नोएडा: स्कूलों में 5 घंटे तक स्क्रीन टाइम से बढ़ी चिंता, इन चीजों के लिए करना होगा ब्लैकबोर्ड का इस्तेमाल
‘20-20-20’ नियम अपनाने का निर्देश दिया गया है, जिसके तहत विद्यार्थियों को प्रत्येक 20 मिनट तक स्क्रीन देखने के बाद 20 सेकंड तक कम से कम 20 फुट दूर स्थित किसी वस्तु को देखना चाहिए।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विद्यालयों को प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों का प्रतिदिन ‘स्क्रीन टाइम’ अधिकतम 30 मिनट और उच्च प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए यह 60 मिनट तक सीमित रखने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन ने कई विद्यालयों में बच्चों द्वारा प्रतिदिन चार से पांच घंटे तक स्मार्ट और डिजिटल बोर्ड का इस्तेमाल किए जाने की शिकायतें मिलने के बाद यह कदम उठाया है।
गौतमबुद्ध नगर प्रशासन ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि ये निर्देश जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों पर लागू होंगे और इनका अनुपालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी जिलाधिकारी और नोडल अधिकारियों को सौंपी गई है। प्रशासन ने बताया कि अभिभावक संघों ने शिकायत की थी कि पढ़ाई के लिए स्मार्ट और डिजिटल बोर्ड का लगातार इस्तेमाल किया जा रहा है। इन पर पाठ्यपुस्तकें दिखाने के साथ ही कक्षा कार्य और गृहकार्य भी कराया जा रहा है तथा सवाल-जवाब सत्रों के लिए भी इनका प्रयोग किया जाता है।
स्मार्ट बोर्ड का संतुलित इस्तेमाल जरूरी
बयान में कहा गया, ‘‘स्मार्ट और डिजिटल बोर्ड शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने के पूरक माध्यम हैं, लेकिन इनके लगातार और अनावश्यक इस्तेमाल से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, पढ़ाई, खेलकूद तथा अन्य गतिविधियों पर असर नहीं पड़ना चाहिए। प्रशासन ने कहा कि लंबे समय तक स्क्रीन देखने से विद्यार्थियों में आंखों पर दबाव, निकट दृष्टिदोष, सिरदर्द, एकाग्रता में कमी तथा अन्य शारीरिक एवं व्यवहार संबंधी समस्याओं की आशंका बढ़ सकती है।
दिशानिर्देशों में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों में स्मार्ट एवं डिजिटल बोर्ड का ‘‘सीमित, संतुलित और उद्देश्यपूर्ण इस्तेमाल’’ करने को कहा गया है। प्रशासन ने विद्यालयों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि प्राथमिक कक्षाओं में ‘स्क्रीन टाइम’ 30 मिनट और उच्च प्राथमिक कक्षाओं में यह 60 मिनट से अधिक न हो।
गतिविधियों के लिए ब्लैकबोर्ड के इस्तेमाल का सुझाव
विद्यालयों से कहा गया है कि स्मार्ट बोर्ड पर लगातार पाठ्यपुस्तकें दिखाने के बजाय इनका इस्तेमाल मुख्य रूप से ‘‘कठिन अवधारणाओं को समझाने तथा चित्र, वीडियो और आवश्यक शिक्षण सामग्री दिखाने’’ के लिए किया जाए। प्रशासन ने कहा कि लिखने, अभ्यास करने, सवाल-जवाब और विद्यार्थियों की भागीदारी वाली गतिविधियों के लिए ब्लैकबोर्ड, व्हाइटबोर्ड या ग्रीनबोर्ड का नियमित रूप से इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाए।
विद्यालयों को ‘‘स्क्रीन की चमक और कक्षा की रोशनी उचित स्तर पर रखने’’, विद्यार्थियों और स्क्रीन के बीच पर्याप्त दूरी सुनिश्चित करने तथा ‘‘लगभग 20 मिनट तक स्क्रीन के इस्तेमाल के बाद विराम देने’’ का भी निर्देश दिया गया है। विद्यालयों से ऑनलाइन कक्षाओं के दौरान सत्र की अवधि और बीच में दिए जाने वाले विराम के संबंध में राष्ट्रीय शैक्षणिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) के दिशानिर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
20-20-20 नियम अपनाने का निर्देश
इसके अलावा, ‘20-20-20’ नियम अपनाने का निर्देश दिया गया है, जिसके तहत विद्यार्थियों को प्रत्येक 20 मिनट तक स्क्रीन देखने के बाद 20 सेकंड तक कम से कम 20 फुट दूर स्थित किसी वस्तु को देखना चाहिए। विद्यालयों से गतिविधि आधारित शिक्षण, पढ़ने-लिखने, खेलकूद, सामूहिक गतिविधियों और शारीरिक व्यायाम को बढ़ावा देने के लिए भी कहा गया है। प्रशासन ने कहा कि यदि किसी विद्यार्थी की आंखों में जलन, सिरदर्द या धुंधला दिखाई देने जैसे लक्षण नजर आएं तो उसके अभिभावकों को तत्काल सूचित किया जाए और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह ली जाए। बयान के अनुसार, विद्यालयों को हर तीन महीने में विद्यार्थियों की आंखों की जांच कराने और इसकी रिपोर्ट अभिभावकों के साथ साझा करने के लिए भी कहा गया है।
स्कूल प्रबंधन समितियां भी करें निगरानी
स्कूल प्रबंधन समितियों को स्मार्ट एवं डिजिटल बोर्ड के संतुलित इस्तेमाल और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य संबंधी दिशानिर्देशों पर चर्चा करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन का उद्देश्य स्मार्ट और डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल को पूरी तरह बंद करना नहीं, बल्कि इसे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और पढ़ाई के बीच संतुलन के साथ लागू करना है।
विद्यालयों को यह सुनिश्चित करना होगा कि डिजिटल माध्यमों के अत्यधिक इस्तेमाल से बच्चों की आंखों, एकाग्रता और शारीरिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। साथ ही, पढ़ाई के दौरान पारंपरिक बोर्ड, लेखन-अभ्यास, खेलकूद और गतिविधि आधारित शिक्षण को भी पर्याप्त महत्व देने को कहा गया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
