अर्थ जगत की 5 बड़ी खबरें: व्हाट्सएप लाया मैसेज गायब कर देने वाला टूल और इस वजह से आया सोना-चांदी में उछला
व्हाट्सएप ने गुरुवार को अपने अपने प्लेटफॉर्म पर बहुप्रतीक्षित डिसएपैरिंग मैसेजेस को लॉन्च कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के पक्ष में नतीजे आने की संभावना से सोने और चांदी के दाम में गुरुवार को तेजी लौटी।

सेंसेक्स 724 अंक चढ़ा, निफ्टी 12,120 पर बंद
अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के परिणाम घोषित होने से पहले मजबूत विदेशी संकेतों से गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार गुलजार रहा। सेंसेक्स बीते सत्र की क्लोजिंग से 724 अंकों की छलांग लगाकर 41,340 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 212 अंकों की तेजी के साथ 12,120.30 पर बंद हुआ। सेंसेक्स बीते सत्र से 724.02 अंकों यानी 1.78 फीसदी की तेजी के साथ 41,340.16 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी पिछले सत्र से 211.80 अंकों यानी 1.78 फीसदी की तेजी के साथ 12,057.40 पर ठहरा।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों पर आधारित प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स पिछले सत्र से 495.98 अंकों की उछाल के साथ 41,112.12 पर खुला और दिनभर के कारोबार के दौरान 41,370.91 तक उछला जबकि इसका निचला स्तर 41,030.17 रहा।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 शेयरों पर आधारित प्रमुख संवेदी सूचकांक निफ्टी भी बीते सत्र से 153.90 अंकों की तेजी के साथ 12,062.40 पर खुला और दिनभर के कारोबार के दौरान निफ्टी 12,131.10 तक उछला जबकि इसका निचला स्तर 12,027.60 रहा।
रिलायंस रिटेल में सऊदी अरब की पीआईएफ 9,555 करोड़ का निवेश करेगी
मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस रिटेल में निवेशकों का तांता लगा हुआ है। रिलायंस इंडस्ट्रीज की सहायक कंपनी रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (आरआरवीएल) में गुरूवार को पीआईएफ ने 2.04 प्रतिशत इक्विटी के लिए 9,555 करोड़ रू के निवेश की घोषणा की। सौदे में रिलायंस रिटेल की प्री-मनी इक्विटी को 4.587 लाख करोड़ रूपय आंका गया है। पिछले निवेशों की तुलना में प्री-मनी इक्विटी करीब 30 हजार करोड़ रुपए अधिक है। रिलायंस रिटेल में निवेश का सिलसिला 9 सितंबर को सिल्वर लेक से शुरू हुआ था, उसके बाद केकेआर, जनरल अंटलांटिक, मुबाडला, जीआईसी, टीपीजी और एडीआईए जैसे वैश्विक निवेश फंड इंवेस्टमेंट कर चुके हैं। पीआईएफ की डील को मिला कर अब तक 9 इनवेस्टमेंट के जरिए रिलायंस रिटेल में 10 फीसदी से अधिक की इक्विटी के लिए 47,265 हजार करोड़ से अधिक का निवेश हो चुका है।
व्हाट्सएप लाया मैसेज गायब कर देने वाला टूल, 7 दिन की होगी लिमिट
व्हाट्सएप ने गुरुवार को अपने एंड्रॉइड और आईओएस दोनों यूजर्स के लिए अपने प्लेटफॉर्म पर बहुप्रतीक्षित डिसएपैरिंग मैसेजेस को लॉन्च कर दिया है, जिसमें सात दिनों के अंदर ही सभी मैसेज अपने आप ही हट जाएंगे। वन-टू-वन कॉन्वर्सेशन में दोनों के पास ही इस फीचर को ऑन या ऑफ करने की सुविधा होगी, जबकि किसी ग्रुप में बात करने के दौरान एडमिन के पास इस नए फीचर की कमान होगी।
कंपनी ने अपने एक बयान में कहा, "हमारा मकसद व्हाट्सएप पर की गई बातचीत को यथासंभव व्यक्तिगत बनाए रखना है और इसी के चलते हम इस फीचर को पेश करने के लिए रोमांचित हैं।" फेसबुक के स्वामित्व वाली यह कंपनी सात दिन की सीमा के साथ इसकी शुरुआत करेगी, क्योंकि "इसमें मन में इस बात की शांति होगी कि आपस में हो रही बातचीत स्थायी नहीं है और आपस में हुई आखिरी बातचीत को याद रखने की भी एक वजह होगी।"
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के संभावित नतीजों से उछला सोना, चांदी भी उछली
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे अभी घोषित नहीं हुए हैं, लेकिन चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के पक्ष में नतीजे आने की संभावना से सोने और चांदी के दाम में गुरुवार को तेजी लौटी। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में आई तेजी से भारतीय वायदा बाजार में सोने का भाव एक फीसदी से ज्यादा चढ़ा जबकि चांदी दो फीसदी से ज्यादा उछली। कमोडिटी बाजार के जानकार बताते हैं कि अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के संभावित नतीजे के बाद कोरोना महामारी से निपटने के लिए बड़े राहत पैकेज की उम्मीदों से महंगी धातुओं में तेजी लौटी है।
केडिया एडवाइजरी के मैनेजिंग डायरेक्टर अजय केडिया ने कहा कि चुनाव से पहले कोविड-19 राहत पैकेज लाने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह हो नहीं पाया, लेकिन चुनाव के नतीजे आने के बाद जो भी नए राष्ट्रपति होंगे वह राहत पैकेज लाना चाहेंगे।
मारुति सुजुकी ईको की 40,453 इकाइयां वापस लेगी
देश की सबसे बड़ी ऑटोमाबाइल कंपनी मारुति सुजुकी ने गुरुवार को कहा कि वह स्वेच्छा से अपने बहुउद्देशीय व्हीकल ईको की कई इकाइयां वापस लेगी। इन इकाइयों का निर्माण 4 नवंबर, 2019 से 25 फरवरी, 2020 के बीच किया गया। कंपनी ने अब ईको की 40,453 इकाइयों को वापस बुलाया है, क्योंकि इनके हेडलैम्प में खराबी आ गई है।
सुजुकी ने गुरुवार को जारी एक बयान में कहा है, "कंपनी ईको की सभी 40,453 इकाइयों में हेडलैम्प से स्टैंडर्ड सिंबल गायब होने की जांच करेगी। जरूरत पड़ी तो मुफ्त में इनमें बदलाव लाकर ग्राहकों को सौंपा जाएगा।" इसमें आगे कहा गया, "इन सभी यूनिट्स के मालिकों को रिकॉल कैम्पेन के तहत मारुति सुजुकी के अधिकृत डीलरों द्वारा संपर्क किया जाएगा।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia