इस ऑनलाइन तरीके से आयोजित होने वाले कार्यक्रम में 15,000 से अधिक भागदारों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। इस वर्ष के लिए आईएमसी की थीम 'समावेशी नवाचार - स्मार्ट, सुरक्षित, दीर्घकालिक' होगी। इस साल एरिक्सन आईएमसी का भागीदार होगा। अन्य प्रमुख भागीदारों में डेल टेक्नोलॉजीज, रिबन कम्युनिकेशंस और रेड हैट शामिल हैं।
(आईएएनएस के इनपुट के साथ)
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia