Today Silver-Gold Rate: ऐतिहासिक गिरावट के बाद रॉकेट बनी सोने-चांदी की कीमतें, जानिए क्या है नया रेट?

बुधवार को भी सोना-चांदी की कीमतों में दमदार उछाल देखने को मिला। मंगलवार को जहां चांदी 2,68,015 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी, वहीं बुधवार को इसका भाव बढ़कर 2,84,094 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

बीते कुछ दिनों में सोना और चांदी के बाजार ने निवेशकों को हैरान कर दिया है। जहां हाल ही में दोनों कीमतों में ऐतिहासिक गिरावट देखने को मिली थी, वहीं अब तस्वीर पूरी तरह बदलती नजर आ रही है। चार दिन तक लगातार टूटने के बाद सोना और चांदी ने ऐसी जोरदार वापसी की है कि बाजार में फिर से तेजी की चर्चा शुरू हो गई है।

खास बात यह है कि इस तेजी को लेकर अंतरराष्ट्रीय एक्सपर्ट और बड़ी निवेश संस्थाएं भी पॉजिटिव संकेत दे रही हैं और आने वाले महीनों में नए रिकॉर्ड बनने की संभावना जता रही हैं।

29 जनवरी के शिखर से शुरू हुई थी गिरावट

29 जनवरी को सोना और चांदी अपने अपने ऐतिहासिक उच्च स्तर पर पहुंचे थे। इसी दिन चांदी की कीमत 4,20,048 रुपये प्रति किलो तक चली गई थी, जबकि सोना 1.93 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया था। लेकिन इस ऊंचाई के बाद अचानक मुनाफावसूली और बाजार में दबाव देखने को मिला।

इसके बाद लगातार चार कारोबारी दिनों तक सोने-चांदी में तेज गिरावट दर्ज की गई। चांदी लुढ़ककर करीब 2.25 लाख रुपये प्रति किलो के आसपास आ गई, जबकि सोना भी टूटकर करीब 1.37 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर तक फिसल गया।


चार दिन की गिरावट के बाद बदला ट्रेंड

चार दिन के इस भारी क्रैश के बाद बाजार में स्थिरता देखने को मिली और यहीं से ट्रेंड पलटता नजर आया। बीते दो दिनों में सोना और चांदी दोनों ने जबरदस्त तेजी पकड़ी।

इन दो दिनों के भीतर सोने की कीमत करीब 24,000 रुपये चढ़ गई, जबकि चांदी लगभग 60,000 रुपये तक महंगी हो चुकी है। इस तेजी ने साफ कर दिया कि बाजार में गिरावट के बाद खरीदारी लौट आई है।

बुधवार को भी जारी रही तूफानी तेजी

बुधवार को भी सोना-चांदी की कीमतों में दमदार उछाल देखने को मिला। मंगलवार को जहां चांदी 2,68,015 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी, वहीं बुधवार को इसका भाव बढ़कर 2,84,094 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया।

इसी तरह सोना भी मंगलवार के 1,53,809 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर से चढ़कर बुधवार को 1,60,755 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। यह साफ संकेत है कि निवेशकों का भरोसा एक बार फिर कीमती धातुओं पर लौट रहा है।


UBS ने क्यों बताया हालिया गिरावट को अस्थायी?

अंतरराष्ट्रीय निवेश बैंक UBS ने हाल की चार दिन की गिरावट को गंभीर जरूर माना है, लेकिन इसे सोने के तेजी वाले बाजार का अंत नहीं बताया है। UBS के मुताबिक, यह गिरावट पिछले 13 वर्षों में एक दिन में आने वाली बड़ी गिरावटों में से एक रही, लेकिन इससे लॉन्ग टर्म ट्रेंड पर असर नहीं पड़ा है।

UBS का कहना है कि स्पॉट गोल्ड हाल के निचले स्तर से लगभग 5 फीसदी तक रिकवर कर चुका है, जबकि चांदी में करीब 8 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है। बैंक ने साफ किया है कि रोजाना होने वाली तेज गिरावटें अपने आप में तेजी के बाजार को खत्म नहीं करतीं।

6,200 डॉलर तक जा सकता है सोना

UBS ने गोल्ड को लेकर अपना पॉजिटिव रुख बरकरार रखा है। रिपोर्ट के मुताबिक, 30 जनवरी तक इंटरनेशनल मार्केट में स्पॉट गोल्ड करीब 4,894 डॉलर प्रति औंस पर था, जबकि इससे पहले यह 5,000 डॉलर प्रति औंस का ऐतिहासिक स्तर भी पार कर चुका था।

UBS का अनुमान है कि आने वाले महीनों में सोना 6,200 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है, जो मौजूदा स्तर से करीब 27 फीसदी की बढ़त होगी। बैंक का मानना है कि जून या जुलाई तक यह स्तर देखने को मिल सकता है, यही वजह है कि गोल्ड को अभी भी ‘आकर्षक’ निवेश की श्रेणी में रखा गया है।


गिरावट खरीदारी का मौका

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के कमोडिटी रिसर्च हेड हरीश वी का कहना है कि हालिया गिरावट शॉर्ट टर्म कारणों से आई थी और इसका लॉन्ग टर्म ट्रेंड से सीधा संबंध नहीं है।

वहीं, ऑगमोंट की रिसर्च हेड रेनिशा चैनानी के मुताबिक, मजबूत तेजी के दौर में इस तरह की अस्थिरता सामान्य होती है। उन्होंने कहा कि लॉन्ग टर्म आउटलुक अब भी पॉजिटिव बना हुआ है और हाल की गिरावट को खरीदारी के अवसर के रूप में देखा जा सकता है।

आगे क्या संकेत दे रहा है बाजार?

विश्लेषकों का मानना है कि भले ही आने वाले दिनों में कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रहे, लेकिन फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं है जो सोने और चांदी की तेजी को खत्म करता दिखे। UBS ने भी स्पष्ट किया है कि जब तक केंद्रीय बैंक अपनी विश्वसनीयता के साथ नई मौद्रिक नीति की ओर नहीं बढ़ते, तब तक गोल्ड के तेजी वाले बाजार के खत्म होने की स्थिति नहीं बनती।

चार दिन के भारी क्रैश के बाद सोना और चांदी जिस रफ्तार से वापस लौटे हैं, उसने यह साफ कर दिया है कि निवेशकों की नजर अब फिर से रिकॉर्ड स्तरों पर टिकी हुई है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia