शेयर बाजार में कोहराम! तेल की आग में झुलसा बाजार, खुलते ही सेंसेक्स 1900 अंक टूटा, निफ्टी भी धड़ाम
मिडिल ईस्ट तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के चलते भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। बाजार खुलते ही सेंसेक्स 1900 अंक टूटा और निफ्टी भी लुढ़क गया।

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिला है। बीते तीन दिनों की तेजी पर गुरुवार को ब्रेक लग गया और बाजार खुलते ही धड़ाम हो गया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का BSE सेंसेक्स पर 1900 अंकों से ज्यादा टूट गया, जबकि Nifty 50 भी 550 अंक से अधिक की गिरावट के साथ खुला।
ओपनिंग में ही बड़ा झटका
हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन सेंसेक्स अपने पिछले बंद 76,704 के मुकाबले गिरकर 74,750 पर खुला और शुरुआती मिनटों में ही 74,685 तक फिसल गया। वहीं निफ्टी भी 23,777 के स्तर से गिरकर 23,197 पर खुला। बाजार की शुरुआत से ही बिकवाली हावी रही, जिससे निवेशकों में घबराहट साफ नजर आई।
तेल की कीमतों में उछाल बना गिरावट की बड़ी वजह
मिडिल ईस्ट में जारी जंग अब ‘ऑयल वॉर’ का रूप लेती दिख रही है। खाड़ी देशों के तेल और गैस ठिकानों पर हमलों के बाद इंटरनेशनल मार्केट में कच्चा तेल की कीमत 113 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई। कतर के एलएनजी प्लांट पर हमले और काउंटर अटैक ने बाजार की चिंता को और बढ़ा दिया, जिसका सीधा असर शेयर बाजारों पर पड़ा।
एशियाई बाजारों में भी कोहराम
गिरावट का असर सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहा। जापान का निक्केई इंडेक्स 1500 अंक से ज्यादा टूट गया, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग 500 अंक से ज्यादा गिरा। साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स भी 1.50% से ज्यादा फिसला। विदेशी बाजारों में आई इस कमजोरी के संकेत पहले ही मिल चुके थे।
लार्जकैप शेयरों में बिकवाली, निवेशकों में डर
भारतीय बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान कई बड़े शेयर दबाव में नजर आए। एचडीएफसी बैंक, लार्सन एंड टूब्रो, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, कोटक महिंद्रा बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अदानी पोर्ट्स और इंडिगो जैसे दिग्गज शेयर 2% से 4.5% तक टूटते दिखे। इससे साफ है कि इंजीनियरों ने जोखिम से दूरी बनानी शुरू कर दी है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia