Gold-Silver Price Today: एक झटके में महंगा हुआ सोना-चांदी, खरीदने से पहले चेक करें नए रेट

अमेरिका-ईरान शांति समझौते के ऐलान के बाद MCX पर सोना और चांदी के दाम में जोरदार उछाल आया है। सोना 3,301 रुपये और चांदी 7,159 रुपये तक महंगी हुई है।

फोटोः सोशल मीडिया
i

अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर सहमति बनने के ऐलान का असर सिर्फ वैश्विक राजनीति और शेयर बाजारों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसका सीधा असर कमोडिटी बाजार पर भी देखने को मिला। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा समझौते की घोषणा के बाद मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना और चांदी दोनों की कीमतों में जोरदार उछाल दर्ज किया गया। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोने-चांदी ने शुरुआती कारोबार में ही बड़ी छलांग लगाई।

चांदी में 7,159 रुपये प्रति किलो की तेजी

एमसीएक्स पर 3 जुलाई एक्सपायरी वाली चांदी की वायदा कीमत 2,53,345 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई। शुक्रवार को यह 2,46,186 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। इस तरह एक ही झटके में चांदी की कीमत 7,159 रुपये प्रति किलो बढ़ गई।

हालांकि इस तेज उछाल के बावजूद चांदी अभी भी अपने रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे बनी हुई है। जनवरी में एमसीएक्स पर चांदी पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार पहुंची थी और उसने 4,57,328 रुपये प्रति किलोग्राम का ऑल टाइम हाई स्तर छुआ था। मौजूदा कीमत की तुलना में चांदी अब भी 2,11,142 रुपये प्रति किलो सस्ती है।


सोने की कीमत में 3,301 रुपये की छलांग

चांदी के साथ-साथ सोने में भी मजबूत तेजी देखने को मिली। एमसीएक्स पर 24 कैरेट सोने का वायदा भाव शुक्रवार को 1,50,528 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। सोमवार को कारोबार शुरू होते ही इसकी कीमत बढ़कर 1,53,829 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गई।

इस तरह 10 ग्राम सोने की कीमत में 3,301 रुपये का उछाल दर्ज किया गया। सोने की यह तेजी बाजार खुलते ही देखने को मिली, जिसने निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींचा।

रिकॉर्ड हाई से अब भी काफी नीचे हैं सोना-चांदी

एमसीएक्स पर 5 अगस्त एक्सपायरी वाले सोने ने भी जनवरी में ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया था। उस दौरान सोने की कीमत पहली बार 2 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंची थी और 2,04,275 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऑल टाइम हाई स्तर छुआ था।

इसके बाद सोने में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। हालिया तेजी के बावजूद 24 कैरेट सोना अभी भी अपने रिकॉर्ड स्तर से 53,847 रुपये प्रति 10 ग्राम नीचे कारोबार कर रहा है। इसी तरह चांदी भी अपने सर्वकालिक उच्च स्तर से काफी सस्ती बनी हुई है। अमेरिका-ईरान शांति समझौते के ऐलान के बाद आई इस तेजी ने एक बार फिर सोना और चांदी को निवेशकों के बीच चर्चा का विषय बना दिया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए