दिवाली पर विशेष मुहूर्त कारोबार में मामूली गिरावट के साथ बंद हुए शेयर बाजार, सात दिनों की तेजी थमी

कारोबार के अंत में सेंसेक्स 28.02 अंक या 0.04 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 80,999.40 और निफ्टी 43.95 अंक या 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,986.40 पर बंद हुआ।

दिवाली पर विशेष मुहूर्त कारोबार में मामूली गिरावट के साथ बंद हुए शेयर बाजार, सात दिनों की तेजी थमी
i

दिवाली पर विशेष मुहूर्त कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी मामूली गिरावट के साथ बंद हुए

कारोबार के अंत में सेंसेक्स 28.02 अंक की कमजोरी के साथ 80,999.40 पर बंद हुआ

निफ्टी 43.95 अंक या 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,986.40 पर बंद हुआ

बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का मार्केटकैप बढ़कर 505 लाख करोड़ रुपए हो गया

दिवाली के अवसर पर रविवार को विशेष मुहूर्त कारोबार सत्र में मानक शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। लगातार सात कारोबारी सत्रों की तेजी के बाद दिवाली के दिन निवेशकों की मुनाफावसूली से बाजार नीचे आकर बंद हुआ। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 28.02 अंक या 0.04 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 80,999.40 और निफ्टी 43.95 अंक या 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,986.40 पर बंद हुआ।

बीएसई सेंसेक्स अपनी तेजी को कायम नहीं रख सका

हिंदू पंचांग वर्ष संवत 2083 की शुरुआत के मौके पर आयोजित विशेष कारोबारी सत्र में मजबूत शुरुआत करने के बाद 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स अपनी तेजी को कायम नहीं रख सका। सूचकांक 28.62 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80,999.40 अंक पर बंद हुआ। इसके 16 शेयर लाभ में और 14 शेयर नुकसान में रहे। विशेष सत्र के दौरान सेंसेक्स एक समय 414.09 अंक या 0.51 प्रतिशत उछलकर 81,442.11 अंक के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया था।

कंपनियों का मार्केटकैप 505 लाख करोड़ रुपए हुआ

इसी तरह, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी सकारात्मक शुरुआत के बाद अंत में 43.95 अंक यानी 0.18 प्रतिशत फिसलकर 24,986.40 अंक पर बंद हुआ। लार्जकैप की अपेक्षा मिडकैप और स्मॉलकैप में खरीदारी देखी गई। मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान बाजार में हुई व्यापक खरीदारी से बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का मार्केटकैप 2 लाख करोड़ रुपए बढ़कर 505 लाख करोड़ रुपए हो गया है।

सूचकांकों में निफ्टी फार्मा, निफ्टी मीडिया, निफ्टी हेल्थकेयर, निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग, निफ्टी एनर्जी, निफ्टी मेटल, निफ्टी ऑयल एंड गैस, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी ऑटो और निफ्टी पीएसई गेनर्स थे। दूसरी तरफ निफ्टी रियल्टी, निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी आईटी, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी कंजप्शन और निफ्टी एफएमसीजी लूजर्स थे।


टॉप गेनर्स और टॉप लूजर्स कंपनियां

सेंसेक्स पैक में सन फार्मा, टाटा स्टील, मारुति सुजुकी, पावर ग्रिड, अदाणी पोर्ट्स, बीईएल, अल्ट्राटेक सीमेंट, इटरनल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचसीएल टेक, एचयूएल, टेक महिंद्रा, एनटीपीसी, आईटीसी, टाइटन और कोटक महिंद्रा बैंक गेनर्स थे। एमएंडएम, इंडिगो, ट्रेंट, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, एक्सिस बैंक, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक, एलएंडटी, एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, टीसीएस और बजाज फाइनेंस लूजर्स थे।

जानकारों ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दो साल की सुस्ती के बाद, कम वैल्यूएशन और कमाई में तेज बढ़ोतरी के मेल से, बाजार में अगली दीपावली तक निवेशकों को शानदार रिटर्न देने की क्षमता है। कच्चे तेल की कीमतों में संभावित गिरावट, स्थिर करेंसी, विदेशी निवेशकों की वापसी, एआई को लेकर मचे शोर में कमी और हर क्षेत्र में कमाई में बढ़ोतरी जैसे कारक मिलकर आने वाले समय में बाजार को ऊपर ले जाएंगे।

मुहूर्त कारोबार हिंदू पंचांग वर्ष की शुरुआत का भी प्रतीक

मुहूर्त कारोबार दिवाली के अवसर पर आयोजित होने वाला एक प्रतीकात्मक बाजार सत्र है, जो नए हिंदू पंचांग वर्ष की शुरुआत का भी प्रतीक है। ऐसा माना जाता है कि 'मुहूर्त' या शुभ घड़ी के दौरान कारोबार करने से हितधारकों के लिए समृद्धि और वित्तीय प्रगति आती है। नियमित कारोबारी दिनों के विपरीत, जब शेयर बाजार सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक खुलते हैं, मुहूर्त कारोबार एक छोटी अवधि के लिए संचालित होता है।

पिछले संवत वर्ष 2082 में सेंसेक्स 3,398.32 अंक या चार प्रतिशत टूटा था, जबकि निफ्टी में 838.25 अंक या 3.24 प्रतिशत की गिरावट आई थी। पिछले लगातार सात कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स में 7,781.99 अंक यानी 10.62 प्रतिशत का उछाल आया, जबकि निफ्टी 2,331.5 अंक यानी 10.27 प्रतिशत चढ़ा।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए