Gold Silver Price: सोना-चांदी खरीदने का सबसे अच्छा मौका! इस हफ्ते औंधे मुंह गिरे दाम, जानें क्या है रेट?

सोना और चांदी इस सप्ताह सस्ते हुए हैं। 24 कैरेट सोने का भाव 2,830 रुपये घटकर 1,44,970 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 10,609 रुपये गिरकर 2,31,973 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।

फोटोः IANS
i

सोने और चांदी में इस हफ्ते गिरावट देखने को मिली, जिससे सोना और चांदी क्रमशः 2,800 रुपए और 10,600 रुपए से अधिक सस्ते हो गए हैं। इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, 24 कैरेट सोने का दाम इस हफ्ते 2,830 रुपए कम होकर 1,44,970 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है, जबकि पहले यह 1,47,800 रुपए पर था।

22 कैरेट सोने की कीमत कम होकर 1,32,793 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो कि पहले 1,35,385 रुपए प्रति 10 ग्राम थी। 18 कैरेट सोने का दाम कम होकर 1,08,728 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो कि पहले 1,10,850 रुपए प्रति 10 ग्राम था।

सोना-चांदी का क्या है दाम?

इस हफ्ते सोने में सबसे न्यूनतम दाम 19 जून को शाम के सत्र में 1,44,361 रुपए प्रति 10 ग्राम देखा गया। वहीं, उच्चतम दाम 16 जून को सुबह के सत्र में 1,50,663 रुपए प्रति 10 ग्राम देखा गया। सोने के साथ चांदी की कीमत में भी गिरावट देखने को मिली है।

चांदी का दाम 10,609 रुपए कम होकर 2,31,973 रुपए प्रति किलो हो गया है, जो कि पहले 2,42,582 रुपए प्रति किलो था।

इस हफ्ते चांदी में उच्चतम दाम 15 जून को शाम के सत्र में 2,51,488 रुपए प्रति किलो देखा गया। वहीं, न्यूनतम दाम 19 जून को सुबह के सत्र में 2,30,982 रुपए प्रति किलो देखा गया।

एक्सपर्ट्स क्या कह रहे हैं?

आईबीजेए की ओर से दिन में दो बार सुबह और शाम के सत्र में सोने और चांदी की कीमतों को जारी किया जाता है। वैश्विक अस्थिरता के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने का दाम 4,170 डॉलर प्रति औंस और चांदी का दाम 64 डॉलर प्रति औंस के करीब आ गया है।

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सोने और चांदी में गिरावट की वजह फेड के चेयरमैन केविन वॉर्श की ओर से ब्याज दरों को बढ़ाने को लेकर की गई टिप्पणी है, जिसने बुलियन मार्केट में कमजोरी को बढ़ावा दिया है। इससे अलावा डॉलर के मजबूत होने से भी कीमती धातुओं की कीमतों पर असर हुआ है।

आमतौर पर जब भी ब्याज दरों में बढ़ोतरी देखी जाती है तो सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव देखा जाता है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए