अर्थतंत्र की खबरें: शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से सोना 600 रुपये चढ़ा, चांदी स्थिर

भारतीय शेयर बाजार में सकारात्मक रुझान के साथ सीमित दायरे में कारोबार हुआ। इसकी वजह हालिया तेजी के बाद बीच-बीच में मुनाफावसूली होना है।

फोटो: ians
i

भारतीय शेयर बाजार सोमवार के कारोबारी सत्र में मजबूती के साथ बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 107.25 अंक या 0.13 प्रतिशत की तेजी के साथ 81,106.65 और निफ्टी 58.25 अंक या 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,044.65 पर था।

कारोबारी सत्र में बाजार को सहारा देने का काम बैंकिंग शेयरों ने किया। निफ्टी बैंक 1.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। साथ ही, निफ्टी पीएसयू बैंक 3.73 प्रतिशत, निफ्टी फार्मा 1.65 प्रतिशत, निफ्टी हेल्थकेयर 1.33 प्रतिशत, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.92 प्रतिशत, निफ्टी रियल्टी 0.77 प्रतिशत, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 0.75 प्रतिशत, निफ्टी प्राइवेट बैंक 0.74 प्रतिशत और निफ्टी इंडिया डिफेंस 0.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

निफ्टी आईटी -1.22 प्रतिशत, निफ्टी मेटल -0.46 प्रतिशत, निफ्टी एफएमसीजी -0.15 प्रतिशत, निफ्टी कमोडिटीज -0.13 प्रतिशत और निफ्टी सर्विसेज -0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।

मिडकैप और स्मॉलकैप में भी तेजी देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 334.40 अंक या 0.55 प्रतिशत की तेजी के साथ 61,022.55 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 18.65 अंक या 0.10 प्रतिशत की मजबूती के साथ 19,185.05 पर था।

सेंसेक्स पैक में एसबीआई, ट्रेंट, एलएंडटी, एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, मारुति सुजुकी, एमएंडएम, टाइटन और इंटरग्लोब एविएशन गेनर्स थे। एचसीएल टेक, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा, आईटीसी, इन्फोसिस, एशियन पेंट्स, पावर ग्रिड, बजाज फिनसर्व, टीसीएस, भारती एयरटेल, बीईएल और सन फार्मा लूजर्स थे।

जानकारों ने कहा कि भारतीय शेयर बाजार में सकारात्मक रुझान के साथ सीमित दायरे में कारोबार हुआ। इसकी वजह हालिया तेजी के बाद बीच-बीच में मुनाफावसूली होना है। आईटी और मेटल शेयरों में कमजोरी का असर भी प्रमुख सूचकांकों पर पड़ा। एफआईआई की बढ़ती भागीदारी और उम्मीद से बेहतर कॉर्पोरेट नतीजों ने वित्त वर्ष 27 के कमाई के अनुमान में सुधार की उम्मीदों को मजबूत किया है, जिससे बाजार की धारणा को समर्थन मिला है।

कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से सोना 600 रुपये चढ़ा, चांदी स्थिर

दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने की कीमतों में मामूली सुधार हुआ। कच्चे तेल की कीमतों में कमजोरी और वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच सोना 600 रुपये बढ़कर 1,46,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,46,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

हालांकि, चांदी की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ और यह सभी करों सहित 1,92,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही। स्थानीय कारोबारियों ने यह जानकारी दी।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और अमेरिकी डॉलर में अपेक्षाकृत स्थिरता से घरेलू सर्राफा बाजार को समर्थन मिला, जिससे सोने की कीमतों में सुधार हुआ।

ब्रोकरेज फर्म लेमन के शोध प्रमुख गौरव गर्ग के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में हालिया गिरावट से दिवाली के त्योहारी मौसम में भौतिक सोने की खरीदारी को प्रोत्साहन मिला।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 29.69 डॉलर यानी करीब एक प्रतिशत बढ़कर 4,100 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी एक प्रतिशत से अधिक की तेजी के साथ 52.58 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।


रुपया पांच पैसे मजबूत होकर 93.93 प्रति डॉलर पर

रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले पांच पैसे मजबूत होकर 93.93 (अस्थायी) पर रहा। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, विदेशी पूंजी के बेहतर प्रवाह और पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीदों से निवेशकों की धारणा को समर्थन मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, विदेशी निवेश का लगातार प्रवाह, कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता और डॉलर में मामूली कमजोरी से रुपये को समर्थन मिला।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया करीब 93.85 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.69 के उच्च स्तर तक गया तथा 94.11 के निचले स्तर तक आया। अंत में रुपया 93.93 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले पांच पैसे की बढ़त है। रुपया शुक्रवार को 43 पैसे चढ़कर 93.98 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, ‘‘सरकारी बैंकों की ओर से बाजार अवकाश से पहले डॉलर की खरीदारी के कारण रुपये की पांच दिन की लगातार बढ़त का सिलसिला टूट गया। दिन के कारोबार में आई गिरावट से पहले सुबह डॉलर सूचकांक में नरमी, विदेशी संस्थागत निवेशकों का मजबूत प्रवाह और कच्चे तेल की कमजोर कीमतों से रुपये को समर्थन मिला था।’’

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए